BJP Mission 2027: बीजेपी ने 5 जून से 21 जून 2026 तक देशव्यापी अभियान का रोडमैप जारी किया है, जिसमें जनसंपर्क, जनकल्याण शिविर, योग दिवस और पर्यावरण संरक्षण जैसे कार्यक्रम शामिल हैं। 21 जून तक चलने वाले इस राष्ट्रव्यापी अभियान के जरिए बीजेपी सरकार की उपलब्धियों को जनता तक पहुंचाएगी और विकास, सुरक्षा व राष्ट्रवाद के एजेंडे को धार देने की कोशिश करेगी।
बीजेपी नेताओं, सांसदों, विधायकों और कार्यकर्ताओं को बूथ स्तर तक जनता के बीच पहुंचने की जिम्मेदारी दी गई है, ताकि मोदी सरकार के 12 साल की उपलब्धियों और जनकल्याणकारी योजनाओं को सीधे लोगों तक पहुंचाया जा सके। अभियान के दौरान प्रेस कॉन्फ्रेंस, जनसभाएं, प्रदर्शनी, बुद्धिजीवी सम्मेलन, प्राकृतिक खेती कार्यशालाएं और लाभार्थी संपर्क कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे।
देशभर में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी
साथ ही 21 जून को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर देशभर में बड़े स्तर पर योग कार्यक्रम आयोजित करने की भी तैयारी की गई है।
पर्यावरण संरक्षण को अभियान का अहम हिस्सा बनाते हुए वृक्षारोपण और जागरूकता कार्यक्रम भी चलाए जाएंगे। सूत्रों के मुताबिक प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस अभियान को लेकर वरिष्ठ मंत्रियों और संगठन के नेताओं के साथ अहम बैठक की है। केंद्रीय मंत्रियों से उनके मंत्रालयों का रिपोर्ट कार्ड भी मांगा गया है, ताकि सरकार के 12 साल का विस्तृत ब्यौरा जनता के सामने रखा जा सके।
'12 साल, 12 उपलब्धियां' से गढ़ा जाएगा नया नैरेटिव
बीजेपी इस अभियान के केंद्र में '12 साल, 12 उपलब्धियां' का संदेश रख रही है। पार्टी का दावा है कि पिछले एक दशक में भारत ने सुरक्षा, अर्थव्यवस्था, डिजिटल विकास और वैश्विक प्रभाव के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ है।
अभियान में जिन उपलब्धियों पर रहेगा फोकस-
* नक्सल हिंसा पर नियंत्रण
* आतंकवाद के खिलाफ सख्त नीति
* GST और आर्थिक सुधार
* आत्मनिर्भर भारत अभियान
* डिजिटल इंडिया
* गरीब कल्याण योजनाएं
* इंफ्रास्ट्रक्चर विस्तार
* अनुच्छेद 370 हटाना
* सांस्कृतिक पुनर्जागरण
* वैश्विक मंच पर भारत की मजबूत छवि
बीजेपी नेताओं का कहना है कि 'मोदी 3.0' का फोकस तेज आर्थिक विकास, आत्मनिर्भरता और निर्णायक नेतृत्व पर है।
बूथ से लेकर बड़े मंच तक…हर स्तर पर होगा संवाद
पार्टी की रणनीति है कि सांसद, विधायक, मंत्री और संगठन के पदाधिकारी बूथ स्तर तक जनता के बीच पहुंचें।देशभर में जनसभाएं, संवाद कार्यक्रम, प्रेस कॉन्फ्रेंस और सोशल मीडिया कैंपेन चलाए जाएंगे। बीजेपी इस अभियान के जरिए यह संदेश देने की कोशिश करेगी कि प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत विश्वशक्ति बनने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ रहा है।
विपक्ष का हमला-'उपलब्धियों की ब्रांडिंग, मुद्दों पर चुप्पी'
हालांकि विपक्ष इस पूरे अभियान को राजनीतिक ब्रांडिंग करार दे रहा है।इंडियन नेशनल कांग्रेस समेत कई विपक्षी दलों का आरोप है कि सरकार उपलब्धियों का प्रचार तो कर रही है, लेकिन महंगाई, बेरोजगारी और सामाजिक चुनौतियों जैसे मुद्दों पर जवाबदेही से बच रही है। विपक्ष का कहना है कि जनता सिर्फ नारों और दावों से नहीं, बल्कि जमीनी हकीकत के आधार पर फैसला करती है।
क्या '12 साल' के बहाने 2027 की बिसात बिछा रही बीजेपी?
राजनीतिक विश्लेषकों की नजर में यह अभियान केवल सरकार का रिपोर्ट कार्ड नहीं, बल्कि आने वाले चुनावों की रणनीतिक तैयारी भी है।बीजेपी विकास, राष्ट्रवाद और मजबूत नेतृत्व के नैरेटिव को और मजबूत करने की कोशिश में जुटी है। अब सबसे बड़ा सवाल यही है-क्या जनता इसे उपलब्धियों का संवाद मानेगी…या फिर 2027 के चुनावी अभियान की शुरुआती पटकथा?
