Times Now Navbharat
live-tv
Premium

शॉपिंग के साथ 'सिनेमा' और 'संगीत' का तड़का, जब 'ट्रेड फेयर' सिर्फ मेला नहीं, दिल्लीवालों का त्योहार हुआ करता था!

80-90 के दशक में पले-बढ़े दिल्लीवालों के लिए 'ट्रेड फेयर' एक मेला नहीं होता था बल्कि एक खुशियों वाला त्योहार था, एक ऐसा फेस्टिवल जिसका इंतजार लोग सालभर बेसब्री से करते थे, जानें उस दौर की सवर्णिंम यादें...

Image
दिल्ली ट्रेड फेयर का इतिहास बेहद समृद्ध रहा है
Authored by: रवि वैश्य
Updated Nov 13, 2026, 22:08 IST
Follow on Google News

दिल्ली में हर साल आयोजित होने वाले ट्रेड फेयर (Trade Fair) का जिक्र आते ही देश-दुनिया के प्रोडक्ट, हस्तशिल्प, कला-संस्कृति और खान-पान की तस्वीर जेहन में आती है। पर कई साल पहले इसका मिजाज कुछ अलग ही होता था। वो एक ऐसा दौर था जिसने उसे जिया है वो ही उसकी नफासत को समझ सकता है शॉपिंग के साथ-साथ सिनेमा, संगीत और कला का एक ऐसा संगम सजता था, जो आज की कॉर्पोरेट चकाचौंध में कहीं खो सा गया है।

इस साल नई दिल्ली के भारत मंडपम में आयोजित होने वाला यह ट्रेड फेयर 14 से 27 नवंबर तक चलेगा। इस वर्ष ट्रेड फेयर की थीम 'विकास और विरासत' रखी गई है।

ट्रेड फेयर की कहानी प्रगति मैदान से शुरू

प्रगति मैदान का उद्घाटन 3 नवंबर 1972 को तत्कालीन प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी ने किया था, एशिया 72 नाम के अंतरराष्ट्रीय व्यापार मेले के मौके पर। उस वक्त ये जगह 150 एकड़ से ज्यादा में फैली थी। मकसद था कि भारत को दुनिया के सामने एक आधुनिक, औद्योगिक देश के रूप में पेश करना। 1972 में विधिवत उद्घाटन से पहले भी इस मैदान पर 1953 में भारतीय रेलवे के 100 साल पूरे होने पर प्रदर्शनी और 1959 में वर्ल्ड एग्रीकल्चर फेयर जैसे बड़े आयोजन हो चुके थे। फिर 1976 में ट्रेड फेयर अथॉरिटी ऑफ इंडिया की स्थापना हुई और 1979-80 से इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर (IITF) की विधिवत शुरुआत हुई। तब से ये परंपरा बन गई हर साल 14 नवंबर से 27 नवंबर तक, प्रगति मैदान में ट्रेड फेयर। इसका आयोजन इंडिया ट्रेड प्रमोशन ऑर्गेनाइजेशन (ITPO) करता है, जो भारत सरकार की नोडल एजेंसी है।

जब ट्रेड फेयर दिल्ली का सबसे बड़ा त्योहार था

जब ट्रेड फेयर दिल्ली का सबसे बड़ा त्योहार था

प्रगति मैदान से भारत मंडपम तक का सफर

वक्त के साथ प्रगति मैदान पुराना होने लगा। 2006 में कॉमनवेल्थ गेम्स से पहले ही इसके पुनर्विकास की योजना बनी, और 2015 में इंटीग्रेटेड एक्जीबिशन-कम-कन्वेंशन सेंटर (IECC) की परिकल्पना की गई। पुराने हॉल तोड़े गए और उनकी जगह बना-भारत मंडपम जो अब प्रगति मैदान एक वर्ल्ड-क्लास, एयर-कंडीशंड, मॉडर्न कॉम्प्लेक्स बन गया है।

तब यह साल का सबसे बड़ा सांस्कृतिक त्योहार हुआ करता था

नवंबर की सर्द हवाएं, सुबह-सुबह इंडिया गेट या प्रगति मैदान के बाहर लंबी कतारें, हाथों में रंग-बिरंगे गुब्बारे, और जेब में कुछ रुपये रखकर खरीदारी की उम्मीद- ये वो तस्वीरें हैं जो 80 और 90 के दशक में पले-बढ़े हर दिल्लीवाले के जेहन में आज भी जिंदा हैं। आज भले ही प्रगति मैदान की परिभाषा बदल चुकी हो और उसकी जगह कांच और कंक्रीट का भव्य 'भारत मंडपम' खड़ा हो, लेकिन पुराने दिल्लीवालों के लिए 'इंडिया इंटरनेशनल ट्रेड फेयर' (IITF) सिर्फ एक ट्रेड शो नहीं, बल्कि साल का सबसे बड़ा सांस्कृतिक त्योहार हुआ करता था।

ट्रेड फेयर का मतलब था-पूरा हिंदुस्तान एक ही जगह

ट्रेड फेयर का मतलब था-पूरा हिंदुस्तान एक ही जगह

शाकुंतलम थिएटर-जहां खरीदारी के बाद सुस्ताने का ठिकाना थी फिल्में

आज के ट्रेड फेयर में लोग एसी हॉल्स में घूमते हैं, महंगे कैफे में कॉफी पीते हैं और थककर घर लौट जाते हैं। लेकिन उस दौर के प्रगति मैदान में एक ऐसा जादू था, जो आज नदारद है-'शाकुंतलम' सिनेमा हॉल। मेले की थकान जब पैर पसारने लगती थी, तो लोग बेहद मामूली और सस्ते टिकट पर 'शाकुंतलम' के अंधेरे हॉल में जाकर बैठ जाते थे। यह कोई आम कमर्शियल टॉकीज नहीं था, बल्कि समानांतर सिनेमा, डॉक्यूमेंट्री और बेहतरीन कला फिल्मों का अड्डा हुआ करता था। सुबह से शाम तक ट्रेड फेयर के भारी-भरकम भीड़भाड़ से ऊबकर छात्र, कला प्रेमी और परिवार के लोग इस हॉल में सुकून के कुछ पल तलाशते थे। एसी की ठंडी हवा और पर्दे पर चलती कोई संजीदा फिल्म-ट्रेड फेयर के दिनों में यह किसी लग्जरी से कम नहीं था।

सिनेमा और संगीत का तड़का

सिनेमा और संगीत का तड़का

'हंसध्वनि' की शामें जहां लोकगीतों और नृत्य से सजती थी 'महफिल'

दिनभर स्टॉल्स पर मोलभाव करने और कतारों में धक्के खाने के बाद, जैसे ही शाम ढलती और प्रगति मैदान की रंग-बिरंगी लाइटें जलतीं, असली जादू शुरू होता था 'हंसध्वनि' ओपन-एयर एम्फीथिएटर (खुले रंगमंच) में। हंसध्वनि की सीढ़ियों पर तिल रखने की जगह नहीं होती थी। देश के कोने-कोने से आए लोक कलाकार अपनी पारंपरिक वेशभूषा में मंच पर उतरते थे।ढोल-नगाड़ों की थाप और गिटार-बांसुरी की धुनों से पूरा प्रगति मैदान गूंज उठता था। वह शामें ऐसी होती थीं जहां पूरा 'भारत' सचमुच एक मंच पर सिमट आता था।असम का बिहू हो, राजस्थान का कालबेलिया, पंजाब का भांगड़ा या दक्षिण के शास्त्रीय नृत्य-बिना किसी अतिरिक्त टिकट के, हर कोई खुले आसमान के नीचे लोक संगीत और संस्कृति की इस बानगी का गवाह बनता था।

आज का 'भारत मंडपम' और वो पुरानी यादें

समय बदला, तकनीक बदली और देश की जरूरतें भी बदलीं। प्रगति मैदान का कायाकल्प हुआ और वहां जी-20 की बैठकों के लायक दुनिया का सबसे आधुनिक 'भारत मंडपम' बन गया। आज यहां एस्कलेटर, वाई-फाई, सेंट्रलाइज्ड एसी और हाई-टेक बिजनेस लाउंज हैं। व्यापारिक सौदे अब करोड़ों में होते हैं और चमक-दमक कई गुना बढ़ गई है।

आज का ट्रेड फेयर प्रोफेशनल और मॉडर्न

आज का ट्रेड फेयर प्रोफेशनल और मॉडर्न

ट्रेड फेयर आज भी सिर्फ एक मेला नहीं है वो यादों का सबसे बड़ा त्योहार

आज का ट्रेड फेयर बहुत प्रोफेशनल और मॉडर्न हो गया है, लेकिन 80 और 90 के दशक के दिल्लीवालों के दिलों में आज भी प्रगति मैदान का वह पुराना, मिट्टी से जुड़ा और सांस्कृतिक रंग में रंगा रूप ही 'असली ट्रेड फेयर' बनकर बसा हुआ है। शायद यही वजह है कि ट्रेड फेयर आज भी सिर्फ एक मेला नहीं है वो दिल्ली की यादों का सबसे बड़ा त्योहार है।

End of Article