कांग्रेस चीफ की कुर्सी नहीं माने राहुल गांधी तो क्या करेंगे अशोक गहलोत? नामांकन के साथ आगे का यह है प्लान

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Sep 21, 2022, 09:22 AM IST

Congress President Election 2022: कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया के लिए 22 सितंबर, 2022 को अधिसूचना जारी की जाएगी, जबकि मतदान 17 अक्टूबर को होगा।

कांग्रेस चीफ की कुर्सी नहीं माने राहुल गांधी तो क्या करेंगे अशोक गहलोत? नामांकन के साथ आगे का यह है प्लान
Photo Credit: IANS

Congress President Election 2022: नेतृत्व, अस्तित्व और अंदरूनी कलह से जूझती कांग्रेस के नए चीफ के लिए राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत नामांकन कर सकते हैं। उन्होंने मंगलवार (20 सितंबर, 2022) को इस बात के संकेत दिए। हालांकि, वह इससे पहले पार्टी के पूर्व प्रमुख और सांसद राहुल गांधी से अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की अपील करेंगे। सीएम के अनुसार वह कोच्चि जाकर राहुल (फिलहाल भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे) को मनाएंगे और समझाएंगे कि पार्टी चीफ पद का चुनाव लड़ें। ये बातें उन्होंने कांग्रेस विधायक दल की बैठक के दौरान कहीं। 

खाद्य आपूर्ति मंत्री प्रताप सिंह खाचरियावास ने इस बारे में मीटिंग के बाद पत्रकारों को बताया, "सीएम ने कहा कि अगर वह पार्टी चीफ के लिए नामांकन भरेंगे तो विधायकों को नई दिल्ली पहुंचने को संदेश आएगा।" कबीना मंत्री आगे बोले- उन्होंने इस बाबत निर्देश दिए कि विस में कैसे क्‍या करना है?...सीएम दिल्‍ली जाएंगे और तीन दिन बाद वापस आएंगे...तो उन्‍होंने विधानसभा के बारे में पूरे निर्देश दिए।

मंत्री के मुताबिक, ‘‘मुख्‍यमंत्री खुद सीनियर नेता हैं। वह राष्‍ट्रीय अध्‍यक्ष के लिए नामांकन भरेंगे, नहीं भरेंगे या आगे क्‍या होगा...ये सारी बातें गहलोत, सोनिया गांधी, राहुल और कांग्रेस आलाकमान आपस में बैठकर तय करेगा।’’ आगे एक और सवाल के जवाब में उन्‍होंने कहा, ‘‘जब गहलोत खुद आगामी बजट की तैयारी कर रहे हैं, तो वह (राजस्‍थान छोड़कर) कहीं नहीं जा रहे हैं।’’ उन्‍होंने यह भी कहा कि बैठक में व‍िधानसभा के मौजूदा सत्र व बजट की तैयारियों को लेकर चर्चा हुई।

ध्यान देने वाली बात यह है कि मीटिंग ऐसे वक्त पर हुई जब राजस्थान सीएम बुधवार को दिल्‍ली पर रहेंगे। ऐसी अटकलें हैं कि वह कांग्रेस अध्‍यक्ष पद के लिए नामांकन दाखिल कर सकते हैं। वैसे, बैठक में इस बारे में कुछ स्‍पष्‍ट नहीं कहा गया।

कांग्रेस अध्यक्ष पद के चुनाव की प्रक्रिया के लिए 22 सितंबर, 2022 को अधिसूचना जारी की जाएगी, जबकि मतदान 17 अक्टूबर को होगा।पार्टी के शीर्ष पद के लिए मुख्य मुकाबला राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत और वरिष्ठ कांग्रेस नेता शशि थरूर के बीच होने की संभावना है।

पार्टी सूत्रों ने कहा कि अंतरिम कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने सोमवार को संकेत दिया था कि उन्हें कांग्रेस अध्यक्ष पद के लिए थरूर के चुनाव लड़ने से कोई आपत्ति नहीं है। गांधी के विदेश से लौटने के बाद थरूर और अन्य कांग्रेस नेताओं ने भेंट की थी। थरूर (पार्टी के जी-23 सदस्यों में से एक) ने कांग्रेस में व्यापक सुधारों की मांग की थी। (पीटीआई इनपुट्स के साथ) 

End of Article