Ahmedabad hit and run case: अहमदाबाद में हिट एंड रन के एक मामले में रेंज रोवर कार की टक्कर से रैपिडो बाइक पर सवार 35 वर्षीय यात्री की मौत हो गई, जबकि बाइक चालक घायल हो गया। पुलिस ने इस मामले में 35 वर्षीय राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया है। राघवेंद्र एक प्रमुख BJP नेता और विधायक का भतीजा बताया जा रहा है। वह रियल एस्टेट कारोबार से जुड़ा है। यह मामला अब पुलिस की कार्रवाई को लेकर भी सवालों के घेरे में है। आरोप है कि आरोपी का ब्लड सैंपल नहीं लिया गया और उसे मौके पर ही जमानत दे दी गई।
जानकारी के मुताबिक, राघवेंद्र गांधीनगर के कलोल में एक पार्टी में शामिल होने के बाद सुबह करीब 6:45 बजे लौट रहा था। बताया गया है कि वह पूरी रात पार्टी करने के बाद घर जा रहा था। इसी दौरान शिलज सर्कल के पास उसकी रेंज रोवर की रैपिडो बाइक से टक्कर हो गई। हादसे के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसे 12 नवंबर को गिरफ्तार किया।
रेंज रोवर की टक्कर से रैपिडो यात्री की मौत
बोपल पुलिस स्टेशन में दर्ज FIR के मुताबिक, मृतक की पहचान 35 वर्षीय हर्षद कुमार नरसिंहभाई पुरबिया के रूप में हुई है। वह 50 वर्षीय प्रदीप कुमार डडवाल की रैपिडो बाइक पर सवार था। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि उसने सुबह करीब 6:25 बजे शास्त्रीनगर से हर्षद को शिलज जाने के लिए बाइक पर बैठाया था। गुरुकृपा चार रास्ते के पास हर्षद ने उसे दाईं ओर मुड़ने के लिए कहा।
प्रदीप के मुताबिक, उसने बाइक की रफ्तार धीमी की और दाईं ओर मुड़ने लगा। बाइक सड़क का करीब तीन-चौथाई हिस्सा पार कर चुकी थी, तभी शिलज की ओर से आ रही एक रेंज रोवर ने उन्हें टक्कर मार दी। टक्कर के बाद दोनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। हर्षद के सिर, बाएं पैर और शरीर के अन्य हिस्सों में गंभीर चोटें आईं, जबकि प्रदीप को मामूली चोटें लगीं। दोनों को पहले सोला सिविल अस्पताल ले जाया गया। इसके बाद हर्षद को बेहतर इलाज के लिए थलतेज स्थित CIMS अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
FIR के मुताबिक, टक्कर मारने के बाद रेंज रोवर चालक मौके से फरार हो गया। प्रदीप ने पुलिस को बताया कि घटनास्थल पर मौजूद एक व्यक्ति ने उसे कार का रजिस्ट्रेशन नंबर GJ-27-EK-0600 एक पर्ची पर लिखकर दिया था। पुलिस ने बाद में कार की पहचान कर उसके चालक के रूप में राघवेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया।
ब्लड सैंपल को लेकर डिप्टी-एसपी और PI के बयान में अंतर
सानंद डिवीजन की डिप्टी-एसपी नीलम गोस्वामी ने बताया कि आरोपी को 12 नवंबर को गिरफ्तार किया गया था। उन्होंने कहा कि पुलिस की शुरुआती जांच में आरोपी के शराब के नशे में होने के संकेत नहीं मिले हैं। हालांकि, गोस्वामी ने यह भी स्पष्ट किया कि आरोपी का ब्लड सैंपल नहीं लिया गया था। उनके मुताबिक, आरोपी का मेडिकल परीक्षण कराया गया और उसका बयान भी दर्ज किया गया। दूसरी ओर, स्थानीय पुलिस इंस्पेक्टर ने कथित तौर पर बताया कि आरोपी का ब्लड सैंपल लिया गया था। इस तरह दोनों पुलिस अधिकारियों के बयानों में अंतर सामने आया है। आरोपी का अल्कोहल टेस्ट हुआ था या नहीं और उसकी रिपोर्ट क्या है, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट होना बाकी है।
BNS और मोटर व्हीकल एक्ट के तहत केस दर्ज
बोपल पुलिस स्टेशन में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 106(1), 281, 125(a) और 125(b) के साथ मोटर व्हीकल एक्ट की धारा 134(b), 177 और 184 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की ओर से रेंज रोवर जब्त करने की प्रक्रिया और फॉरेंसिक साइंस लैबोरेटरी (FSL) और रीजनल ट्रांसपोर्ट ऑफिस (RTO) की जांच जारी है। पुलिस के मुताबिक, जांच में सामने आने वाले सबूतों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
