Corona Case: देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,32,788 नए केस, 3,207 की मौत

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Jun 2, 2021, 10:54 AM IST

केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही देश में महामारी के संक्रमण की संख्या बढ़कर 2,83,07,832 हो गई है। महामारी की शुरुआत के बाद अब तक इलाज से 2,61,79,085 लोगों को ठीक किया गया है।

Corona Case: देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,32,788 नए केस, 3,207 की मौत
Photo Credit: PTI

नई दिल्ली : देश में बीते 24 घंटे में कोरोना संक्रमण के 1,32,788 नए केस मिले हैं जबकि 3,207 लोगों की मौत हुई है। इस दौरान उपचार के बाद 2,31,456 लोगों को डिस्चार्ज किया गया है। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक इसके साथ ही देश में महामारी के संक्रमण की संख्या बढ़कर 2,83,07,832 हो गई है। महामारी की शुरुआत के बाद अब तक इलाज से 2,61,79,085 लोगों को ठीक किया गया है। कोरोना से अब तक देश में 3,35,102 लोगों की जान गई है। देश में एक्टिवट केस की संख्या 17,93,645 है। टीकाकरण अभियान के तहत अब तक 21,85,46,667 लोगों को टीके की खुराक दी जा चुकी है। 

कोरोना के नए मामलों में कमी आई
बीते कुछ दिनों में कोरोना के नए मामलों में कमी आई है। नए मामलों में कमी आने की मुख्य वजह ज्यादातर राज्यों में लागू लॉकडाउन को बताया जा रहा है। नए केस में कमी आने के बाद राज्यों ने प्रतिबंधों में ढील देना शुरू किया है। हालांकि, राज्य सरकारें ढील देने में बेहद सावधानी बरत रही हैं। गत मंगलवार को देश में 1,27,510 नए केस मिले। यह आकंड़ा करीब दो महीनों में सबसे कम है। 

रिकवरी रेट में हुआ सुधार
देश में महामारी से ठीक होने की दर (रिकवरी रेट) भी ठीक हुई है। रोजाना संक्रमण के जितने मामले सामने आ रहे हैं प्रतिदिन उससे ज्यादा लोग ठीक हो रहे हैं। केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय की रिपोर्ट के मुताबिक देश में रिकवरी रेट बढ़कर 92.09 फीसद हो गई है और अब तक संक्रमण से देश भर में 25,947,629 लोग ठीक हो चुके हैं। 

दिसंबर तक सभी को लगेगा टीका 
भारतीय चिकित्सा अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) का कहना है कि मंगलवार तक देश में कोविड-19 के 350,057,330 सैंपल्स की जांच हो चुकी है। इनमें से 2,019,773 सैंपल्स की जांच पिछले 24 घंटे में हुई  है। कोरोना संक्रमण पर रोक लगाने के लिए सरकारें ज्यादा से ज्यादा लोगों को टीका लगा रही है। केंद्र सरकार का कहना है कि उसका लक्ष्य दिसंबर 2021 के अंत तक सभी को वैक्सीन लगाने की है।   

End of Article