भारतीय कप्तान श्रेयस अय्यर ने रविवार को कहा कि न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज बल्लेबाजों के लिए आसान नहीं थी लेकिन उन्होंने अपने गेंदबाजों की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि उन्होंने चुनौतीपूर्ण परिस्थितियों में शानदार प्रदर्शन किया जिससे टीम टी20 और वनडे दोनों प्रारूपों में जीत हासिल करने में सफल रही।
अय्यर ने पांच मैच की वनडे सीरीज के अंतिम मुकाबले में 22 रन से जीत दर्ज करने के बाद कहा, "अगर आप पूरी सीरीज को देखें तो यह बल्लेबाजों के लिए सीरीज नहीं थी। जिस तरह से गेंदबाजों ने गेंदबाजी की, वे मौके पर खरे उतरे। उन्हें पूरा विश्वास था कि परिस्थितियां कैसी भी हों, वे टीम को जीत दिलाने में सफल रहेंगे।"
भारत ने अंतिम मुकाबले में 209 रन का मामूली स्कोर बनाने के बावजूद उसका सफलतापूर्वक बचाव किया। तेज गेंदबाज अर्शदीप सिंह और मोहम्मद सिराज ने मेजबान टीम के खिलाफ शानदार गेंदबाजी की। सीरीज का एक मुकाबला बारिश के कारण रद्द हो गया था। अय्यर ने कहा, "मुझे लगता है कि सभी खिलाड़ियों की यही मानसिकता होनी चाहिए। प्रत्येक खिलाड़ी के अंदर जो जज्बा है, वह बेहतरीन है।"
मेहमान भारतीय टीम को पूरी सीरीज के दौरान कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा। गेंदबाजों के लिए मददगार पिचें, छोटी बाउंड्री और बार-बार मौसम खराब होने के कारण खेल में रुकावटें आईं। वहीं, भारतीय शीर्ष क्रम के बल्लेबाज अच्छी शुरुआत देने में संघर्ष करते रहे।
टीम की मुश्किलें उस समय और बढ़ गईं, जब खिलाड़ियों में बदलाव करना पड़ा। शुभमन गिल और तेज गेंदबाज गुरनूर बराड़ सहित कुछ खिलाड़ी आगामी टेस्ट सीरीज की तैयारी के लिए बीच में ही टेस्ट टीम से जुड़ने चले गए।
बार-बार टीम में बदलाव चुनौतीपूर्ण होता है
श्रेयस अय्यर ने स्वीकार किया कि टीम में बार-बार बदलाव खिलाड़ियों के लिए चुनौतीपूर्ण हो सकते हैं, लेकिन टीम ने इन परिस्थितियों को बहाना नहीं बनाया। उन्होंने कहा, "हां, बिल्कुल। जब टीम में बार-बार बदलाव होते हैं तो किसी समय खिलाड़ियों के लिए यह चुनौतीपूर्ण हो जाता है। उन्हें परिस्थितियों के अनुसार खुद को ढालना और तालमेल बिठाना पड़ता है। लेकिन हम कोई बहाना नहीं बनाना चाहते थे। हम सिर्फ अपनी उम्मीदों पर खरा उतरना चाहते थे। हर खिलाड़ी मैदान पर उतरकर अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने के लिए तैयार था।"
अंतिम वनडे में भी भारत की शुरुआत खराब रही और शीर्ष तीन बल्लेबाज सस्ते में आउट हो गए। हालांकि अक्षर पटेल और ईशान किशन के उपयोगी योगदान की बदौलत भारतीय टीम चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचने में सफल रही। अय्यर ने कहा कि अलग-अलग परिस्थितियों के बावजूद टी20 और वनडे दोनों सीरीज जीतने से टीम का आत्मविश्वास बढ़ा है। इससे यह विश्वास मजबूत हुआ है कि टीम मुश्किल परिस्थितियों में भी मैच का रुख बदल सकती है।
कई चुनौतियों का सामना करना पड़ा
उन्होंने कहा, "जब हम यहां टी20 और वनडे सीरीज खेलने आए तो हमें अलग-अलग परिस्थितियों का सामना करना पड़ा। मौसम भी लगातार बदलता रहा। हमने कई चुनौतियों का सामना किया और अंत में जीत हासिल की। यह एक बड़ी उपलब्धि है।" उन्होंने कहा, ठभले ही बल्लेबाजी में हम ज्यादा रन नहीं बना पाए, लेकिन हमें भरोसा था कि हम किसी भी समय मैच का रुख बदल सकते हैं। मुझे खुशी है कि सभी खिलाड़ियों ने एक जैसी सोच रखी और हम अपनी रणनीति को मैदान पर उतारने में सफल रहे।"
