देश

अजित पवार की मौत पर सवाल: जांच पूरी होने तक विमानन मंत्री नायडू को पद से हटाएं, रोहित पवार ने PM मोदी को लिखा लेटर

एनसीपी (एसपी) के महासचिव और विधायक रोहित पवार ने अपनी मांगों को लेकर पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है। साथ ही उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी गंभीर आरोप लगाए। रोहित पवार ने दावा किया कि उनकी ओर से की गई जांच में मामले में कई गंभीर खामियां मिली हैं।

Image

राम मोहन नायडू।

बारामती में हुए विमान हादसे में महाराष्ट्र के पूर्व सीएम अजित पवार की दुखद मौत मामले में एनसीपी एसपी नेता रोहित पवार ने उड्डयन मंत्रालय और विमानन मंत्री राम मोहन नायडू पर गंभीर आरोप लगाए हैं। साथ ही अजित पवार के भतीजे रोहित ने नायडू के इस्तीफे की मांग की है। इतना ही नहीं उन्होंने मामले की जांच में गृहमंत्री अमित शाह और पीएम मोदी से हस्तक्षेप की मांग की है।

राम मोहन नायडू को पद से हटाया जाए

एनसीपी (एसपी) के महासचिव और विधायक रोहित पवार ने अपनी मांगों को लेकर पीएम मोदी को एक पत्र लिखा है। साथ ही उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी गंभीर आरोप लगाए। रोहित पवार ने दावा किया कि उनकी ओर से की गई जांच में मामले में कई गंभीर खामियां मिली हैं। इस दौरान उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि जिस कंपनी का विमान दुर्घटनाग्रस्त हुआ था उस वीएसआर वेंचर्स प्राइवेट लिमिटेड को कई लोगों को संरक्षण प्राप्त है। रोहित पवार ने शनिवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को पत्र लिखकर मांग की कि नागरिक उड्डयन मंत्री के राम मोहन नायडू को 28 जनवरी को हुई विमान दुर्घटना की जांच पूरी होने तक केंद्र सरकार से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए।

अपने पत्र में,कर्जत-जामखेड के विधायक और दिवंगत नेता के भतीजे ने दावा किया कि दुर्घटनाग्रस्त लेयरजेट 45 विमान की मालिक कंपनी वीएसआर और राम मोहन नायडू के साथ उसके संबंधों को लेकर गंभीर सवाल उठ रहे हैं। उन्होंने लिखा कि इनकी जांच एक स्वतंत्र और सक्षम प्राधिकरण द्वारा की जानी चाहिए।

रोहित पवार ने और क्या लिखा?

पत्र में रोहित पवार ने लिखा, 'आप (प्रधानमंत्री) ने अजीत दादा और देश के प्रति उनके योगदान का हमेशा सम्मान दिखाया है। इस संदर्भ में,मैं अनुरोध करता हूं कि राम मोहन नायडू को जांच पूरी होने तक अपने पद से इस्तीफा देने के लिए कहा जाए। यह सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक है कि वीएसआर के संबंध में डीजीसीए के किसी भी प्रकार से प्रभावित होने की जांच में कोई प्रभाव या हस्तक्षेप न हो।'

रोहित पवार ने विमान दुर्घटना से संबंधित विभिन्न मुद्दों को उजागर करने के लिए कई प्रेस कॉन्फ्रेंस की हैं और इसमें किसी प्रकार की साजिश की आशंका जताई है। बता दें कि एनसीपी नेता अजीत पवार और चार अन्य लोग 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास हुए विमान दुर्घटना में मारे गए थे।

Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article