ORS for diabetes: अगर डायबिटीज के मरीज को लूज मोशन हो जाए, तो सबसे पहले मन में यही सवाल आता है कि ORS पीना चाहिए या नहीं। कई लोगों को लगता है कि ORS में चीनी होती है, इसलिए इससे ब्लड शुगर बढ़ जाएगी। लेकिन क्या सच में ऐसा होता है? हेल्थ इन्फ्लुएंसर, न्यूरोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन डॉ. प्रियंका सेहरावत का कहना है कि डायबिटीज के मरीज जरूरत पड़ने पर WHO के फॉर्मूले वाला ORS पी सकते हैं। यह शरीर में पानी और जरूरी नमक की कमी पूरी करने के लिए बनाया जाता है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ORS कैसे काम करता है और डायबिटीज के मरीजों के लिए यह कब फायदेमंद हो सकता है।
डायबिटीज में ORS पीना सुरक्षित है
डॉ. प्रियंका सेहरावत के मुताबिक, अगर किसी डायबिटीज मरीज को लूज मोशन या दस्त हो रहे हैं, तो WHO बेस्ड ORS लिया जा सकता है। इसमें पानी, नमक और ग्लूकोज की मात्रा संतुलित होती है। इसका मकसद शरीर में पानी की कमी को पूरा करना है, न कि ब्लड शुगर बढ़ाना।
ORS आखिर काम कैसे करता है
जब लूज मोशन होता है, तो शरीर से पानी और जरूरी मिनरल्स तेजी से बाहर निकल जाते हैं। ORS में मौजूद नमक और थोड़ी-सी ग्लूकोज मिलकर शरीर को दोबारा पानी सोखने में मदद करते हैं। आसान शब्दों में कहें तो ORS शरीर में पानी को रोकने और उसकी कमी पूरी करने का काम करता है। इसी वजह से डिहाइड्रेशन का खतरा कम हो जाता है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें: क्या होता है PTSD, क्या बार-बार बुरे सपने आना भी है इसका संकेत
क्या ORS से ब्लड शुगर बढ़ जाती है
यह डर कई लोगों के मन में रहता है, लेकिन डॉ. सेहरावत बताती हैं कि WHO के फॉर्मूले वाला ORS इस तरह तैयार किया जाता है कि उसमें मौजूद ग्लूकोज सिर्फ शरीर में पानी पहुंचाने में मदद करता है। यह सामान्य तौर पर शुगर बढ़ाने के लिए नहीं होता। इसलिए सही ORS लेने से घबराने की जरूरत नहीं है।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 100% आटा, नो एडेड शुगर और 'डाइजेस्टिव' दावे पर घिरी कंपनी, FSSAI ने भेजा नोटिस
कब डॉक्टर से सलाह लेना जरूरी है
अगर लूज मोशन लगातार हो रहे हों, बार-बार उल्टी हो रही हो, तेज कमजोरी महसूस हो रही हो या ब्लड शुगर लगातार कंट्रोल से बाहर जा रही हो, तो सिर्फ ORS के भरोसे न रहें। ऐसी स्थिति में तुरंत डॉक्टर से संपर्क करें। सही इलाज और समय पर देखभाल से बड़ी परेशानी से बचा जा सकता है।
डायबिटीज होने का मतलब यह नहीं है कि लूज मोशन के दौरान ORS नहीं पी सकते। डॉ. प्रियंका सेहरावत के अनुसार, WHO बेस्ड ORS शरीर में पानी और जरूरी नमक की कमी पूरी करने का सुरक्षित तरीका है। बस सही ORS चुनें और अगर परेशानी ज्यादा हो तो डॉक्टर की सलाह जरूर लें।
