हेल्थ

Norovirus Outbreak: लग्जरी क्रूज पर फैला नोरोवायरस, जानें कितना खतरनाक है ये वायरस और क्या हैं इसके लक्षण

Norovirus Outbreak: अमेरिका के एक लग्जरी क्रूज पर नोरोवायरस के फैलने की खबरों ने सनसनी फैला दी है। जी हां सकड़ों लोगों के संक्रमित होने की खबरें आ रही हैं। आइए जानते हैं कितना खतरनाक है ये वायरस और क्या हैं इसके लक्षण...

Image

नोरोवायरस का खतरा

Norovirus Outbreak: अमेरिका के सैन फ्रांसिस्को से कनाडा और अलास्का के सफर पर निकले एक लग्जरी क्रूज में नोरोवायरस संक्रमण के कई मामले सामने आने के बाद हेल्थ एक्सपर्ट्स की चिंता बढ़ गई है। इस वायरस से 125 लोग संक्रमित हुए हैं, जिनमें 102 यात्री और 23 चालक दल के सदस्य शामिल हैं। हालांकि अधिकांश मरीजों में संक्रमण हल्का पाया गया, लेकिन यह घटना एक बार फिर याद दिलाती है कि बंद वातावरण और बड़ी संख्या में लोगों की मौजूदगी वाले स्थानों पर संक्रामक बीमारियां कितनी तेजी से फैल सकती हैं। आइए जानते हैं कि कितना खतरनाक है ये वायरस और कैसे हैं इसके लक्षण?

क्या है नोरोवायरस - What is Norovirus in Hindi

नोरोवायरस एक हाई संक्रामक वायरस है, जो हमारे पेट और आंतों को प्रभावित करता है। इसे अक्सर "स्टमक फ्लू" या वायरल गैस्ट्रोएंटेराइटिस भी कहा जाता है, हालांकि यह इन्फ्लुएंजा वायरस से अलग होता है। यह वायरस दूषित भोजन, संक्रमित पानी, संक्रमित व्यक्ति के संपर्क या वायरस से दूषित जगहों को छूने के बाद हाथ मुंह तक ले जाने से आसानी से फैल सकता है। क्रूज जहाज, होटल, हॉस्टल, स्कूल, अस्पताल और वृद्धाश्रम जैसी जगहों पर इसका संक्रमण तेजी से फैलने का खतरा अधिक रहता है क्योंकि यहां लोग लंबे समय तक एक-दूसरे के संपर्क में रहते हैं।

नोरोवायरस के मुख्य लक्षण - Symptoms of Norovirus in Hindi

नोरोवायरस से संक्रमित होने के 12 से 48 घंटे के भीतर लक्षण दिखाई देने लगते हैं। इसके सामान्य लक्षणों में शामिल हैं।

  • अचानक उल्टी होना
  • बार-बार दस्त लगना
  • पेट में तेज दर्द या ऐंठन
  • मतली महसूस होना
  • हल्का बुखार
  • तेज सिरदर्द
  • शरीर में दर्द और कमजोरी
  • डिहाइड्रेशन

हालांकि ज्यादातर लोगों में ये लक्षण 1 से 3 दिनों के भीतर ठीक हो जाते हैं, लेकिन छोटे बच्चों, बुजुर्गों और कमजोर इम्यूनिटी के कारण यह संक्रमण गंभीर रूप ले सकता है।

कितना खतरनाक है ये वायरस

एक्सपरट्स के अनुसार नोरोवायरस आमतौर पर जानलेवा नहीं होता, लेकिन यदि समय पर शरीर में पानी और इलेक्ट्रोलाइट्स की कमी पूरी न की जाए तो डिहाइड्रेशन की समस्या गंभीर हो सकती है। लगातार उल्टी और दस्त के कारण मरीज को अस्पताल में भर्ती कराने की जरूरत भी पड़ सकती है।

कैसे करें बचाव

नोरोवायरस से बचने का सबसे प्रभावी तरीका अच्छी स्वच्छता बनाए रखना है। खाने से पहले और शौचालय के उपयोग के बाद कम से कम 20 सेकंड तक साबुन और पानी से हाथ जरूर धोएं। इसके अलावा फल और सब्जियों को अच्छी तरह साफ करके ही खाएं तथा खाने को पूरी तरह पकाकर ही खाएं। इसके साथ ही संक्रमित व्यक्ति के संपर्क में आने से बचें और उसकी उपयोग की गई वस्तुओं को सावधानी से साफ करें।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article