हेल्थ

Soft Belly vs Hard Belly: आपका पेट नरम है या पत्थर जैसा सख्त, जानिए कौन सी चर्बी चुपचाप बढ़ा रही है बीमारियों का खतरा

Soft Belly vs Hard Belly: पेट निकलना तो आजकल आम समस्या हो गई है। लेकिन क्या आपने कभी नोटिस किया है कि आपका पेट नर्म रहता है या टाइट? जानिए सॉफ्ट बेली और हार्ड बेली में क्या अंतर है, कौन सी पेट की चर्बी ज्यादा खतरनाक है..

Image

पेट की चर्बी नरम या सख्त, क्या ज्यादा रिस्की है

Soft Belly vs Hard Belly: आजकल पेट निकलना बहुत आम बात हो गई है। ऑफिस में घंटों बैठना, कम चलना-फिरना और गलत खानपान इसकी बड़ी वजह हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि हर निकला हुआ पेट एक जैसा नहीं होता? कुछ लोगों का पेट दबाने पर नरम लगता है, जबकि कुछ का पेट काफी सख्त महसूस होता है। देखने में भले दोनों एक जैसे लगें, लेकिन सेहत के मामले में दोनों के बीच बड़ा फर्क होता है।

हेल्थ इन्फ्लूएंसर और ISIC मल्टीस्पेशलिटी हॉस्पिटल के गैस्ट्रोएंटरोलॉजी विशेषज्ञ डॉ. शुभम वत्स्य के अनुसार, अगर पेट सख्त महसूस होता है तो यह शरीर के अंदर जमा ऐसी चर्बी का संकेत हो सकता है जो कई गंभीर बीमारियों की वजह बनती है। इसलिए सिर्फ पेट का आकार नहीं, बल्कि उसका प्रकार भी समझना जरूरी है।

नरम पेट हमेशा बड़ी परेशानी नहीं होता

डॉक्टर बताते हैं कि अगर पेट बाहर निकला हुआ (Belly Fat) है और उसे दबाने पर वह आसानी से दब जाता है, तो यह आमतौर पर त्वचा के नीचे जमा चर्बी होती है। यही वजह है कि यह मुलायम महसूस होती है। यह अतिरिक्त वजन का संकेत जरूर है, लेकिन अक्सर यह उतनी खतरनाक नहीं मानी जाती जितनी पेट के अंदर जमा होने वाली चर्बी।

सख्त पेट क्यों माना जाता है खतरे की घंटी

अगर पेट बाहर निकला हुआ है और छूने पर कड़ा या सख्त महसूस होता है, तो इसे नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक यह इस बात का संकेत हो सकता है कि शरीर के अंदर, पेट के आसपास और जरूरी अंगों के बीच चर्बी जमा हो रही है। यही चर्बी आगे चलकर कई स्वास्थ्य समस्याओं की वजह बन सकती है।

टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: सिकल सेल और एनीमिया में क्या फर्क है

यहीं से शुरू हो सकती हैं कई बीमारियां

पेट के अंदर जमा यह चर्बी शरीर के सामान्य कामकाज को प्रभावित कर सकती है। इसकी वजह से ब्लड शुगर बढ़ने का खतरा बढ़ सकता है, लिवर में चर्बी जमा हो सकती है, ब्लड प्रेशर बढ़ सकता है और दिल से जुड़ी बीमारियों का जोखिम भी बढ़ सकता है। यही कारण है कि डॉक्टर इसे सबसे ज्यादा चिंता वाली चर्बी मानते हैं।

सिर्फ वजन देखना काफी नहीं

बहुत से लोग सोचते हैं कि अगर उनका वजन ज्यादा नहीं है तो वे पूरी तरह स्वस्थ हैं। लेकिन ऐसा जरूरी नहीं है। कई बार शरीर का वजन सामान्य होने के बावजूद पेट के अंदर खतरनाक चर्बी जमा हो सकती है। इसलिए सिर्फ वजन मशीन या BMI पर भरोसा करना सही नहीं है।

पेट की चर्बी कम करने के लिए क्या करें

डॉक्टर के अनुसार, इस तरह की चर्बी को कम करने के लिए रोजाना शरीर को एक्टिव रखना जरूरी है। दिनभर थोड़ा-बहुत चलना, सीढ़ियों का इस्तेमाल करना और नियमित रूप से व्यायाम करना फायदेमंद हो सकता है। इसके अलावा खाने में प्रोटीन वाली चीजें शामिल करें और भरपूर नींद लें। अच्छी नींद, संतुलित भोजन और रोजाना की गतिविधियां मिलकर पेट की खतरनाक चर्बी को कम करने में मदद कर सकती हैं।

यह भी रखें ध्यान

अगर आपका पेट नरम है तो घबराने की जरूरत नहीं, लेकिन अगर पेट सख्त महसूस होता है तो इसे चेतावनी की तरह लेना चाहिए। यह शरीर के अंदर जमा ऐसी चर्बी का संकेत हो सकता है जो धीरे-धीरे कई बीमारियों का खतरा बढ़ाती है। इसलिए सिर्फ पेट के आकार पर नहीं, बल्कि उसकी प्रकृति पर भी ध्यान दें और समय रहते अपनी जीवनशैली में जरूरी बदलाव करें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article