हेल्थ

क्या ऑफिस का एसी आपको धीरे-धीरे कर रहा बीमार, जानें कौन से लक्षण नहीं करने इग्नोर और कैसे होगा बचाव

ऑफिस में एसी की ठंडक में बैठकर काम करने वालों को सावधान होना चाहिए। जरूरत से कम एसी का कम टेंपरेचर आपके शरीर को धीरे-धीरे बीमार बना रहा है। आइए जानते हैं शरीर में कौन-कौन से लक्षण दिखते हैं?

Image

सेहत को कैस नुकसान पहुंचा रहा ऑफिस का एसी

Office AC side effects: गर्मियों के मौसम में ऑफिस का एयर कंडीशनर (AC) कर्मचारियों को राहत जरूर देता है, लेकिन यही राहत सेहत के लिए परेशानी का कारण भी बन जाती है। दिनभर ठंडे और बंद वातावरण में बैठने से शरीर पर कई ऐसे प्रभाव पड़ते हैं, जिन्हें लोग शुरुआत में अक्सर नजरअंदाज कर देते हैं। आज हम आपको शरीर में दिखने वाले कुछ ऐसे लक्षणों के बारे में बताएंगे जो आपको एसी में बैठने के कारण देखने को मिल सकते हैं। यदि आपको ये लक्षण दिखें तो आपको इन्हें इग्नोर करने की भूल नहीं करनी चाहिए। आज हम आपको ऑफिस के एसी में फिट रहने के साधारण नियम (Workplace Health Tips) बताएंगे।

सेहत को कैसे नुकसान पहुंचाती है एसी की ठंडी हवा

एयर कंडीशनर (एसी) कमरे का तापमान कम करने के साथ-साथ हवा में मौजूद नमी को भी कम कर देता है। हवा में नमी कम होने से शरीर के कई हिस्सों पर असर पड़ता है। इसके साथ ही लंबे समय तक ज्यादा ठंडे वातावरण में रहने से शरीर को टेंपरेचर के अनुसार खुद को ढालने में ज्यादा मेहनत करनी पड़ती है, जिससे कई हेल्थ प्रॉब्लम पैदा हो सकती हैं।

स्किन ड्राईनेस की समस्या

ऑफिस में लगातार एसी की हवा के संपर्क में रहने से त्वचा की नेचुरल नमी धीरे-धीरे कम होने लगती है। इसका परिणाम होता है कि स्किन रूखी, बेजान और खिंची हुई होने लगती है। कई लोगों को होंठ फटने और त्वचा में खुजली जैसी समस्याएं भी होने लगती हैं। इसके अलावा ज्यादा ठंडे तापमान में रहने से शरीर में पानी की कमी यानी डिहाइड्रेशन का खतरा भी बढ़ जाता है क्योंकि ठंडे टेंपरेचर में प्यास कम लगती है और हम वाटर इंटेक कम कर देते हैं।

कैसे करें बचाव

यदि आप इस समस्या से बचना चाहते हैं, तो दिनभर नियमित अंतराल पर पानी पीते रहें। इसके अलावा त्वचा की नमी बनाए रखने के लिए मॉइस्चराइजर या बॉडी लोशन का उपयोग करें।

गले और सांस लेने में समस्याएं

एसी वाले कमरों में हवा ड्राई हो जाती है, जिससे नाक और गले की अंदरूनी परत सूखने लगती है। यही कारण है कि ऑफिस में कई लोगों को गले में खराश, सूखी खांसी या बार-बार सर्दी-जुकाम की शिकायत होने लगती है। ज्यादा ठंडे तापमान में बैठना अस्थमा या एलर्जी के मरीजों के लिए और भी परेशानी का कारण हो सकता है।

कैसे करें बचाव

इस समस्या से बचाव के लिए आपको ऑफिस में एसी का तापमान बहुत कम नहीं रखना चाहिए। एक्सपर्ट्स आमतौर पर 24 से 25 डिग्री सेल्सियस के बीच तापमान रखने की सलाह देते हैं।

मांसपेशियों और जोड़ों की समस्याएं

ऑफिस में बैठने वाले कई लोग यह महसूस करते हैं कि पूरे दिन एसी में बैठने के बाद गर्दन, कंधे या पीठ में दर्द होने लगता है। इसका कारण यदि आप जानना चाहते हैं, तो ठंडी हवा हमारी मांसपेशियों को सिकोड़ सकती है, जिससे मांसपेशियों की अकड़न और दर्द बढ़ जाता है। जो लोग पहले से गठिया या जोड़ों के दर्द की समस्या से जूझ रहे हैं, उन्हें कम तापमान के कारण ज्यादा परेशानी हो सकती है।

कैसे करें बचाव

यदि आपको इस तरह की समस्या होती है, तो आपको अपने पास हल्का स्वेटर, जैकेट या शॉल रखनी चाहिए। इसके अलावा बीच-बीच में उठकर थोड़ा चलें और स्ट्रेचिंग करें ताकि शरीर की एक्टिविटी बनी रहे।

'सिक बिल्डिंग सिंड्रोम' का खतरा

आजकल ऑफिसों में ज्यादातर खिड़कियां बंद रहती हैं और पूरा वेंटिलेशन एसी सिस्टम पर निर्भर करता है। ऐसे में यदि एसी के एयर फिल्टर की सफाई समय पर न हो, तो धूल, बैक्टीरिया और अन्य हानिकारण तत्व हवा में जमा हो सकते हैं। इससे सिरदर्द, थकान, चक्कर आना और ध्यान लगाने में परेशानी जैसी समस्याएं पैदा हो सकती हैं। इस कंडीशन को को 'सिक बिल्डिंग सिंड्रोम' कहा जाता है।

कैसे करें बचाव

इस समस्या से बचाव के लिए आपको ऑफिस में कम से कम एक-दो बार बाहर जाकर ताजी हवा लें। इसके अलावा लंच ब्रेक के दौरान कुछ मिनट खुली जगह में टहलना भी आपके लिए फायदेमंद हो सकता है।

आंखों में ड्राईनेस और जलन

जो लोग लंबे समय तक कंप्यूटर स्क्रीन के सामने बैठककर काम करते हैं, उनकी आंखो पर एसी का असर जल्दी महसूस हो सकता है। जी हां ठंडी और ड्राई हवा आंखों में नमी कम कर देती है, जिससे आंखों में सूखापन, जलन और खुजली की समस्या हो सकती है।

कैसे करें बचाव

इस समस्या से निजात पाने के लिए आपको कुछ सिंपल स्टेप्स लेने चाहिए। जिसमें काम के दौरान नियमित रूप से पलकें झपकाएं। काम के दौरान हर 20 मिनट बाद कुछ सेकंड के लिए स्क्रीन से नजर हटाकर दूर देखें। इससे आखों को आराम मिलता हैं, और ड्राईनेस से बचा जा सकता है।

इस तरह रखें सेहत का ख्याल

ऑफिस का एसी काम के दौरान आराम और प्रोडक्टिविटी को बढ़ाने में मदद करता है, लेकिन उसका ज्यादा उपयोग स्वास्थ्य पर बुरा प्रभाव डाल सकता है। इसलिए ऑफिस में पर्याप्त पानी पीना, सही तापमान बनाए रखना, समय-समय पर ब्रेक लेना और शरीर को गर्म रखने के लिए हल्के कपड़े पहनना जैसे कदम आपकी मदद कर सकते हैं। यदि आप दिनभर एसी वाले वातावरण में काम करते हैं, तो अपने काम जितना ख्याल अपनी सेहत भी रखें।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article