देश

मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर ट्रक ने 15 से 22 गाड़ियों को रौंदा, 20-22 लोग घायल, 5 की हालत गंभीर

सुबह करीब 6:30 बजे एक्सप्रेसवे पर एक टैंकर पलट गया था, जिसे पुलिस क्रेन की मदद से हटाने का काम कर रही थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने नागपुर से मुंबई की ओर जा रहे लगभग 40 से 50 वाहनों को सड़क पर रोक रखा था।

Image

मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे पर हादसा (AI Image)

Mumbai Nagpur Expressway: महाराष्ट्र के बुलढाणा जिले में समृद्धि महामार्ग (मुंबई-नागपुर एक्सप्रेसवे) पर मेहकर के पास एक तेज रफ्तार ट्रक ने सड़क पर खड़ी 15 से 22 गाड़ियों को जोरदार टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में 20 से 22 लोग घायल हो गए हैं, जिनमें से 5 से 6 लोगों की हालत गंभीर बताई जा रही है। यह हादसा आज दोपहर 1 बजे बुलढाणा जिले के मेहकर (दुसरबीड टोल प्लाजा क्षेत्र) के करीब मुंबई जाने वाले कॉरिडोर पर हुआ।

हादसे की वजह

सुबह करीब 6:30 बजे एक्सप्रेसवे पर एक टैंकर पलट गया था, जिसे पुलिस क्रेन की मदद से हटाने का काम कर रही थी। सुरक्षा के लिहाज से पुलिस ने नागपुर से मुंबई की ओर जा रहे लगभग 40 से 50 वाहनों को सड़क पर रोक रखा था। इसी दौरान पीछे से आ रहे एक तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने रुकी हुई गाड़ियों के काफिले को टक्कर मार दी, जिससे कई गाड़ियां आपस में टकरा गईं और बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गईं। स्थानीय लोगों और हाईवे पुलिस ने तुरंत बचाव अभियान चलाकर क्षतिग्रस्त वाहनों में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला।

घायलों का उपचार

सभी घायल यात्रियों को इलाज के लिए मेहकर के नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। हादसे के कारण मुंबई की ओर जाने वाले मार्ग पर कुछ समय के लिए यातायात पूरी तरह रुक गया था, जिसे पुलिस और प्रशासन की टीमों द्वारा क्षतिग्रस्त वाहनों को हटाकर सुचारू किया जा रहा है।

महाराष्ट्र के पूर्व मंत्री राजेश टोपे ने X पर एक पोस्ट में बताया कि जालना जाते समय उन्हें दुर्घटनास्थल दिखाई दिया और उन्होंने घायलों को बचाने में मदद की और उन्हें तुरंत अस्पताल पहुंचाया। उन्होंने कहा कि तेज रफ्तार कंटेनर ट्रक ने पहले हुई एक दुर्घटना के बाद रुके वाहनों को टक्कर मार दी। उन्होंने एक्सप्रेसवे पर बढ़ती दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की और कहा कि सरकार को तत्काल निवारक उपाय करने चाहिए।

Amit Mandal
अमित कुमार मंडलauthor

अमित मंडल टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में न्यूज डेस्क पर Assistant Editor के रूप में काम कर रहे हैं। प्रिंट, टीवी और डिजिटल—तीनों माध्यमों में कुल मिलाकर 15 सालों से अधिक का अनुभव उन्हें खबरों को देखने की व्यापक दृष्टि देता है। ब्रेकिंग न्यूज, लाइव ब्लॉग, स्पेशल स्टोरीज और एक्सप्लेनेर फॉर्मेट पर उनकी मजबूत पकड़ है। एंगल चुनने की कला, खबरों की गति को समझना और समय पर सही जानकारी पहुंचाना—ये उनकी सबसे बड़ी खूबियां हैं। अमित अपने करियर में करीब 20 हजार से अधिक न्यूज आर्टिकल, एनालिसिस और एक्सप्लेनर पब्लिश कर चुके हैं।

और पढ़ें
End of Article