देश

'और कितनी मौतों के बाद जागेगा प्रशासन', IIT बॉम्बे में 6 महीने में तीसरी मौत पर अभिजीत दिपके का फूटा गुस्सा

IIT Bombay Protest: आईआईटी बॉम्बे में पिछले 6 महीनों में तीसरे छात्र की आत्महत्या के बाद संस्थान परिसर में देर रात जोरदार प्रदर्शन हुआ। परीक्षा के दौरान मोबाइल और चैटजीपीटी का इस्तेमाल करते पकड़े जाने के बाद ऊर्जा विज्ञान विभाग के एक दूसरे वर्ष के छात्र ने अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली

Image

IIT बॉम्बे कैंपस में आधी रात को हंगामा

Photo : ANI

IIT Bombay Protest: देश के सबसे प्रतिष्ठित संस्थानों में से एक, आईआईटी बॉम्बे (IIT Bombay) से एक बार फिर बेहद दुखद और चिंताजनक खबर सामने आई है। संस्थान में पिछले छह महीनों के भीतर किसी छात्र द्वारा आत्महत्या करने का यह तीसरा मामला है। इस ताज़ा घटना के बाद छात्रों का गुस्सा फूट पड़ा और उन्होंने पवाई स्थित कैंपस में देर रात जोरदार विरोध प्रदर्शन किया।

मृतक छात्र 'एनर्जी साइंस एंड इंजीनियरिंग' विभाग में दूसरे वर्ष की पढ़ाई कर रहा था। जानकारी के मुताबिक, शुक्रवार को परीक्षा के दौरान छात्र मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पकड़ा गया था। संस्थान का कहना है कि उसने परीक्षा में उत्तर पाने के लिए प्रश्नपत्र चैटजीपीटी (ChatGPT) पर अपलोड किया था। इसके बाद परीक्षा निरीक्षक और विभागाध्यक्ष ने छात्र से बातचीत की थी। प्रबंधन के अनुसार, उसे समझाया गया था और आश्वासन दिया गया था कि इस घटना का उसके करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा।

हालांकि, इस बातचीत के बाद छात्र अपने हॉस्टल के कमरे में चला गया, जहां बाद में उसका शव मिला। इस घटना के सामने आते ही कैंपस का माहौल तनावपूर्ण हो गया और मानसिक स्वास्थ्य सुधार की मांग को लेकर छात्र सडकों पर उतर आए। एएनआई के मुताबिक कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के संस्थापक अभिजीत दिपके ने सोशल मीडिया पर इस त्रासदी पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि यह संकट सिर्फ दूर-दराज के इलाकों तक सीमित नहीं है, बल्कि मुंबई जैसे आधुनिक शहर में भी छात्र अपनी जान गंवा रहे हैं।

उन्होंने तीखा सवाल पूछते हुए कहा, "छात्रों की जान की कीमत कब समझी जाएगी और कब उनकी सुरक्षा प्राथमिकता बनेगी?" घटना के बाद आईआईटी बॉम्बे प्रशासन ने गहरा शोक व्यक्त किया है। संस्थान का कहना है कि वे मृतक छात्र के दोस्तों, सहपाठियों और शिक्षकों को संबल देने की कोशिश कर रहे हैं। फिलहाल संबंधित अधिकारी और पुलिस मामले की गहन जांच में जुट गए हैं।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article