प्रियंका पर बरसीं कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह, बोलीं- वह चाहती क्या हैं? उन्हें स्पष्ट करना चाहिए

  • Authored by: टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल
  • Updated Nov 20, 2021, 05:38 PM IST

तीन कृषि कानूनों को वापस लेने के बाद भी राजनीति जारी है। इस बीच कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह ने प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए उन पर कई सवाल दागे हैं।

प्रियंका पर बरसीं कांग्रेस की बागी विधायक अदिति सिंह, बोलीं- वह चाहती क्या हैं? उन्हें स्पष्ट करना चाहिए
Photo Credit: ANI

रायबरेली: तीन कृषि कानूनों को निरस्त करने के फैसले के बाद राजनीति भी तेज हो गई हैं। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने प्रधानमंत्री मोदी को पत्र लिखकर गृहराज्यमंत्री अजय मिश्रा को बर्खास्त करने की मांग की है। इस बीच प्रियंका गांधी पर उन्हीं की पार्टी की बागी विधायक अदिति सिंह ने हमला बोला है। अदिति सिंह ने कृषि बिलों को लेकर प्रियंका गांधी पर राजनीति करने का आरोप लगाया है।

वह किस पर करती हैं भरोसा

प्रियंका गांधी पर निशाना साधते हुए अदिति सिंह ने कहा, 'जहां तक लखीमपुर और अन्य मुद्दों की बात है तो प्रियंका गांधी ने हमेशा इसका राजनीतिकरण किया। लखमीपुर घटना की सीबीआई जांच चल रही है, सुप्रीम कोर्ट इस पर संज्ञान ले रहा है। अगर वह संस्थानों पर भरोसा नहीं करती है, तो मुझे समझ में नहीं आता कि वह किस पर भरोसा करती है?'

प्रियंका कर रही हैं राजनीति

इतना ही नहीं किसानों के मुद्दे को लेकर प्रियंका गांधी पर तीखा हमला करते हुए अदिति सिंह ने कहा, 'विधेयक लाए जाने पर प्रियंका गांधी को समस्या हुई थी। उन्हें एक समस्या है जब कानून (कृषि कानून) निरस्त कर दिए गए हैं। वह क्या चाहती है? उन्हें स्पष्ट रूप से कहना चाहिए। वह सिर्फ मामले का राजनीतिकरण कर रही हैं। अब उनके पास राजनीतिकरण के लिए मुद्दे नहीं हैं।' यह पहली बार नहीं है जब अदिति ने खुलकर कांग्रेस पर हमला किया हो, वह पहले भी प्रियंका गांधी पर निशाना साध चुकी हैं।

End of Article