देश

POK भारत का है और रहेगा, हम उसे लेकर रहेंगे... झांसी में गरजे अमित शाह; कर दिया ये बड़ा दावा

Amit Shah Slams Pakistan: अमित शाह ने दावा किया है कि पीओके भारत का है और रहेगा, हम उसे लेकर रहेंगे। उन्होंने कहा कि पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की, तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा। कांग्रेस पार्टी देश को तोड़ना चाहती है।

Image

पाकिस्तान पर बरसे अमित शाह।

Amit Shah on PoK: लोकसभा चुनाव के बीच एक बार फिर पाकिस्तान का मुद्दा गरमा गया है। जेष ते गृह मंत्री अमित शाह ने कहा है कि पीओके भारत का है और रहेगा, हम उसे लेकर रहेंगे। शनिवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह बुंदेलखंड के झांसी में एक जनसभा को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने पाकिस्तान को लेकर बड़ा बयान दिया।

हम एटम बम से नहीं डरते- अमित शाह

उन्होंने कहा, पाक अधिकृत कश्मीर (पीओके) भारत का है, रहेगा और हम उसे लेकर रहेंगे। कांग्रेस के नेता मणिशंकर अय्यर ने कहा है कि पाकिस्तान को सम्मान दो। उनके पास एटम बम है। उनसे पीओके मत मांगो। मैं कहना चाहता हूं कि ये नरेंद्र मोदी की सरकार है। हम एटम बम से नहीं डरते।

'तीसरी बार पीएम बनने जा रहे हैं मोदी'

उन्होंने कहा कि चुनाव के चार चरण समाप्त हो चुके हैं। 4 चरण में मोदी जी 270 सीटें लेकर ट्रिपल सेंचुरी की ओर आगे बढ़ गए हैं। राहुल बाबा के इंडी अलायंस का सूपड़ा साफ हो गया है। अब ये निश्चित हो गया कि मोदी जी तीसरी बार देश के प्रधानमंत्री बनने जा रहे हैं।

राहुल और अखिलेश को सुनाई खरी-खोटी

उन्होंने कहा, इस चुनाव में एक तरफ 12 लाख करोड़ का घपला करने वाली राहुल बाबा एंड कंपनी है। दूसरी ओर 10 साल काम करने वाले पीएम हैं। एक ओर चांदी के चम्मच लेकर पैदा होने वाले राहुल बाबा और अखिलेश हैं, दूसरी ओर चाय बेचने वाले हमारे पीएम मोदी हैं। एक ओर गोली चलाने वाली समाजवादी पार्टी है, दूसरी ओर राम मंदिर बनाने वाली भारतीय जनता पार्टी है।

चुनाव को लेकर क्या बोले अमित शाह?

अमित शाह ने कहा कि यह देश के विकास का चुनाव है। यह चुनाव देश को सुरक्षित करने का है। ये चुनाव हमारे धर्म और संस्कृति की रक्षा का चुनाव है। ये चुनाव भारत को महान बनाने का चुनाव है। ये चुनाव देश के गरीबों का कल्याण करने का चुनाव है। ये चुनाव बुंदेलखंड की प्यास बुझाने का चुनाव है। एक जमाने में बुंदेलखंड से बाहुबली पूरे देश में जाते थे। आप तीसरी बार नरेंद्र मोदी जी को प्रधानमंत्री बना दीजिए, हमारा बुंदेलखंड यहां से बाहुबली की जगह उद्योगपति पूरे देश में भेजने का काम करेगा।

'बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा...'

उन्होंने आगे कहा, मोदी जी के प्रधानमंत्री बनने के बाद, योगी जी मुख्यमंत्री बने और उत्तर प्रदेश के विकास की शुरुआत हुई। एक जमाना था जब यूपी में देशी कट्टे बनते थे। लेकिन मोदी जी ने बुंदेलखंड में डिफेंस कॉरिडोर बनाया, अब यहां तोप के गोले बनते हैं। अमित शाह ने कहा कि पाकिस्तान ने अगर कोई भी गलती की, तो ये बुंदेलखंडी गोला पाकिस्तान पर गिरेगा और उसका सफाया कर देगा। कांग्रेस पार्टी देश को तोड़ना चाहती है।

'कोई भी भारत को तोड़ नहीं सकता'

गृह मंत्री ने कहा कि उनके नेता कहते हैं कि दक्षिण भारत और उत्तर भारत, देश के 2 हिस्से कर दीजिए। मैं बताना चाहता हूं कि मोदी जी फिर से आने वाले हैं और मोदी जी के रहते कोई भी भारत को तोड़ नहीं सकता। उन्होंने कहा कि इस चुनाव में एक ओर 12 लाख करोड़ के घपले घोटाले करने वाला इंडी अलायंस है। दूसरी और मोदी जी हैं, जो 23 साल तक मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री पद पर हैं, लेकिन उन पर 25 पैसे का भी आरोप कोई नहीं लगा सकता।

(इनपुट- एजेंसी)

Ayush Sinha
आयुष सिन्हाauthor

मैं टाइम्स नाउ नवभारत (Timesnowhindi.com) से जुड़ा हुआ हूं। कलम और कागज से लगाव तो बचपन से ही था, जो धीरे-धीरे आदत और जरूरत बन गई। मुख्य धारा की पत्रकारिता से जुड़े हुए 10 साल पूरे हो चुके हैं। लोकसभा चुनाव 2014 से पहले ही मैंने पत्रकारिता की पढ़ाई के बीच में ही देश की राजधानी दिल्ली आने की ठान ली थी। उससे पहले मैंने कभी ये सोचा तक नहीं था कि मैं बनारस बोले तो वाराणसी शहर से बाहर भी जा सकता हूं। जी हां, मेरा नाता काशी से है। जन्म के साथ-साथ शिक्षा दीक्षा भी बनारस में ही हुई। राष्ट्रपिता मोहनदास करमचंद गांधी (बापू) द्वारा स्थापित किए गए विश्वविद्यालय- 'महात्मा गांधी काशी विद्यापीठ' से मैंने पत्रकारिता में स्नातक किया है। ग्रेजुएशन के दौरान ही विश्वविद्यालय के पत्रकारिता एवं जनसंचार विभाग के अध्यापकों ने बड़ी ही सख्ती से मेरी नक्काशी करने की कोशिश की। ग्रेजुएशन के आखिरी वर्ष आते-आते मैंने दिल्ली की ट्रेन पकड़ी और यहां पहुंच गया। आव देखा न ताव, दिल्ली NCR में बड़े-बड़े मीडिया समूहों के दफ्तरों के बाहर अपना बायोडेटा डाल कर प्रयास में जुट गया। काफी धैर्य के बाद ZEE मीडिया समूह से जुड़ने का मौका मिला। मेरे पत्रकारिता के सफर की शुरुआत टेलीविजन के इनपुट डिपार्टमेंट से हुई। यहां मैं असाइनमेंट डेस्क पर था। कुछ महीनों तक खुद को इस समूह के साथ जोड़े रखने के बाद वर्ष 2015 में मैंने प्रिंट मीडिया का रुख कर लिया और ALL RIGHTS नाम की मैगज़ीन के साथ जुड़ गया। बतौर विशेष संवाददाता (Special Correspondent) मेरे कंधों पर बड़ी जिम्मेदारी सौंपी गई थी। मैं उन दिनों देशभर के अलग-अलग लोकसभा क्षेत्र के सांसदों, केंद्रीय मंत्रियों और दिल्ली सरकार के विधायकों और मंत्रियों का साक्षात्कार करता था। मैगज़ीन के संपादकीय पृष्ठ के लिए मैं लेख भी लिखता था। राजनीतिक खबरों से लगाव होने के चलते मैंने इस बीट को ही अपना हमसाया बना लिया। मैगजीन के बाद फिर टेलीविजन का रुख किया और इसी साल दोबारा ज़ी मीडिया से जुड़ गया। यहां साढ़े 3 सालों तक काम करने के बाद मैंने डिजिटल मीडिया में कदम रखने की ठान ली। रिपब्लिक भारत की लॉन्चिंग से पहले मुझे इसकी वेबसाइट से जुड़ने का मौका मिला। रिपब्लिक से जुड़ने के साथ ही मैंने दिल्ली छोड़कर मुंबई का रुख कर लिया। समंदर किनारे बसे इस शहर में मैंने डिजिटल पत्रकारिता के गुर को सीखा। इस संस्थान में मुझे रिपोर्टर के तौर पर मौका दिया था। कुछ ही महीने बाद मैं वापस दिल्ली आ गया और मैंने न्यूज़ वर्ल्ड इंडिया में एसोसिएट प्रोड्यूसर और रिपोर्टर की भूमिका में काम किया। चंद महीने बाद ही ज़ी मीडिया समूह के डिजिटल प्लेटफॉर्म पर काम करने का अवसर मिला। ज़ी हिन्दुस्तान के लिए मैंने स्पेशल खबरों पर काम किया और इस समूह का पहला डिजिटल रिपोर्टर बन गया। इसके बाद मुझे वीडियो सेक्शन का हेड बना दिया गया। मैंने चुनावी कवरेज की, ग्राउंड रिपोर्टिंग की और साथ ही साथ वीडियो सेक्शन को नए शिखर पर पहुंचाने की कोशिश की। मैं कविताएं और किस्से-कहानियां भी लिखता रहता हूं। पढ़ाई के दौरान ही मैंने दो किताबें भी लिखी, एक नॉवेल और दूसरी पोएट्री बुक। पत्रकारिता में रहते हुए मैंने कई "स्टिंग ऑपरेशन" भी किए। मेरे सफर को और भी खूबसूरत बनाने के लिए टाइम्स समूह ने मुझे मौका दिया। मैं जुलाई, 2023 में इस संस्थान से जुड़ा और मुझे मेन डेस्क पर खबरों से दो-चार होते रहने की जिम्मेदारी सौंपी गई। राजनीतिक विश्लेषण के साथ विस्तार से खबरों को परोसता हूं और अपने पाठकों को कुछ नया देने का प्रयास करता हूं।

और पढ़ें
End of Article
Subscribe to our daily Newsletter!