हेल्थ

बारिश में सफर के दौरान ORS रखना क्यों जरूरी है, डायरिया और लूज मोशन से बचने का आसान उपाय, डॉक्टर ने बताया

Why Carry ORS While Travelling: क्या आप जानते हैं बारिश के मौसम में सफर के दौरान दूषित खाना और पानी डायरिया का कारण बन सकते हैं। ऐसे में डॉक्टर मानते हैं कि ORS साथ रखना काफी फायदेमंद हो सकता है।

Image

यात्रा के दौरान लूज मोशन और दस्त से बचा सकता है WHO आधारित ORS

Why Carry ORS While Travelling: बारिश का मौसम आते ही घूमने-फिरने का मजा बढ़ जाता है। कोई हिल स्टेशन जा रहा है तो कोई परिवार के साथ छुट्टियां मनाने निकल रहा है। लेकिन इस मौसम में एक छोटी-सी लापरवाही पूरी ट्रिप का मजा खराब कर सकती है। बाहर का खाना, सड़क किनारे मिलने वाले स्नैक्स या साफ न होने वाला पानी कई बार पेट खराब कर देते हैं। इसके बाद शुरू हो जाते हैं लूज मोशन या डायरिया। ऐसी स्थिति में शरीर जल्दी कमजोर होने लगता है। हेल्थ इन्फ्लुएंसर, न्यूरोलॉजिस्ट और जनरल फिजिशियन डॉ. प्रियंका सेहरावत का कहना है कि यात्रा के दौरान ट्रैवल बैग में WHO आधारित ORS के कुछ पैकेट जरूर रखने चाहिए। जरूरत पड़ने पर यही छोटी-सी चीज बड़ी मदद साबित हो सकती है।

बारिश में पेट की समस्या क्यों बढ़ जाती है

बरसात के मौसम में खाने-पीने की चीजों में जल्दी गंदगी और कीटाणु पनप सकते हैं। अगर खाना या पानी साफ न हो तो पेट खराब होने का खतरा बढ़ जाता है। बाहर घूमने (Travel) के दौरान लोग अक्सर ऐसी चीजें खा लेते हैं, जिनकी वजह से डायरिया की समस्या हो सकती है।

डायरिया में शरीर को क्या नुकसान होता है

जब बार-बार लूज मोशन होते हैं तो शरीर से काफी पानी निकल जाता है। इसके कारण कमजोरी, थकान और चक्कर जैसी परेशानियां महसूस हो सकती हैं। यही वजह है कि डायरिया होने पर सिर्फ दवा ही नहीं, बल्कि शरीर में पानी की कमी पूरी करना भी जरूरी होता है।

ORS क्यों है सबसे जरूरी

डॉ. प्रियंका सेहरावत बताती हैं कि डायरिया के दौरान WHO आधारित ORS बहुत काम आता है। यह शरीर में पानी और जरूरी मिनरल्स की कमी को पूरा करने में मदद करता है। यही कारण है कि वह खुद भी सफर पर निकलते समय अपने बैग में 2-3 ORS के पैकेट जरूर रखती हैं।

ORS बनाते समय ये गलती न करें

ध्यान रखें कि ORS तभी फायदा करता है जब उसे सही तरीके से बनाया जाए। डॉक्टर के अनुसार, 4.4 ग्राम वाले ORS पैकेट को 200 मिलीलीटर पानी में मिलाएं। वहीं 21.8 ग्राम वाले पैकेट को 1 लीटर साफ पानी में घोलें। पैकेट पर लिखे निर्देशों को ध्यान से पढ़ना जरूरी है।

सफर पर निकलें तो ORS साथ रखना न भूलें

बारिश के मौसम में ट्रैवल करते समय साफ पानी पीना, ताजा खाना खाना और WHO आधारित ORS साथ रखना एक अच्छी आदत है। इससे अगर अचानक लूज मोशन की समस्या हो जाए तो शुरुआती देखभाल तुरंत शुरू की जा सकती है। इसलिए अगली बार जब भी ट्रिप की पैकिंग करें, कपड़ों और जरूरी सामान के साथ ORS के कुछ पैकेट भी जरूर रख लें।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article