Agnipath protest: बिहार में आज बुलाया गया बंद, RJD ने किया समर्थन, अग्निपथ के खिलाफ जमकर प्रदर्शन

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 18, 2022, 12:06 AM IST

Bihar Protest: बिहार में अग्निपथ योजना के खिलाफ जमकर प्रदर्शन हो रहा है। शनिवार को एक दिन का बिहार बंद बुलाया गया है। विपक्षी दल RJD ने इस बंद का समर्थन किया है।

Agnipath protest: बिहार में आज बुलाया गया बंद, RJD ने किया समर्थन, अग्निपथ के खिलाफ जमकर प्रदर्शन

बिहार समेत देश के कई हिस्सों में अग्निपथ योजना के खिलाफ विरोध-प्रदर्शन हो रहे हैं। अब बिहार के छात्र संगठनों ने सेना में भर्ती के लिए लाई गई इस नई योजना के विरोध में 18 जून को 24 घंटे के राज्यव्यापी बंद का आह्वान किया है। विपक्षी राष्ट्रीय जनता दल (RJD) ने इस बंद का समर्थन किया है।

वामपंथी अखिल भारतीय छात्र संघ (AISA) के नेतृत्व वाले संगठनों ने उस योजना को तत्काल वापस लेने की मांग की है जिसके तहत सशस्त्र बलों में चार साल की अवधि के लिए भर्ती का प्रस्ताव किया गया है, इसके बाद बिना किसी पेंशन लाभ के कम से कम 75 प्रतिशत कर्मियों के लिए अनिवार्य सेवानिवृत्ति होगी। बंद के आह्वान को आरजेडी के समर्थन की घोषणा करते हुए बिहार इकाई के अध्यक्ष जगदानंद सिंह ने कहा कि अल्पकालिक भर्ती योजना देश के युवाओं के हितों के लिए हानिकारक है। 

उन्होंने अन्य वाम दलों के नेताओं की उपस्थिति में पार्टी कार्यालय में कहा कि हम उन लोगों का समर्थन करते हैं जो अग्निपथ भर्ती के विरोध में सड़कों पर प्रदर्शन कर रहे हैं। सशस्त्र बलों में नई अल्पकालिक भर्ती योजना देश के युवाओं के हित में नहीं है।  

इस बीच लोक जनशक्ति पार्टी (रामविलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने कहा कि वह पार्टी कार्यकर्ताओं के साथ शनिवार को राज्यपाल फागू चौहान से मिलेंगे और एक ज्ञापन सौंपकर योजना को वापस लेने की मांग करेंगे। शुक्रवार को पत्रकारों से बात करते हुए पासवान ने कहा कि अग्निपथ योजना से देश में बेरोजगारी बढ़ेगी। इससे युवाओं में असंतोष फैलेगा। पासवान ने गुरुवार को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह को पत्र लिखकर इसी तरह की चिंता जताई थी।

प्रदर्शन शुक्रवार को और तेज हो गया और प्रदर्शनकारियों ने उपमुख्यमंत्री रेणु देवी के घर पर हमला किया तथा रेलवे संपत्ति को नुकसान पहुंचाया। प्रदर्शनों के कारण कई जिलों में सामान्य जनजीवन प्रभावित हुआ। बेतिया से सटे मोतिहारी में भाजपा विधायक विनय बिहारी की कार पर पथराव किया गया। विधायक व उनके चालक को कोई चोट नहीं आई। वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। उग्र भीड़ ने लखीसराय, समस्तीपुर और दानापुर में चार ट्रेनों और बेतिया और रोहतास में एक-एक रेल इंजन में आग लगा दी। प्रदर्शनकारियों ने पटना के बाहरी इलाके दीदारगंज में एक टोल प्लाजा और नवादा में एक पुलिस जीप को भी आग के हवाले कर दिया।

End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!