देश

'शरद पवार गुट में वापसी करेंगे सुनेत्रा पवार गुट के 20-22 विधायक', संजय राउत के दावे ने मचाई सियासी हलचल

Sanjay Raut: राउत ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद NCP के विधायक "गुलाम" बनकर रह गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर ये विधायक अपने पुराने घर यानी शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP(SP) में लौटते हैं, तो इसे मर्जर नहीं कहा जाएगा।

Image

संजय राउत (फोटो साभार- PTI)

Sanjay Raut: महाराष्ट्र में राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के दोनों गुटों के मर्जर को लेकर चल रही चर्चाओं के बीच शिवसेना (UBT) सांसद संजय राउत ने बड़ा दावा किया है। राउत ने कहा कि सुनेत्रा पवार के नेतृत्व वाली NCP के 20 से 22 विधायक कभी भी पार्टी छोड़ सकते हैं। बुधवार को मुंबई में पत्रकारों से बात करते हुए उन्होंने कहा कि NCP विधायकों का शरद पवार से मिलना सिर्फ औपचारिक मुलाकात नहीं है, इसके पीछे कुछ बड़ा चल रहा है।

संजय राउत का बड़ा बयान

राउत ने कहा कि अजित पवार के निधन के बाद NCP के विधायक "गुलाम" बनकर रह गए हैं। उन्होंने दावा किया कि अगर ये विधायक अपने पुराने घर यानी शरद पवार के नेतृत्व वाली NCP(SP) में लौटते हैं, तो इसे मर्जर नहीं कहा जाएगा। उन्होंने यह भी कहा कि ये विधायक चुनाव से पहले किसी अन्य पार्टी में भी जा सकते हैं। मंगलवार को महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कहा था कि NCP का मर्जर बीजेपी से सलाह लिए बिना नहीं हो सकता। इस पर राउत ने कहा कि यह बात शरद पवार की पार्टी पर लागू नहीं होती। उन्होंने कहा कि शरद पवार की पार्टी स्वतंत्र फैसले लेने में सक्षम है और उसे किसी की अनुमति की जरूरत नहीं है।

सुनेत्रा पवार ने दी प्रतिक्रिया

वहीं, इस पूरे मामले पर डिप्टी सीएम सुनेत्रा पवार ने पहली बार प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने दोनों गुटों के एक साथ आने की अटकलों पर सीधे तौर पर कोई जवाब नहीं दिया, लेकिन इतना जरूर कहा कि वक्त आने पर सबको चीजें पता चल जाएंगी। उन्होंने मर्जर की संभावना से इनकार भी नहीं किया। उनके इस बयान के बाद महाराष्ट्र की राजनीति में अटकलें और तेज हो गई हैं। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि सुनेत्रा पवार का टालमटोल वाला बयान दोनों गुटों के बीच चल रही बातचीत की ओर इशारा कर रहा है।

इधर, गोकुल डेयरी चुनाव को लेकर भी राउत ने महायुति सरकार पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि कोल्हापुर की इस दूध सहकारी संस्था में जो हुआ, वह लोकतंत्र के लिए नुकसानदायक है। NCP नेता राजेश पाटिल, जो महायुति के उम्मीदवार थे, मंगलवार को गोकुल डेयरी के अध्यक्ष पद का विवादित चुनाव जीत गए। राज्य सरकार ने बोर्ड में वोटिंग अधिकार वाले चार अतिरिक्त निदेशकों को नामित किया था, जिसके बाद यह जीत हुई।राउत ने कहा कि इस पूरे मामले में महायुति के मंत्रियों ने निम्न स्तर का काम किया है और राजनीति में "सभी दिन एक जैसे नहीं होते"। उन्होंने कहा कि जीत कांग्रेस MLC सतेज पाटिल के पैनल से छीनी गई, जिसने पिछले महीने के चुनाव में बहुमत हासिल किया था। फडणवीस के इस बयान पर कि वह गोकुल डेयरी का समर्थन कर रहे हैं, किसी व्यक्ति का नहीं, राउत ने कहा कि ऐसा होता तो वह चार सरकारी नामित निदेशकों को नियुक्त करने के लिए कानून नहीं लाते।

Aditya Sahu
आदित्य साहूauthor

आदित्य साहू टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में स्पोर्ट्स और ट्रेडिंग कंटेंट लिखतें हैं। जर्नलिज्म में मास्टर्स की डिग्री हासिल करने के बाद वह पिछले 10 सालों से मीडिया में सक्रिय हैं। स्पोर्ट्स इवेंट की रियल टाइम कवरेज, डाटा टॉपिक्स और अनोखे कंटेंट आइडियाज को आकर्षक और एंगेजिंग तरीके से प्रस्तुत करना आदित्य की खासियत है। उनकी कॉपी राइटिंग और इंटरेस्टिंग हेडलाइन बनाने की क्षमता उन्हें डिजिटल दुनिया में अलग पहचान देती है। 15,000 से अधिक बायलाइन स्टोरी पब्लिश कर चुके आदित्य का लक्ष्य हर खबर को यूनिक एंगल और स्टोरीटेलिंग के रोचक अंदाज में पेश करना है।

और पढ़ें
End of Article