MHA Seeks Punjab Report: केंद्रीय गृह मंत्रालय (MHA) के संज्ञान लेने के बाद पंजाब के गुरदासपुर जिले से एक बेहद दर्दनाक और झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। श्री हरगोबिंदपुर साहिब के माड़ी पन्नवां गांव में नशे के काले कारोबार का विरोध करने पर बेखौफ बदमाशों ने तीन लोगों पर कातिलाना हमला कर दिया। इस खूनी संघर्ष में बिक्रमजीत सिंह नाम के युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि उनके दो साथी निशान सिंह और गुरमुख सिंह गंभीर रूप से घायल हैं और अस्पताल में जिंदगी की जंग लड़ रहे हैं।
ग्रामीणों के मुताबिक, इस गांव में नशा तस्कर खुलेआम घूमते थे, जिससे महिलाओं और युवतियों का गलियों से निकलना तक दूभर हो गया था। जब स्थानीय लोगों ने इसका विरोध किया और तस्करों को वहां नशा बेचने से रोका, तो बात बढ़ गई। आरोप है कि पहले से घात लगाए बैठे 15 से अधिक बदमाशों ने लाठी-डंडों और तेजधार हथियारों से उन पर ताबड़तोड़ वार कर दिए। हमले में तीनों लोग लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़े।
टाइम्स नाउ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 'सुप्रीम कोर्ट कहेगा तो 10 बार मांगूंगा माफी', अदालत की फटकार पर क्यों झुके संजय राउत?
मानसा में परविंदर सिंह झोटा की हत्या का मामला अभी पूरी तरह शांत भी नहीं हुआ था कि इस नई घटना ने पंजाब में कानून-व्यवस्था और सुरक्षा पर एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। परिजनों और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया गया, जहां बिक्रमजीत सिंह ने दम तोड़ दिया। वहीं, निशान सिंह और गुरमुख सिंह की हालत अभी भी बेहद नाजुक बनी हुई है। इस घटना के बाद से पूरे इलाके में शोक और आक्रोश का माहौल है।
