हेल्थ

World Hypertension Day: 18-30 साल के युवाओं में तेजी से बढ़ रहा है हाई BP, डॉक्टर से जानिए ब्लड प्रेशर बढ़ने के पीछे क्या हैं कारण

World Hypertension Day: आजकल 18-30 साल के युवाओं में हाई बीपी के मामले तेजी से क्यों बढ़ रहे हैं। आइए डॉक्टर से जानते हैं इसके पीछे की वजह और कैसे इस गंभीर समस्या से बचें।

Image

कम उम्र में ही लोगों क्यों हो रहे हाई ब्लड प्रेशर की समस्या का शिकार

World Hypertension Day: पहले हाई ब्लड प्रेशर यानी हाई BP को बढ़ती उम्र की बीमारी माना जाता था। लोगों को लगता था कि ये दिक्कत सिर्फ 50-60 साल की उम्र के बाद होती है। लेकिन अब हालात बदल रहे हैं। आजकल 18 से 30 साल के युवा भी हाई BP (High bp in youth) की चपेट में आ रहे हैं। देर रात तक जागना, घंटों मोबाइल चलाना, बाहर का तला-भुना खाना, तनाव और भागदौड़ भरी जिंदगी इसकी बड़ी वजह बन रही है।

सबसे बड़ी चिंता की बात ये है कि शुरुआत में हाई BP का पता आसानी से नहीं चलता। कई लोग बिल्कुल ठीक दिखते हैं, लेकिन अंदर ही अंदर उनका ब्लड प्रेशर बढ़ रहा होता है। बाद में यही परेशानी दिल, किडनी और शरीर की दूसरी बीमारियों का कारण बन सकती है। चलिए विश्व हाइपरटेंशन दिवस (World Hypertension Day) के मौके पर आज डॉक्टर से ही जानते हैं अगर युवा अभी से अपनी आदतों पर ध्यान दें, तो कैसे इस समस्या से काफी हद तक बचा जा सकता है।

युवाओं में क्यों बढ़ रहा है हाई BP

सीके बिरला हॉस्पिटल, दिल्ली के इंटरनल मेडिसिन एक्सपर्ट और कंसल्टेंट डॉ. अमित प्रकाश सिंह बताते हैं कि आज की खराब लाइफस्टाइल युवाओं की सेहत बिगाड़ रही है। कई लोग घंटों एक ही जगह बैठे रहते हैं। ऑफिस का काम हो या पढ़ाई, शरीर की एक्टिविटी बहुत कम हो गई है। ऊपर से तनाव अलग बढ़ गया है।

इसके साथ ही फास्ट फूड, पैकेट वाले स्नैक्स, ज्यादा नमक और बाहर का खाना भी शरीर पर असर डाल रहा है। कई युवा दिनभर चाय, कॉफी या एनर्जी ड्रिंक पीते रहते हैं। धीरे-धीरे ये आदतें ब्लड प्रेशर बढ़ाने लगती हैं।

मोबाइल और तनाव भी बन रहे वजह

आजकल ज्यादातर युवा देर रात तक फोन चलाते हैं। सोशल मीडिया, काम का दबाव और हर समय ऑनलाइन रहने की आदत दिमाग को आराम नहीं लेने देती। नींद पूरी नहीं होती और शरीर हमेशा थका रहता है।

रेनबो हॉस्पिटल, दिल्ली के जनरल पीडियाट्रिशियन (बालरोग विशेषज्ञ) डॉ. पवन कुमार के मुताबिक लगातार तनाव और चिंता भी हाई BP का बड़ा कारण बन रही है। कई बार लोग इसे छोटी बात समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन यही तनाव धीरे-धीरे शरीर को नुकसान पहुंचाता है।

हाई BP का पता जल्दी क्यों नहीं चलता

हाई BP की सबसे खतरनाक बात ये है कि शुरुआत में इसके खास लक्षण दिखाई नहीं देते। कई लोगों को सालों तक पता ही नहीं चलता कि उनका BP बढ़ा हुआ है। कुछ लोगों को सिर दर्द, चक्कर, थकान या बेचैनी महसूस हो सकती है, लेकिन हर बार ऐसा जरूरी नहीं होता। इसी वजह से डॉक्टर समय-समय पर BP चेक कराने की सलाह देते हैं। खासकर उन लोगों को जिनका वजन ज्यादा है या परिवार में पहले किसी को BP की दिक्कत रही हो।

कौन लोग ज्यादा खतरे में हैं

जो लोग ज्यादा जंक फूड खाते हैं, एक्सरसाइज नहीं करते, देर रात तक जागते हैं या धूम्रपान और शराब का सेवन करते हैं, उनमें हाई BP का खतरा ज्यादा हो सकता है। इसके अलावा मोटापा भी बड़ी वजह बन रहा है। आजकल कम उम्र में ही वजन तेजी से बढ़ रहा है, जिसका असर दिल और ब्लड प्रेशर पर पड़ता है। अगर घर में माता-पिता या परिवार के किसी सदस्य को हाई BP है, तो युवाओं को और ज्यादा सावधान रहने की जरूरत है।

कैसे करें बचाव

डॉक्टरों का कहना है कि रोजमर्रा की छोटी-छोटी आदतें बदलकर हाई BP से बचा जा सकता है। रोज कम से कम आधा घंटा टहलना या हल्की एक्सरसाइज करना फायदेमंद रहता है। बाहर का तला-भुना खाना कम करें और घर का सादा खाना ज्यादा खाएं। समय पर सोना, तनाव कम लेना और मोबाइल का इस्तेमाल थोड़ा कम करना भी जरूरी है। सबसे जरूरी बात, कभी-कभी BP जरूर चेक करवाएं। क्योंकि सही समय पर पता चल जाए तो इस परेशानी को आसानी से कंट्रोल किया जा सकता है।

Vineet
विनीत author

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विष... और देखें

End of Article