Heavy Rainfall: असम, सिक्किम, अरुणाचल प्रदेश सहित लगभग पूरे नॉर्थईस्ट में जमकर बारिश हो रही है और कई राज्य ऐसे हैं, जहां की जनता त्राहिमाम कर रही है। अरुणाचल प्रदेश के केयी पान्योर जिले में बारिश के कारण आई अचानक बाढ़ के बाद जारी तलाशी और बचाव अभियान के बीच पड़ोसी पापुम पारे जिले में एक व्यक्ति का शव बरामद हुआ है। इसके साथ ही बाढ़ में मरने वालों की संख्या बढ़कर तीन हो गई है।
उन्होंने बताया कि अरुणाचल के कई अन्य हिस्सों में भी लगातार बारिश के कारण बाढ़ और भूस्खलन की रिपोर्ट दर्ज की गई है, जहां घर जलमग्न हो गए और बुनियादी ढांचे क्षतिग्रस्त हो गए।
बाढ़ के चलते 10 जिले प्रभावित
बाढ़ से प्रभावित जिलों में केई पन्योर, पापुम पारे, क्रा दादी, कुरुंग कुमे, लोअर सुबनसिरी, कामले, अपर सुबनसिरी, ईस्ट सियांग, लेपरदा और लोअर सियांग शामिल हैं।
भारी बारिश की संभावना
वहीं, दूसरी ओर भारत मौसम विज्ञान विभाग ने सोमवार सुबह तक अगले 24 घंटों के दौरान राज्य के कुछ हिस्सों में 200 मिलीमीटर से अधिक बारिश होने की संभावना जताई है। इसके मद्देनजर राज्य सरकार ने अलर्ट जारी कर लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।
सिक्किम में बहा पुल
इसके अलावा, उत्तरी सिक्किम के जोंगू में रातभर हुई भारी बारिश के चलते एक पुल बह गया, जिसकी वजह से सड़क संपर्क बाधित हो गया है। अधिकारियों ने रविवार को बताया कि शनिवार रात लगातार हुई बारिश के बाद फी खोला पर बना पुल बह गया, जिससे फिदांग से सांकलांग खंड पर आवाजाही प्रभावित हुई है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: 528 मीटर ऊंचाई, 108 मंजिलें... चर्चा में आई बीजिंग की गगनचुंबी इमारत 'चाइना जुन', जिससे टकराया विमान; जानें खासियत
मंगन के अनुमंडल अधिकारी (SDM) और स्थानीय पंचायत प्रतिनिधियों सहित वरिष्ठ अधिकारी नुकसान का आकलन करने के लिए मौके पर पहुंचे हैं। एक अधिकारी के अनुसार, घटना की विस्तृत जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि लगातार हो रही बारिश से दक्षिण सिक्किम के लिंगी इलाके के अपर काव खोला क्षेत्र में भी भारी नुकसान हुआ है।
सिक्किम में हुई भारी बारिश
मौसम विभाग के मुताबिक, रविवार सुबह साढ़े आठ बजे तक पिछले 24 घंटों में सिक्किम में एक से दो स्थानों पर भारी से बहुत भारी बारिश हुई, जबकि हिमालयी राज्य के अधिकांश हिस्सों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
