उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले से एक और बड़े हादसे की खबर सामने आ रही है। गाजियाबाद के मोदीनगर क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सीकरी खुर्द गांव में एक निर्माणाधीन मकान का लेंटर डालते समय अचानक भरभराकर गिर गया। इस भीषण दुर्घटना में मलबे के नीचे दबने से एक मजदूर की मौत हो गई, जबकि 6 अन्य मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। NDRF, पुलिस विभाग और फायर ब्रिगेड और की टीमें लगी हुई हैं।
सुबह करीब 8:30 बजे हुआ हादसा
मिली जानकारी के अनुसार, सीकरी खुर्द गांव में एक मकान का निर्माण कार्य चल रहा था। सुबह करीब 8:30 बजे जब मजदूर मकान की छत पर लेंटर डालने का काम कर रहे थे, तभी अचानक पूरा ढांचा नीचे आ गिरा। इस भयानक हादसे की चपेट में आकर वहां काम कर रहे 6-7 मजदूर मलबे के नीचे दब गए, जिसकी पुष्टि प्रशासन के कर दी है। मौके पर राहत और बचाव कार्य का जायजा ले रहीं मोदीनगर की एसडीएम कोमल पंवार ने मीडिया को जानकारी देते हुए बताया कि इस हादसे में कुल 7 लोगों के मलबे में दबे होने की खबर थी, जिन्हें एनडीआरएफ, फायर ब्रिगेड और पुलिस की संयुक्त टीमों ने मिलकर बाहर निकाल लिया गया है।
1 मजदूर की मौत, घायलों का चल रहा इलाज
प्रशासनिक जानकारी के अनुसार, इस दर्दनाक हादसे में मलबे के नीचे दबने से छोटू नामक एक मजदूर की मौत हो गई है। वहीं, अन्य गंभीर रूप से घायल हुए मजदूरों को तुरंत नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनका इलाज जारी है। एसडीएम कोमल पंवार ने बताया कि सीकरी में लेंटर गिरने के मामले में कुल 7 लोगों के दबे होने की सूचना थी, जिन्हें एनडीआरएफ और स्थानीय प्रशासन की मदद से रेस्क्यू कर बाहर निकाल लिया गया है। इस दुर्घटना में छोटू नामक एक मजदूर की मृत्यु हो गई है, जबकि बाकी घायल श्रमिकों का सरकारी अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटनास्थल पर कानून-व्यवस्था बनाए रखने और राहत कार्यों की निगरानी के लिए स्थानीय पुलिस, प्रशासनिक अधिकारी, फायर ब्रिगेड और एनडीआरएफ की टीमें लगातार तैनात हैं। प्रशासन इस बात की भी जांच कर रहा है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों या शटरिंग में कहां चूक हुई थी, जिसके चलते यह बड़ा हादसा पेश आया।
