ऑटो न्यूज़

Hero की नई बाइक ने मचाई धूम! ₹1.16 लाख में लॉन्च हुई Xtreme 125R Stealth Edition

Hero MotoCorp ने अपनी लोकप्रिय 125cc बाइक Xtreme 125R का नया Stealth Edition लॉन्च कर दिया है। इसमें स्पोर्टी लुक के साथ कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं। खास बात है इसका TFT डिस्प्ले और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम।

Image

Xtreme 125R Stealth Edition

अगर आप स्पोर्टी लुक और आधुनिक फीचर्स वाली 125cc बाइक खरीदने की सोच रहे हैं तो Hero MotoCorp ने आपके लिए नया विकल्प पेश किया है। कंपनी ने अपनी लोकप्रिय बाइक Xtreme 125R का नया Stealth Edition भारतीय बाजार में लॉन्च कर दिया है। इसकी एक्स-शोरूम कीमत 1,16,250 रुपये रखी गई है। यह बाइक अपने नए लुक के साथ कई एडवांस फीचर्स की वजह से चर्चा में है। इसमें 4.2 इंच का कलर TFT डिस्प्ले, ब्लूटूथ कनेक्टिविटी और टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम (TPMS) जैसे फीचर्स दिए गए हैं।

ब्लैक और रेड कलर में मिलेगा स्पोर्टी लुक

Hero Xtreme 125R Stealth Edition को खास Midnight Black कलर में पेश किया गया है। इसके साथ Pearl Red कलर के एक्सेंट दिए गए हैं। बाइक के अलॉय व्हील्स भी रंगीन हैं, जो इसके लुक को और आकर्षक बनाते हैं। इसके अलावा फ्यूल टैंक के आसपास और पीछे बैठने वाले व्यक्ति के लिए दिए गए ग्रैब रेल पर भी रेड हाइलाइट्स देखने को मिलती हैं। यह Xtreme 125R का सबसे महंगा और टॉप वेरिएंट है।

मिलेगा 4.2 इंच का TFT डिस्प्ले

इस बाइक का सबसे बड़ा अपडेट इसका 4.2 इंच का कलर TFT इंस्ट्रूमेंट डिस्प्ले है। इसमें ब्लूटूथ कनेक्टिविटी की सुविधा मिलती है। स्मार्टफोन को बाइक से कनेक्ट करने के बाद राइडर स्क्रीन पर टर्न-बाय-टर्न नेविगेशन देख सकता है। इसके अलावा फोन पर आने वाले कॉल और SMS के अलर्ट भी डिस्प्ले पर मिलेंगे। म्यूजिक कंट्रोल करने की सुविधा भी दी गई है। कंपनी ने यह डिस्प्ले Xtreme 125R के सिर्फ Stealth Edition में दिया है।

टायर में हवा कम होने पर मिलेगा अलर्ट

इस बाइक का एक खास फीचर टायर प्रेशर मॉनिटरिंग सिस्टम यानी TPMS है। इसकी मदद से राइडर बाइक के दोनों टायरों में हवा का प्रेशर देख सकता है। अगर टायर में हवा कम हो जाती है तो यह सिस्टम अलर्ट देता है। Hero का दावा है कि स्पोर्टी 125cc सेगमेंट में इस फीचर के साथ आने वाली यह पहली बाइक है। इसके अलावा इसमें डुअल-चैनल ABS भी मिलता है, जो अचानक ब्रेक लगाने पर पहियों के लॉक होने की आशंका कम करने में मदद करता है।

इंजन और माइलेज में क्या है खास?

Hero Xtreme 125R Stealth Edition में पहले जैसा ही 124.7cc का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलेंडर इंजन दिया गया है। यह इंजन 11.4 bhp की पावर और 10.5 Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इसे 5-स्पीड गियरबॉक्स के साथ जोड़ा गया है। बाइक में Rain, Road और Sport तीन राइडिंग मोड भी मिलते हैं। इसके अलावा लंबी दूरी के सफर को आरामदायक बनाने के लिए क्रूज कंट्रोल दिया गया है। कंपनी के मुताबिक, इसका दावा किया गया माइलेज 66 किलोमीटर प्रति लीटर है।

Richa Tripathi
रिचा त्रिपाठीauthor

रिचा त्रिपाठी टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में बिजनेस डेस्क पर सीनियर कॉपी एडिटर के रूप में कार्यरत हैं। मीडिया इंडस्ट्री में 7 वर्षों के अनुभव के साथ रिचा, पर्सनल फाइनेंस, स्टॉक मार्केट, टैक्स प्लानिंग और अर्थव्यवस्था से जुड़े विषयों पर मजबूत पकड़ रखती हैं। अब तक 8,000 से अधिक कंटेंट लिख चुकी रिचा की विशेषता है—जटिल वित्तीय जानकारियों को सरल, स्पष्ट और भरोसेमंद तरीके से पाठकों तक पहुंचाना। वह ऐसी स्टोरीज तैयार करती हैं जो न केवल जानकारीपूर्ण होती हैं, बल्कि आम पाठक की वित्तीय समझ को बेहतर बनाने में भी मदद करती हैं।

और पढ़ें
End of Article