देश

कर्नाटक: आतंकी कनेक्शन के मामले में एक शख्स गिरफ्तार, बंगाल का रहने वाला है मुमताज-उल-मलिक

Kalaburagi Terror Link: कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने बताया कि आतंकी संगठनों से कथित संबंध रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है। वहीं एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ जांच जारी है।

Image

कर्नाटक टेररिस्ट कनेक्शन (फोटो साभार- AI)

Kalaburagi Terror Link: कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियंक खरगे ने रविवार को कहा कि सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकी संगठनों से कथित संबंध रखने के आरोप में एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया है, जबकि एक अन्य व्यक्ति के खिलाफ जांच जारी है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की एजेंसियों और राज्य सरकार के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग के संयुक्त अभियान के बाद मूल रूप से कर्नाटक के बाहर के रहने वाले दो युवकों पर संदेह हुआ था।

संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के संपर्क में था युवक

खरगे ने संवाददाताओं से कहा, ''केंद्र सरकार और राज्य सरकार के आंतरिक सुरक्षा प्रभाग को सूचना मिली थी कि दो युवक सोशल मीडिया के माध्यम से आतंकवादियों के संपर्क स्थापित कर रहे हैं। इसके बाद संयुक्त अभियान में उन्हें हिरासत में लिया गया।'' उन्होंने कहा कि जांच के दौरान पता चला कि उनमें से एक संदिग्ध आतंकी नेटवर्क के लगातार संपर्क में था, जबकि दूसरा इस संबंध में किसी के संपर्क में नहीं था। मंत्री ने कहा, ''हमने एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया है और दूसरे के खिलाफ जांच जारी है।''

मुमताज-उल-मलिक नाम का शख्स गिरफ्तार

कलबुर्गी में ब्रह्मपुर थाने की पुलिस ने शनिवार देर रात मुमताज-उल-मलिक नामक व्यक्ति को हिरासत में लिया है। वह पिछले 2 साल से कलबुर्गी में रह रहा था और पश्चिम बंगाल का रहने वाला है। वह शहर के सराफ बाजार में ज्वेलरी बनाने का काम करता था। आरोप है कि वह पाकिस्तान स्थित लश्कर-ए-तैयबा से जुड़े सोशल मीडिया अकाउंट्स से जुड़ा था और संदेशों के जरिए संवेदनशील जानकारी साझा कर रहा था। इस संबंध में ब्रह्मपुर थाने में मामला दर्ज किया गया है।

पिछले दो महीनों में पांचवा मामला

खरगे ने कहा कि पिछले दो से तीन महीनों में इस तरह का यह पांचवां मामला है। इन मामलों में शामिल व्यक्ति उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और पश्चिम बंगाल के रहने वाले थे। उन्होंने कहा, ''हमने इस मामले को गंभीरता से लिया है। हम प्रवासी श्रमिकों की सोशल मीडिया गतिविधियों की जांच कर रहे हैं। हम भारत सरकार के साथ समन्वय करके कार्रवाई करेंगे।'' उन्होंने कहा कि त्योहार के बाद अलग-अलग व्यवसायों के मालिकों, ई-कॉमर्स प्रतिनिधियों और होमस्टे संचालकों के साथ बैठक कर एसओपी तय की जाएगी। बता दें कि अगस्त में भी कलबुर्गी पुलिस ने उत्तर प्रदेश के मोहम्मद समीर और सलमान को आतंकी गतिविधियों के संदेह में हिरासत में लिया था।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article