शहर

'झूठ बोल रहा हूं तो मंदिर में चलो', नीरज कुमार को अनंत सिंह की सीधी चुनौती, बोले- कोर्ट नहीं भगवान के सामने होगी बात

Anant Singh vs Neeraj Kumar: JDU विधायक अनंत सिंह ने MLC नीरज कुमार पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने नीरज कुमार पर खुद को फंसाने और विरोध करने का आरोप लगाया। साथ ही अनंत सिंह ने खुली चुनौती देते हुए कहा कि अगर वह गलत हैं तो मंदिर में भगवान के सामने बात करने को तैयार हैं।

Image

JDU MLA अनंत सिंह का बड़ा दावा

Photo : Times Now Digital

Anant Singh vs Neeraj Kumar: बिहार की राजनीति में जनता दल यूनाइटेड (JDU) के दो बड़े नेताओं के बीच की जुबानी जंग अब और तेज हो गई है। पार्टी के दबंग विधायक अनंत सिंह ने JDU के MLC नीरज कुमार (Neeraj Kumar)पर सीधा हमला बोलते हुए तीखे आरोप लगाए हैं। अनंत सिंह ने साफ लहजे में कहा कि वह पहली बार नीरज कुमार के बारे में बोल रहे हैं और अगर उनकी किसी भी बात में जरा भी झूठ है, तो वह कोर्ट जाने के बजाय किसी भी मंदिर में भगवान के सामने खड़े होकर बात करने को तैयार हैं।

अनंत सिंह (Anant Singh)ने बेहद गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि नीरज कुमार शुरुआत से ही उनके खिलाफ रहे हैं। उन्होंने दावा किया कि नीरज कुमार, आरपी सिंह को अपना गुरु मानते थे और उन्हीं के इशारे पर उन्हें चर्चित एके-47 (AK-47) मामले में फंसाने का काम किया गया था। इतना ही नहीं, अनंत सिंह का यह भी कहना है कि नीरज कुमार ने पुलिस के जरिए उनकी मुखबिरी करवाई ताकि उन्हें गिरफ्तार कराया जा सके।

JDU से कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं-अनंत सिंह

चुनावी गणित पर बात करते हुए अनंत सिंह ने याद दिलाया कि एक समय उन्होंने नीरज कुमार को चुनाव जिताने में अहम भूमिका निभाई थी। लेकिन इस बार स्थितियां अलग हैं। उन्होंने बताया कि इस चुनाव में उनके उम्मीदवार अनुज कुमार हैं। अनंत सिंह ने यह साफ कर दिया कि पार्टी (JDU) से उनका कोई व्यक्तिगत विरोध नहीं है, लेकिन अनुज कुमार चाहे जिस भी दल से चुनावी मैदान में उतरें, वह पूरी मजबूती से उनका समर्थन करेंगे।

विधायक अनंत सिंह ने किया दावा

विधायक अनंत सिंह ने यह भी दावा किया कि JDU के किसी बड़े नेता ने इस विवाद पर उनसे कुछ नहीं कहा है। उन्होंने नीरज कुमार से जुड़े तमाम सबूत और जानकारियां मोबाइल के जरिए पार्टी के वरिष्ठ नेताओं को दिखा दी हैं। अब देखना यह होगा कि दोनों नेताओं के बीच छिड़ी यह जंग पार्टी के अंदर क्या नया मोड़ लाती है।

monu jha
मोनू झाauthor

मोनू कुमार टाइम्स नाउ नवभारत की डिजिटल टीम में वायरल और ट्रेंडिंग डेस्क पर काम कर रहे हैं। न्यूजरूम में 4 साल से अधिक का अनुभव रखने वाले मोनू वायरल कंटेंट, ऑफबीट खबरों और सोशल मीडिया ट्रेंड्स को पहचानने में बेहद दक्ष हैं। यूनीक एंगल तलाशने और कहानियों को आकर्षक अंदाज में प्रस्तुत करने की उनकी क्षमता उन्हें डिजिटल कंटेंट स्पेस में अलग पहचान देती है। मोनू कुमार 4,000 से अधिक स्टोरीज लिख चुके हैं, जिनमें कई वायरल रिपोर्ट्स, ट्रेंड-बेस्ड अपडेट्स और सोशल मीडिया-फोकस्ड कंटेंट शामिल हैं।

और पढ़ें
End of Article