हेल्थ

पीरियड्स में नहीं होगा दर्द, फॉलो करें डॉ. हंसाजी का ये 6 स्टेप फॉर्मूला, जानें अदरक-दालचीनी ड्रिंक बनाने का तरीका

पीरियड्स के दौरान होने वाली ऐंठन और दर्द से राहत पाने के लिए डॉ. हंसा जी योगेंद्र ने छह आसान उपाय बताए हैं। जानिए उनका रिलीफ फॉर्मूला और अदरक-दालचीनी से बनी गर्म हर्बल ड्रिंक की सरल रेसिपी।

Image

How to cure period pain, period ka dard kaise kam kare

पीरियड्स हर महिला के जीवन का एक सामान्य हिस्सा हैं, लेकिन हर महीने होने वाला पेट दर्द, ऐंठन, थकान और बेचैनी कई बार रोजमर्रा के कामों को मुश्किल बना देते हैं। कुछ महिलाओं के लिए यह परेशानी इतनी बढ़ जाती है कि उन्हें आराम करने के लिए काम तक छोड़ना पड़ता है। ऐसे में दर्द को हर महीने सहना या इसे सामान्य समझकर नजरअंदाज करना सही तरीका नहीं है। जरूरत है शरीर की जरूरतों को समझने और उन छोटी-छोटी आदतों को अपनाने की, जो इस दौरान आराम देने में मदद कर सकती हैं।

    योग और प्राकृतिक जीवनशैली के जरिए सेहत के प्रति जागरूकता फैलाने वाली डॉ. हंसा जी योगेंद्र ने पीरियड्स के दर्द से निपटने के लिए एक आसान छह स्टेप फॉर्मूला साझा किया है। इसमें हीट, मूवमेंट, ब्रीथ, न्यूट्रिशन, रेस्ट और अवेयरनेस को शामिल किया गया है। खास बात यह है कि इस तरीके में किसी मुश्किल रूटीन की जरूरत नहीं है। इसके साथ उन्होंने अदरक और दालचीनी से तैयार होने वाली एक गर्म ड्रिंक का तरीका भी बताया है। आइए जानते हैं कि पीरियड्स के मुश्किल दिनों में ये उपाय किस तरह मददगार हो सकते हैं।

    पीरियड पेन से राहत के लिए 6 स्टेप फॉर्मूला

    डॉ. हंसा जी के अनुसार, पीरियड्स के दौरान शरीर को आराम, सही देखभाल और संतुलन की जरूरत होती है। इसके लिए इन छह बातों का ध्यान रखें।

    1. हीट (Heat): गर्म सिकाई करें

    पेट के निचले हिस्से में गर्म पानी की थैली या हीटिंग पैड से सिकाई करें। गर्माहट मांसपेशियों को आराम देने और ऐंठन कम करने में मदद कर सकती है।

    2. मूवमेंट (Movement): हल्की एक्सरसाइज करें

    दर्द होने पर पूरे दिन बिस्तर पर पड़े रहने के बजाय अपनी क्षमता के अनुसार हल्की स्ट्रेचिंग, वॉक या योग करें। शरीर पर दबाव डालने वाले व्यायाम से बचें।

    3. ब्रीथ (Breath): गहरी सांस लें

    कुछ मिनट शांत बैठकर गहरी सांस लेने और प्राणायाम का अभ्यास करने से तनाव कम करने और मन को शांत रखने में मदद मिल सकती है।

    4. न्यूट्रिशन (Nourishment): खानपान का रखें ध्यान

    पीरियड्स के दौरान संतुलित भोजन करें। हरी सब्जियां, फल, दालें और पर्याप्त पानी अपनी डाइट में शामिल करें। भोजन छोड़ने से बचें।

    5. रेस्ट (Rest): शरीर को दें आराम

    पर्याप्त नींद लें और जरूरत पड़ने पर काम के बीच ब्रेक लें। इस दौरान खुद को जरूरत से ज्यादा थकाने से बचना जरूरी है।

    6. अवेयरनेस (Awareness): शरीर के संकेत समझें

    अपने पीरियड्स के पैटर्न, दर्द की तीव्रता और अन्य लक्षणों पर ध्यान दें। अगर हर महीने दर्द बढ़ रहा है, तो इसे नजरअंदाज न करें।

    अदरक-दालचीनी की गर्म ड्रिंक

    डॉ. हंसा जी ने एक आसान अदरक-दालचीनी ड्रिंक भी साझा की है, जिसे घर पर आसानी से बनाया जा सकता है।

    सामग्री:

    1 कप पानी

    आधा छोटा चम्मच कसा हुआ ताजा अदरक

    एक चुटकी दालचीनी पाउडर

    बनाने का तरीका:

    सबसे पहले एक पैन में एक कप पानी डालें। इसमें कसा हुआ अदरक और चुटकी भर दालचीनी पाउडर मिलाएं। इसे 5 से 7 मिनट तक उबलने दें। इसके बाद गैस बंद करके ड्रिंक को छान लें। इसे हल्का गुनगुना होने पर धीरे-धीरे पिएं। इस ड्रिंक की गर्माहट आरामदायक महसूस हो सकती है। अदरक में मौजूद प्राकृतिक तत्वों में सूजन कम करने वाले गुणों पर भी अध्ययन हुआ है। हालांकि, यह ड्रिंक पीरियड्स के दर्द का पक्का इलाज नहीं है और हर व्यक्ति पर इसका असर अलग हो सकता है।

    कब डॉक्टर से संपर्क करना जरूरी है?

    डॉ. हंसा जी के बताए उपाय सामान्य देखभाल में मदद कर सकते हैं, लेकिन बहुत तेज या असहनीय पीरियड दर्द को केवल घरेलू नुस्खों से ठीक करने की कोशिश नहीं करनी चाहिए। अगर दर्द रोजमर्रा के काम प्रभावित करता है, पहले से ज्यादा बढ़ गया है या इसके साथ असामान्य ब्लीडिंग, बुखार अथवा चक्कर आते हैं, तो स्त्री रोग विशेषज्ञ से सलाह लें। एंडोमेट्रियोसिस या अन्य स्वास्थ्य समस्याएं भी दर्द की वजह हो सकती हैं।

    Avni Bagrola
    अवनी बागरोलाauthor

    अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

    और पढ़ें
    End of Article