प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, 'गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति होना चाहिए कांग्रेस अध्यक्ष'

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Aug 19, 2020, 10:54 AM IST

Priyanka Gandhi on Congress President: कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी अध्यक्ष पद को लेकर बड़ा बयान दिया है। प्रियंका का कहना है कि कांग्रेस अध्यक्ष पद पर गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति होना चाहिए।

प्रियंका गांधी का बड़ा बयान, 'गांधी परिवार से बाहर का व्यक्ति होना चाहिए कांग्रेस अध्यक्ष'
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : अध्यक्ष पद पर नियुक्ति को लेकर कांग्रेस में चल रहे वाद-विवाद के बीच पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने बड़ा बयान दिया है। प्रियंका का कहना है कि कांग्रेस पार्टी को गांधी परिवार से बाहर के व्यक्ति को चलाना चाहिए जैसा कि राहुल गांधी ने इस पद से अपने इस्तीफे के बाद इच्छा जताई है। प्रियंका ने कहा, 'राहुल का कहना है कि हम लोगों में से किसी को कांग्रेस का अध्यक्ष नहीं बनना चाहिए और मैं उनकी इस बात से पूरा इत्तेफाक रखती हूं। मेरा मानना है कि पार्टी को खुद अपना रास्ता बनाना चाहिए।' 

भाजपा से इसलिए पिछड़ गई कांग्रेस
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के खिलाफ जारी नजरिए की लड़ाई में पिछड़ जाने पर प्रियंका ने कहा कि 'नए मीडिया' को समझने में पार्टी ने कुछ देरी की और जब तक वह अपना नजरिया सामने रखती तब तक नुकसान हो चुका था। प्रियंका ने यह भी कहा कि अध्यक्ष पद पर गांधी परिवार से अलग किसी व्यक्ति की नियुक्ति अगर होती है तो वह उस 'नए बॉस' से मिलने वाले निर्देशों का पालन करेंगी। महासचिव ने कहा कि पार्टी उनसे यदि अंडमान निकोबार जाने के लिए भी कहती है तो वह इस निर्देश का पालन करेंगी।

एक किताब में प्रकाशित हुआ है प्रियंका का इंटरव्यू
प्रियंका के यह बयान एक इंटरव्यू का हिस्सा हैं। उनके इस इंटरव्यू को भारत के नए पीढ़ी के नेता पर प्रकाशित पुस्तक 'इंडिया टुमॉरो' में शामिल किया गया है। अपने पति रॉबर्ट वाड्रा पर भाजपा की तरफ से लगाए गए भ्रष्टाचार के आरोपों पर प्रियंका ने कहा, 'मैंने अपने बेटे और बेटी को इस मामले की जानकारी दी। पति पर आरोप लगने के बाद मैं अपने 13 साल के बेटे के पास गई और उसे प्रत्येक लेन-देन को दिखाया...मैंने इस बारे में अपनी बेटी को भी बताया। मैं अपने बच्चों से कुछ छिपाती नहीं।' कांग्रेस नेता ने कहा कि उनके पति से ईडी की लंबी पूछताछ और इस मामले पर टेलीविजन की बहसों ने उनके बच्चों पर असर डाला।

पति पर लगे भ्रष्टाचार के आरोपों से आहत हुए बच्चे
प्रियंका ने कहा, 'मेरा लड़का बोर्डिंग स्कूल में था और इन सब चीजों की वजह से उसने काफी दिक्कतों का सामना किया।' प्रियंका के मुताबिक 'वह देख रही हैं कि हमारे स्वतंत्रता सेनानियों ने देश को बनाने एवं जिस चीज के लिए लड़ाई लड़ी, वे चीजें नष्ट हो रही हैं।'
 

End of Article