देश

नशा करके उड़ा रहा था फुकेत- दिल्ली फ्लाइट; अब एयर इंडिया ने पायलट को नौकरी से निकाला

एयर इंडिया ने शुक्रवार को जांच में मादक पदार्थ सेवन की पुष्टि होने पर फुकेत-दिल्ली उड़ान के मुख्य पायलट की सेवा समाप्त कर दी। यह कार्रवाई AAIB की फुकेत-दिल्ली उड़ान घटना पर प्रारंभिक रिपोर्ट जारी किए जाने के कुछ घंटे बाद की गई।

Image

एअर इंडिया ने की कार्रवाई।

Photo : iStock

एयर इंडिया ने फुकेत-दिल्ली फ्लाइट (A12379) के पायलट-इन-कमांड को तत्काल प्रभाव से नौकरी से निकाल दिया है। ये कार्रवाई तब की गई जब पायलट ड्रग टेस्ट में साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन के लिए पॉजिटिव पाया गया। विमानन कंपनी ने विस्तार से इस बारे में जानकारी दी है। बता दें कि फ्लाइट के मुख्य पायलट और सहायक पायलट का ड्रग टेस्ट तब कराया गया था, जब फुकेत-दिल्ली फ्लाइट अचानक से टर्बुलेंस का शिकार हुई थी और उसकी 300 फीट की ऊंचाई कम हो गई थी। चार अगस्त की इस घटना में कई यात्री घायल हो गए थे।

इस कार्रवाई के बारे में एयर इंडिया ने अपने बयान में कहा कि सुरक्षा, फिटनेस या नियामकीय नियमों के उल्लंघन को लेकर उसकी जीरो-टॉलरेंस नीति है। इसी के तहत पायलट के खिलाफ यह कार्रवाई की गई है।

क्या है पूरा मामला?

यह मामला 4 अगस्त की फुकेत-दिल्ली उड़ान से जुड़ा है। एयर इंडिया का यह विमान ए320 था और उड़ान के दौरान अचानक करीब 300 फीट नीचे चला गया था। घटना के दौरान विमान में सवार कई यात्रियों को चोटें आई थीं।

इस घटना के बाद विमानन दुर्घटना जांच ब्यूरो (AAIB) ने इसकी जांच की थी और अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट में चौंकाने वाले खुलासे किए थे। जांच रिपोर्ट में सामने आया था कि जब विमान करीब 36,000 फीट की ऊंचाई पर उड़ रहा था,उसी दौरान उसके तीनों हाइड्रोलिक सिस्टम ने लगभग एक साथ काम करना बंद कर दिया था। इसके चलते ऑटोपायलट डिस्कनेक्ट हो गया और कुछ समय के लिए स्टॉल चेतावनी भी सक्रिय हुई। इस घटना के कारण विमान की ऊंचाई में अचानक बदलाव आया और 24 यात्रियों को चोटें आईं। घटना के समय विमान में कुल 145 लोग सवार थे।

AAIB ने पायलट के ड्रग टेस्ट पर जताई थी चिंता

AAIB की प्रारंभिक रिपोर्ट में पायलट द्वारा साइकोएक्टिव पदार्थ के सेवन को गंभीर चिंता का विषय बताया गया था। रिपोर्ट के बाद जांच एजेंसी ने नागर विमानन नियामक DGCA से उचित कार्रवाई करने को कहा था। इसके कुछ ही घंटों बाद एयर इंडिया ने पायलट की सेवा समाप्त करने की घोषणा कर दी। फिलहाल इस घटना की जांच जारी है। विमान के हाइड्रोलिक सिस्टम में एक साथ आई खराबी और उड़ान के दौरान हुई अन्य परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
Shiv Shukla
शिव शुक्लाauthor

शिव शुक्ला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में कार्यरत एक अनुभवी न्यूज राइटर हैं। छह वर्षों के पेशेवर अनुभव के साथ वे डिजिटल पत्रकारिता में तेज, सटीक और प्रभावी कंटेंट तैयार करने के लिए पहचाने जाते हैं। वह राष्ट्रीय-अंतरराष्ट्रीय खबरों, राजनीतिक घटनाक्रमों और गहन विश्लेषण पर विशेष पकड़ रखते हैं। ब्रेकिंग न्यूज कवरेज, लाइव ब्लॉग, एक्सप्लेनर और एनालिसिस आर्टिकल तैयार करने में उन्हें विशेषज्ञता हासिल है। शिव शुक्ला 8,000 से अधिक न्यूज रिपोर्ट प्रकाशित कर चुके हैं। मजबूत न्यूज सेंस, विश्लेषण क्षमता और स्पष्ट लेखन शैली उनकी खासियत है। उन्हें नए स्थानों की यात्रा करना और किताबें पढ़ने का शौक है, जो उनकी लेखन शैली एवं दृष्टिकोण को और समृद्ध बनाता है।

और पढ़ें
End of Article