संगरूर। पंजाब के संगरूर जिले में रविवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में 9 मनरेगा मजदूरों की मौत हो गई।वहीं, कई अन्य गंभीर रूप से घायल बताए जा रहे हैं। ये हादसा लहरागागा-जाखल रोड पर तब हुआ, जब वहां सड़क निर्माण कार्य चल रहा था। तभी तेज रफ्तार कार ने वहां काम कर रहे मजदूरों को कुचल दिया। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, घटनास्थल पर करीब 23 से 25 महिला और पुरुष मजदूर काम कर रहे थे। लहरागागा पुलिस स्टेशन के एसएचओ इंस्पेक्टर जसकरण सिंह ने बताया कि इस हादसे में नौ लोगों की जान चली गई है।
हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। घायलों को अस्पताल पहुंचाया गया। मिली जानकारी के मुताबिक, पांच मृतकों के शव लहरागागा अस्पताल में रखे गए हैं, जबकि इलाज के दौरान कुछ अन्य मजदूरों की मौत होने की भी सूचना है। हालांकि, मृतकों की कुल संख्या और घायलों की स्थिति की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार है।
आरोपी कार चालक की हुई पहचान
संगरूर के एसपी पलविंदर चीमा ने बताया कि आरोपी का पता लगा लिया गया है और उसे जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा। शुरुआती जानकारी में कार चालक का नाम दर्शन सिंह बताया जा रहा है, जो रायधराना गांव का निवासी है। हादसे में इस्तेमाल कार शेवरले मैग्नम बताई गई है, जिसका रजिस्ट्रेशन नंबर PB11 CP 0080 है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।अलीशेर गांव के रहने वाले थे मजदूर
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, हादसे का शिकार हुए मजदूर लहरागागा के पास स्थित अलीशेर गांव के रहने वाले थे। मृतकों की पहचान कर्मजीत कौर, जीवन सिंह, निक्की, सरबजीत कौर, रणजीत कौर, कर्मजीत, रानी कौर और देश राज के नाम बताए गए हैं। हादसे में कई मजदूरों के गंभीर रूप से घायल होने की सूचना है। पुलिस हादसे के कारणों और कार चालक की भूमिका की जांच कर रही है।
संगरूर के सीनियर मेडिकल ऑफिसर डॉ. विनोद कुमार ने बताया कि दोपहर करीब 3:30 बजे ये घटना हुई। उन्होंने कहा कि आठ लोगों को अस्पताल लाया गया है। एक व्यक्ति को मृत अवस्था में लाया गया था। पांच लोगों की हालत स्थिर है और दो को दूसरे अस्पताल रेफर कर दिया गया है।
