महबूबा मुफ्ती का तंज अंबेडकर अगर जिंदा होते तो भाजपा उन्हें भी पाकिस्तान समर्थक करार दे चुकी होती

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 13, 2021, 09:56 PM IST

पीडीपी प्रमुख महबूबा मुफ्ती का बयान सोशल मीडिया पर एक ऑडियो चैट पर सिंह द्वारा कथित रूप से दिये गये बयान पर उनकी और कांग्रेस की हो रही आलोचना के बीच आया है।

महबूबा मुफ्ती का तंज अंबेडकर अगर जिंदा होते तो भाजपा उन्हें भी पाकिस्तान समर्थक करार दे चुकी होती

श्रीनगर: अनुच्छेद 370 पर टिप्पणी करने को लेकर कांग्रेस नेता दिग्विजय सिंह की आलोचना के बीच पीडीपी अध्यक्ष महबूबा मुफ्ती ने कहा कि आज अगर भारतीय संविधान के निर्माता बी आर अंबेडकर जीवित होते तो भाजपा ने उन्हें भी पाकिस्तान समर्थक करार दिया होता।महबूबा ने कहा कि अनुच्छेद 370 को अंबेडकर द्वारा तैयार किये गये संविधान से मान्यता मिली थी लेकिन केंद्र ने उसे तहस-नहस कर डाला।

गौरतलब है कि पूर्ववर्ती जम्मू कश्मीर राज्य को विशेष दर्जा देने वाले इस अनुच्छेद को अगस्त 2019 में केंद्र ने निष्प्रभावी बना दिया था।

सिंह ने कथित रूप से कहा था कि सत्ता में आने पर उनकी पार्टी अनुच्छेद 370 को निष्प्रभावी बनाये जाने एवं जम्मू कश्मीर को पूर्ण राज्य का दर्जा दिलाने पर 'पुनर्विचार' करेगी। इसपर भाजपा ने कहा कि सिंह की टिप्पणी पाकिस्तान के साथ कांग्रेस की 'मिलीभगत' के व्यापक पैटर्न का हिस्सा है।

जम्मू कश्मीर में कुछ समय तक सत्ता में भाजपा की साझेदार रही पीडीपी की मुखिया ने अपनी पूर्व सहयोगी पार्टी पर निशाना साधते हुए ट्वीट किया, 'भला हो भगवान का कि आज अंबेडकर जिंदा नहीं हैं, अन्यथा भाजपा द्वारा उन्हें भी पाकिस्तान समर्थक करार देकर बदनाम किया जाता।'

कांग्रेस के कद्दावर नेता का क्लब हाउस चैट लीक

क्लब हाउस चैट एक बार फिर चर्चा में है दरअसल इसके पीछे राजनीतिक वजह है। कांग्रेस के कद्दावर नेता का क्लब हाउस चैट लीक हो गया जिसमें पता चला कि उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस की सरकार आती है तो जम्मू -कश्मीर के लिए धारा 370 के दायरे में लाने पर पुनर्विचार करेगी। जब इस विषय पर विरोध हुआ तो उन्होंने कहा कि बीजेपी के लोगों को SHALL और Consider जैसे शब्दों के बारे में जानकारी नहीं है। इन सबके बीच क्लब हाउस चैट क्या है उसे समझना जरूरी है। 

End of Article