उत्तराखंड की कमान अब पुष्कर सिंह धामी के हाथ में, नए मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jul 4, 2021, 06:08 PM IST

Pushkar Singh Dhami: पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली । राज्यपाल बेबी रानी मौर्य ने उन्हें पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई।

उत्तराखंड की कमान अब पुष्कर सिंह धामी के हाथ में, नए मुख्यमंत्री के रूप में ली शपथ

नई दिल्ली: पुष्कर सिंह धामी ने उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण कर ली है। उन्होंने राजभवन में उत्तराखंड के 11वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ग्रहण की। 45 साल के धामी उत्तराखंड के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री हैं। धामी के अलावा 11 मंत्रियों ने भी शपथ ली। भाजपा विधायक सतपाल महाराज, हरक सिंह रावत, बंसीधर भगत, यशपाल आर्य, बिशन सिंह चुफल, सुबोध उनियाल, अरविंद पांडे, गणेश जोशी, धन सिंह रावत, रेखा आर्य और यतीश्वरानंद ने नए राज्य मंत्रिमंडल में मंत्रियों के रूप में शपथ ली। 

मंत्रिमंडल में सभी पुराने चेहरों को बरकरार रखा गया है और एकमात्र परिवर्तन यही किया गया है कि सभी को कैबिनेट मंत्री का दर्जा दिया गया है। धामी मंत्रिमंडल में कोई भी राज्य मंत्री नहीं है।

इससे पहले धामी ने पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत से भागीरथीपुरम में स्थित उनके आवास पर मुलाकात की। उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री त्रिवेंद्र सिंह रावत से भी डिफेंस कॉलोनी स्थित आवास पर मुलाकात की। 

उधमसिंह नगर जिले के खटीमा से दो बार के विधायक 45 वर्षीय पुष्कर सिंह धामी उत्तराखंड के अब तक के सबसे युवा मुख्यमंत्री होंगे। उन्होंने कई वर्षों तक आरएसएस की छात्र शाखा एबीवीपी में विभिन्न पदों पर काम किया है। उन्होंने दो कार्यकालों के लिए उत्तराखंड में भाजपा युवा विंग के अध्यक्ष के अध्यक्ष के रूप में भी कार्य किया है। अगले साल होने वाले विधानसभा चुनावों से पहले, भाजपा ने पुष्कर सिंह धामी को उत्तराखंड के नए मुख्यमंत्री के रूप में चुनकर युवा मतदाताओं को लुभाने और कुमाऊं क्षेत्र में अपना आधार मजबूत करने की कोशिश की है। 

धामी को राष्ट्रीय राजनीति में पूर्व मुख्यमंत्री भगत सिंह कोश्यारी और केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह के करीबी माना जाता है। उत्तराखंड भाजपा के एक सूत्र ने कहा कि धामी का कोश्यारी के साथ अच्छे संबंध हैं और उन्होंने पूर्व मुख्यमंत्री के विशेष कर्तव्य अधिकारी (ओएसडी) के रूप में कार्य किया है।

End of Article