Arvind Kejriwal: दिल्ली के मुख्यमंत्री व आप संयोजक अरविंद केजरीवाल की गिरफ्तारी के खिलाफ आम आदमी पार्टी लगातार आंदोलनरत है। अब आप के आह्वान पर कार्यकर्ता आज सुबह 10 बजे से सामूहिक उपवास रखेंगे। इसकी शुरुआत दिल्ली के जंतर-मंतर से होगी और पंजाब में शहीद भगत सिंह के गांव खटखड़कलां में भी आप कार्यकर्ता उपवास कर गिरफ्तारी का विरोध जताएंगे। बता दें, आप ने देशव्यापी सामूहिक उपवास का आह्वान किया है। इसमें आप के विधायक, मंत्री, सांसद, पार्षद, पदाधिकारी व कार्ययकर्ता शामिल होंगे।
इसी तरह आम आदमी पार्टी ने उत्तर प्रदेश, हरियाणा, हिमाचल प्रदेश, तमिलनाडु, पश्चिम बंगाल, ओडिशा व अन्य प्रदेशों में कार्यकर्ताओं व पदाधिकारियों से सामूहिक उपवास के साथ केजरीवाल को आशीर्वाद की मांग की है। इसके अलावा विदेशों में भी आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता उपवास रखेंगे। आम आदमी पार्टी ने जनता से भी इस सामूहिक उपवास कार्यक्रम में हिस्सा लेने का आह्वान किया है।
तस्वीरें भेजने के लिए जारी किया गया व्हाट्सएप नंबर
आम आदमी पार्टी की ओर से इस अभियान को सफल बनाने के लिए एक व्हाट्सएप नंबर पर भी जारी किया गया है। आप नेता गोपाल राय ने बताया कि देश-दुनिया में जहां भी लोग केजरीवाल के समर्थन में उपवास कर रहे हैं, उनसे व्हाट्सएप नंबर 7290037700 पर अपनी-अपनी तस्वीरें भेजने को कहा गया है। इस तस्वीर में लोग अपना नाम, डिटेल, लोकेशन व कार्यक्रम स्थल का नाम जरूर डालें। पार्टी की ओर से कहा गया है कि यही केजरीवाल को उनका आशीर्वाद होगा।
अमेरिका, ब्रिटेन में भी उपवास रखेंगे कार्यकर्ता
गोपाल राय ने बताया कि देश के 25 राज्यों की राजधानी के साथ-साथ विदेशों में भी अरविंद केजरीवाल के समर्थन में सामूहिक उपवास होगा। इसमें अमेरिका के बोस्टन में हार्वर्ड स्क्वॉयर, लॉस एजेंलिस के हॉलीवुड साइन, सेन फ्रांसिस्को के लेक एलिजाबेथ, वॉशिंगटन डीसी के इंडियन एंबेंसी, टैक्सास के डलास में महात्मा गांधी मेमोरियल प्लाजा, न्यूयॉर्क के टाइम्स स्क्वायर, कनाडा के टोरंटों में ब्राम्पटन सिटी हॉल, मेलबर्न में फेडरेशन स्क्वायर, लंदन में पार्लियामेंट स्क्वायर में लोग सामूहिक उपवास रखेंगे।
