क्राइम

शराब के पैसे से शुरू हुआ विवाद, मकान के बैनामे तक पहुंची बात और फिर...ईंट से मारकर भतीजे ने ताऊ को उतारा मौत के घाट

Shahjahanpur News: शाहजहांपुर में मकान के बैनामे को लेकर हुए विवाद ने खूनी रूप ले लिया, जहां एक भतीजे पर अपने सगे ताऊ की ईंट से वार कर हत्या करने का आरोप है। रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में हुई इस वारदात के बाद आरोपी अरविंद मौके से फरार हो गया, जबकि पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।

Image

शाहजहांपुर में खौफनाक वारदात

Photo : टाइम्स नाउ डिजिटल

Shahjahanpur News: उत्तर प्रदेश के शाहजहांपुर में रिश्तों को झकझोर देने वाली वारदात सामने आई है। रोजा थाना क्षेत्र के हथौड़ा बुजुर्ग गांव में एक भतीजे ने अपने सगे ताऊ की ईंट से हमला कर हत्या कर दी। मृतक की पहचान रामस्नेही के रूप में हुई है। वारदात के बाद आरोपी भतीजा अरविंद मौके से फरार हो गया।

सूचना मिलने पर पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है। जानकारी के मुताबिक, रामस्नेही हथौड़ा बुजुर्ग गांव स्थित अपने मकान में भतीजे अरविंद और उसके दो बच्चों के साथ रहते थे। अरविंद के पिता की काफी समय पहले मौत हो चुकी है, जबकि उसकी मां रिश्तेदारी में रहती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, अरविंद शराब का आदी है और लंबे समय से कोई काम नहीं करता था। बताया जा रहा है कि कई साल पहले उसकी पत्नी भी उसे छोड़कर चली गई थी।

शराब की लत, बच्चों के साथ भी मारपीट

परिजनों और स्थानीय लोगों के मुताबिक, शराब की लत के चलते अरविंद का व्यवहार अक्सर विवादित रहता था। आरोप है कि वह अपने बच्चों के साथ भी मारपीट करता था। रामस्नेही बच्चों की पिटाई का विरोध करते थे और उनका पक्ष लेते थे। इसी बात को लेकर दोनों के बीच पहले भी कई बार विवाद हो चुका था। कुछ समय पहले अरविंद ने मारपीट कर रामस्नेही को घर से निकाल दिया था, जिसके बाद वह गांव में ही किसी दूसरे व्यक्ति के मकान में रहने लगे थे।

रामस्नेही के सिर पर ईंट से किया जोरदार हमला

बताया जा रहा है कि जिस मकान को लेकर विवाद चल रहा था, वह रामस्नेही के नाम पर था। अरविंद काफी समय से अपने ताऊ पर मकान का बैनामा उसके नाम करने का दबाव बना रहा था। घटना वाले दिन भी दोनों के बीच इसी मुद्दे को लेकर विवाद हुआ। जानकारी के अनुसार, अरविंद ने पहले शराब पीने के लिए रामस्नेही से पैसे मांगे थे। रुपये देने से इनकार करने पर उसने मकान का बैनामा करने की मांग दोहराई। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। आरोप है कि गुस्से में अरविंद ने पास पड़ी ईंट उठा ली और रामस्नेही के सिर पर जोरदार प्रहार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण रामस्नेही की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात के बाद आरोपी वहां से फरार हो गया।

गिरफ्तारी के बाद होगी आगे कानूनी कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलते ही रोजा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने आसपास के लोगों और स्थानीय ग्रामीणों से पूछताछ कर घटना से जुड़ी जानकारी जुटाई है। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। एसपी सिटी देवेंद्र कुमार के मुताबिक, भतीजे द्वारा अपने सगे ताऊ की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए टीम गठित की गई है और उसे जल्द गिरफ्तार कर मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Nilesh DwivedI
निलेश द्विवेदीauthor

निलेश द्विवेदी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल की सिटी टीम में काम कर रहे हैं। वे शहरों से जुड़ी लोकल घटनाएं, क्राइम, राजनीति, इंफ्रास्ट्रक्चर और राज्यवार अपडेट्स पर लगातार काम करते हैं। निलेश महत्वपूर्ण विवरणों को चुनने और पाठकों की रुचि के हिसाब से कंटेंट को प्रभावी तरीके से पेश करने के लिए जाने जाते हैं। डिजिटल न्यूजरूम के रफ्तार भरे माहौल में वे हर खबर को सटीक एंगल, आसान भाषा और उपयोगी जानकारी के साथ पेश करने पर फोकस करते हैं और अबतक 2,000 से अधिक खबरें लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article