देश

अमित शाह ने IFFCO के नए सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट का किया उद्घाटन, बोले- अमूल मॉडल पर ओडिशा में डेयरी क्रांति की तैयारी

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने ओडिशा के पारादीप में इफको (IFFCO) के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (SAP-III) का उद्घाटन किया। इस दौरान उन्होंने राज्य में डेयरी क्षेत्र को मजबूत करने और हर गांव तक डेयरी सहकारी नेटवर्क विकसित करने की योजना पर जोर दिया। शाह ने कहा कि गुजरात के अमूल मॉडल की तरह ओडिशा में भी डेयरी सहकारी व्यवस्था को बढ़ाया जाएगा, जिससे खासकर महिलाओं, आदिवासी और ओबीसी समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सके।

Image

अमित शाह ने शुक्रवार को ओडिशा के पारादीप में इफको के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (SAP-III) का उद्घाटन किया।

Photo : Twitter

केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह (Amit Shah) ने शुक्रवार को ओडिशा के पारादीप में इफको (IFFCO) के सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट (SAP-III) का उद्घाटन किया।

इस मौके पर उन्होंने राज्य में डेयरी क्षेत्र के विस्तार की योजना पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि ओडिशा के हर गांव तक मजबूत डेयरी सहकारी नेटवर्क विकसित करने की दिशा में काम किया जाएगा। ओडिशा की जनता को संबोधित करते हुए अमित शाह ने कहा कि 'डबल इंजन' की सरकार राज्य में तेजी से विकास करेगी।

अमित शाह ने कहा कि इस पहल का उद्देश्य ग्रामीण आजीविका को मजबूत करना और विशेष रूप से आदिवासी और अन्य पिछड़ा वर्ग (ओबीसी) समुदायों की महिलाओं को आर्थिक रूप से सशक्त बनाना है।

'डेयरी सहकारी मॉडल को किया जाएगा मजबूत'

अमित शाह ने कहा कि गुजरात की तरह ओडिशा में भी डेयरी सहकारी मॉडल को मजबूत किया जाएगा, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी और खासकर महिलाओं, आदिवासी तथा ओबीसी समुदाय के लोगों को आर्थिक रूप से सशक्त बनाया जा सकेगा।

प्रतिदिन 2,000 मीट्रिक टन है प्लांट की उत्पादन क्षमता

इफको के पारादीप परिसर में बना यह नया सल्फ्यूरिक एसिड प्लांट देश के उर्वरक उत्पादन ढांचे को मजबूत करेगा। इसकी उत्पादन क्षमता करीब 2,000 मीट्रिक टन प्रतिदिन है और इस परियोजना की लागत लगभग 400 करोड़ रुपये बताई गई है। यह प्लांट फॉस्फोरिक एसिड निर्माण के लिए जरूरी कच्चे माल की घरेलू उपलब्धता बढ़ाने में मदद करेगा।

इस अवसर पर अमित शाह ने सहकारिता क्षेत्र से जुड़े कई विकासात्मक कार्यक्रमों और परियोजनाओं का भी जिक्र किया। सरकार का लक्ष्य सहकारी मॉडल को मजबूत करते हुए कृषि और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को नई गति देना है।

अमित शाह ने अमूल का किया जिक्र

अमित शाह ने कहा,"आज गुजरात में 36 लाख ग्रामीण महिलाओं के माध्यम से अमूल एक आंदोलन बन गया है और आज अमूल 13 लाख करोड़ रुपये का कारोबार कर रहा है। इसका एक-एक पैसा गुजरात की महिला पशुपालकों तक पहुंचता है। इसी प्रकार हम ओडिशा की आदिवासी और ओबीसी माताओं और बहनों को समृद्ध बनाने के लिए यहां की पूरी क्षमता का उपयोग करेंगे।"

उन्होंने आगे कहा कि केंद्र और राज्य सरकारें मिलकर राज्य के गांवों में डेयरी सहकारी समितियां स्थापित करने के लिए काम करेंगी। उन्होंने कहा, "आने वाले दिनों में सरकार ओडिशा के हर गांव में दुग्ध आपूर्ति पहुंचाने का कार्यक्रम शुरू करेंगी। ठीक उसी तरह जैसे गुजरात में किया जा रहा है।"

मछली पालन को भी मिलेगा बढ़ावा: अमित शाह

उन्होंने आगे कहा, “हम मछली पालन को सहकारी संस्थाओं के रूप में मजबूत बनाकर इसे बढ़ावा देंगे। इससे समुद्री खाद्य पदार्थों के निर्यात को काफी लाभ होने की संभावना है। आने वाले दिनों में भारत सरकार का सहकारिता मंत्रालय और ओडिशा सरकार मिलकर ओडिशा के ग्रामीण जीवन को समृद्ध बनाने के लिए प्रयास करेंगे। ”

Piyush Kumar
पीयूष कुमारauthor

पीयूष कुमार टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के न्यूज डेस्क पर Senior Copy Editor के रूप में कार्यरत हैं। देश-दुनिया की हलचल पर उनकी पैनी नजर रहती है और इन घटनाओं को सटीक, सरल और असरदार अंदाज में खबरों की भाषा देना उनकी सबसे बड़ी ताकत है। ब्रेकिंग न्यूज की रफ्तार हो या किसी जटिल मुद्दे को आसान बनाकर समझाने वाले एक्सप्लेनर—पीयूष दोनों में बराबर दक्षता रखते हैं। न्यूज जजमेंट, फैक्ट-बेस्ड राइटिंग और एंड-टू-एंड कॉपी प्रोडक्शन पर इनकी पकड़ मजबूत है और अबतक 4,000 से अधिक स्टोरी लिख चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article