Effects Of Dieting: आजकल वजन घटाने के लिए डाइटिंग करना बहुत आम हो गया है। कई लोग जल्दी पतले होने की चाह में खाना कम कर देते हैं या घंटों भूखे रहते हैं। शुरुआत में वजन कम होता दिख सकता है, लेकिन इसका असर सिर्फ शरीर की चर्बी पर नहीं पड़ता। हेल्थ इंफ्लुएंसर और फिटनेस कोच अक्षय एस शेट्टी के मुताबिक, जब आप अचानक बहुत कम खाना शुरू कर देते हैं तो शरीर के कई जरूरी हार्मोन (Hormonal Health) प्रभावित होने लगते हैं। यही हार्मोन भूख, ऊर्जा, मेटाबॉलिज्म, नींद और मांसपेशियों को संभालने का काम करते हैं। अगर इनका संतुलन बिगड़ जाए तो वजन घटाने की कोशिश भी मुश्किल हो सकती है। आइए जानते हैं डाइटिंग के दौरान शरीर में क्या बदलाव हो सकते हैं।
1. भूख पहले से ज्यादा लग सकती है
जब आप बहुत कम कैलोरी लेते हैं, तो शरीर दिमाग को यह संकेत देने लगता है कि उसे ज्यादा खाने की जरूरत है। ऐसे में बार-बार भूख लग सकती है और मीठा या तला-भुना खाने की इच्छा भी बढ़ सकती है।
2. शरीर की कैलोरी जलाने की रफ्तार धीमी पड़ सकती है
बहुत ज्यादा डाइटिंग करने पर शरीर खुद को बचाने की कोशिश करता है। वह कम ऊर्जा खर्च करने लगता है, जिससे वजन कम होने की गति धीरे-धीरे कम पड़ सकती है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: महिलाओं को क्यों ज्यादा परेशान करता है इंसुलिन रेजिस्टेंस, जानिए इससे कौन-कौन सी बढ़ती हैं समस्याएं
3. कमजोरी और चक्कर आने की परेशानी
अगर लंबे समय तक खाना छोड़ते हैं या जरूरत से कम खाते हैं, तो शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती। इससे थकान, कमजोरी, चक्कर आना और काम में मन न लगने जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: मलाइका अरोड़ा के फिटनेस रुटीन का हिस्सा हैं ये 5 योगासन, 52 की उम्र में भी हैं गजब फिट
4. तनाव बढ़ सकता है
कम खाना खाने को शरीर एक तरह का तनाव मानता है। इससे तनाव बढ़ाने वाले हार्मोन ज्यादा बनने लगते हैं। इसके कारण थकान महसूस हो सकती है और शरीर में पानी भी रुक सकता है।
5. महिलाओं और पुरुषों दोनों की हार्मोनल हेल्थ प्रभावित हो सकती है
बहुत लंबे समय तक सख्त डाइट करने से महिलाओं में पीरियड्स अनियमित हो सकते हैं। वहीं पुरुषों और महिलाओं दोनों में यौन इच्छा कम होना और मांसपेशियां कमजोर होना जैसी समस्याएं भी हो सकती हैं।
6. मांसपेशियों को नुकसान पहुंच सकता है
शरीर को पर्याप्त पोषण न मिलने पर वह सिर्फ फैट ही नहीं, बल्कि मांसपेशियों को भी नुकसान पहुंचा सकता है। इससे शरीर कमजोर महसूस होने लगता है।
एक्सपर्ट क्या देते हैं सलाह
अक्षय एस शेट्टी के अनुसार, वजन घटाने का मतलब खुद को भूखा रखना नहीं है। संतुलित भोजन, अच्छी नींद, पर्याप्त प्रोटीन और नियमित व्यायाम के साथ वजन कम करना ज्यादा सुरक्षित और असरदार तरीका है। याद रखें, समझदारी से की गई डाइट आपको फिट बनाती है, जबकि जरूरत से ज्यादा डाइटिंग आपकी हार्मोनल हेल्थ को नुकसान पहुंचा सकती है।
