देश

महुआ मोइत्रा को नादिया जिले जाने से एक दिन पहले प्रशासन को सूचना देना होगा- सर्किट हाउस विवाद में SC का निर्देश

Supreme Court News: तृणमूल सांसद महुआ मोइत्रा को सुप्रीम कोर्ट ने नादिया दौरे से एक दिन पहले प्रशासन को सूचित करने का निर्देश दिया, ताकि प्रोटोकॉल के तहत उनके रहने व सुरक्षा की व्यवस्था हो सके।

Image

महुआ मोइत्रा (फाइल फोटो- PTI)

Supreme Court News: सुप्रीम कोर्ट ने शुक्रवार को सर्किट हाउस विवाद में तृणमूल कांग्रेस (TMC) की सांसद महुआ मोइत्रा को निर्देश दिया है कि वे नादिया जिले के अपने प्रत्येक दौरे से कम से कम एक दिन पहले जिला प्रशासन को सूचित करें, ताकि अधिकारी प्रोटोकॉल के तहत उनके ठहराव और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर कर सकें।

यह आदेश प्रधान न्यायाधीश (CJI) सूर्यकांत और न्यायमूर्ति जॉयमाल्या बागची की पीठ ने महुआ मोइत्रा की एक याचिका पर सुनवाई करते हुए दिया। कृष्णानगर लोकसभा सीट से सांसद मोइत्रा ने नादिया जिला प्रशासन द्वारा 1 सितंबर को जारी उस परिपत्र (सर्कुलर) को चुनौती दी थी, जिसमें जनप्रतिनिधियों को अपने प्रस्तावित दौरों की जानकारी 3 से 4 दिन पहले देने का नियम बनाया गया था।

किसी को असुविधा न हो- कोर्ट

सुनवाई के दौरान पीठ ने तल्ख टिप्पणी करते हुए कहा कि ये ऐसे छोटे मुद्दे हैं जिन्हें अदालत तक नहीं लाया जाना चाहिए और इसके लिए सिर्फ एक व्यावहारिक मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) की आवश्यकता है। अदालत ने कहा, "हम चाहते हैं कि इस मामले को सुलझा लिया जाए और किसी को भी असुविधा न हो।"

राज्य सरकार ने खारिज किया महुआ का आरोप

पश्चिम बंगाल सरकार की ओर से पेश सॉलिसिटर जनरल तुषार मेहता ने अदालत को आश्वस्त किया कि 1 सितंबर का विवादित सर्कुलर लागू नहीं किया जाएगा। उन्होंने याचिका में लगाए गए आरोपों का खंडन करते हुए कहा कि किसी भी अधिकारी ने सांसद को सर्किट हाउस खाली करने के लिए नहीं कहा था और उन्हें तमाम सुविधाएं मुहैया कराई गई थीं।

मोइत्रा ने क्या कहा?

वहीं, मोइत्रा की तरफ से पेश वरिष्ठ अधिवक्ता गोपाल शंकरनारायणन ने तर्क दिया कि वह परिपत्र विशेष रूप से महुआ मोइत्रा को निशाना बनाने के लिए ही जारी किया गया था। उन्होंने कहा कि प्रोटोकॉल के अनुसार एक सांसद का दर्जा राज्य के मुख्य सचिव से ऊपर होता है।

क्या है मामला?

मोइत्रा ने आरोप लगाया था कि 14 अगस्त को उन्हें आवंटित सर्किट हाउस का कमरा खाली करने को कहा गया था। उन्होंने दावा किया था कि जब उन्होंने बाहर जाने से इनकार कर दिया, तो परिसर के बाहर भीड़ जमा हो गई जिसने 'जय श्री राम' के नारे लगाए। इस मामले को लेकर उन्होंने लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला को भी पत्र लिखकर हस्तक्षेप की मांग की थी।

Shishupal Kumar
शिशुपाल कुमारauthor

शिशुपाल कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क में कार्यरत एक अनुभवी पत्रकार हैं, जिन्हें 13 वर्षों का अनुभव हासिल है। राजनीतिक, अंतरराष्ट्रीय और क्राइम रिपोर्टिंग में गहरी रुचि और मजबूत पकड़ के साथ वे समाचारों की बारीकियों को समझने और उन्हें प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत करने के लिए जाने जाते हैं। शिशुपाल ने अपने करियर की शुरुआत एक इन्वेस्टिगेटिव जर्नलिस्ट के रूप में की, जहां उन्होंने प्रोडक्शन से लेकर ग्राउंड रिपोर्टिंग तक पत्रकारिता के कई महत्वपूर्ण पहलुओं में काम किया। फील्ड रिपोर्टिंग और डेस्क दोनों स्तरों पर उनकी दक्षता है। अब तक शिशुपाल कुमार 15,000 से अधिक खबरें प्रकाशित कर चुके हैं। वह ब्रेकिंग न्यूज, रियल-टाइम कवरेज, डेटा-आधारित विश्लेषण और एक्सप्लेनर लिखने में खास महारत रखते हैं। उनकी स्टोरीज तथ्यों की सटीकता और सहज भाषा की वजह से पाठकों पर मजबूत प्रभाव छोड़ती हैं।

और पढ़ें
End of Article