Low Blood Pressure in Monsoon: बारिश का मौसम आते ही लोग गर्मी से राहत महसूस करते हैं, लेकिन यही मौसम कुछ लोगों के लिए सेहत की नई परेशानी भी लेकर आता है। इन दिनों कई लोगों को बार-बार चक्कर आना, कमजोरी लगना या अचानक आंखों के आगे अंधेरा छा जाना जैसी दिक्कतें होने लगती हैं। बता दें कि कई बार इसकी वजह लो ब्लड प्रेशर हो सकता है। खासकर बुजुर्गों, हाई ब्लड प्रेशर की दवा लेने वाले लोगों और पहले से दिल या हार्मोन से जुड़ी बीमारी से जूझ रहे लोगों में यह समस्या ज्यादा देखने को मिलती है। यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के सीनियर कंसल्टेंट फिजिशियन डॉ. दिलीप गुडे बताते हैं कि बारिश का मौसम सीधे तौर पर लो ब्लड प्रेशर नहीं करता, लेकिन इस दौरान शरीर में होने वाले कुछ बदलाव इसकी संभावना जरूर बढ़ा सकते हैं। आइए डॉक्टर से ही समझते हैं बारिश और बीपी कम होने का कनेक्शन।
बारिश के मौसम में ऐसा क्या बदलता है
डॉ. दिलीप गुडे के अनुसार, मॉनसून में मौसम ठंडा हो जाता है, हवा में नमी बढ़ जाती है और लोगों की दिनचर्या भी बदल जाती है। इन बदलावों का असर शरीर पर पड़ता है। जिन लोगों का ब्लड प्रेशर पहले से कम रहता है या जो इसके प्रति संवेदनशील हैं, उनमें यह मौसम परेशानी बढ़ा सकता है। इसलिए बारिश के दिनों में शरीर के छोटे-छोटे संकेतों पर भी ध्यान देना जरूरी है।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: ऑफिस में घंटों Artificial Lighting के नीचे बैठना कैसे बन सकता है सिरदर्द की वजह, डॉक्टर से समझिए कनेक्शन
कम पानी और अनियमित खानपान भी बनते हैं वजह
बारिश के मौसम में अक्सर लोगों को प्यास कम लगती है, इसलिए वे पानी भी कम पीते हैं। इससे शरीर में पानी की कमी हो सकती है, जिसका असर ब्लड प्रेशर पर पड़ता है। कई बार नमी वाले मौसम में शरीर से पसीना भी निकलता रहता है, लेकिन इसका एहसास कम होता है। इसके अलावा, कुछ लोग इस मौसम में समय पर खाना नहीं खाते या कम खाना खाते हैं। इससे शरीर को पर्याप्त ऊर्जा नहीं मिलती और लो ब्लड प्रेशर के लक्षण ज्यादा महसूस होने लगते हैं।
टाइम्स नाउ नवभारत पर ये भी पढ़ें: भूख नहीं फिर भी खाने का करता है मन, बोर होते ही कुछ न कुछ खाने की इच्छा क्यों होती है, एक्सपर्ट से समझें इसकी वजह
इन संकेतों को हल्के में न लें
अगर बार-बार चक्कर आए, कमजोरी महसूस हो, धुंधला दिखाई दे, जी मिचलाए, ध्यान लगाने में परेशानी हो या बेहोशी जैसा महसूस हो, तो इसे सामान्य थकान समझकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। इसी तरह, अगर बैठने या लेटने के बाद अचानक खड़े होने पर चक्कर आने लगे, तो यह भी लो ब्लड प्रेशर का संकेत हो सकता है।
मॉनसून में कैसे रखें अपना ध्यान
डॉ. दिलीप गुडे सलाह देते हैं कि बारिश के मौसम में समय पर संतुलित भोजन करें और पानी पर्याप्त मात्रा में पीते रहें, चाहे प्यास लगे या नहीं। लंबे समय तक लगातार खड़े रहने से बचें और बैठने या लेटने के बाद धीरे-धीरे उठें। अगर आप हाई ब्लड प्रेशर की दवा ले रहे हैं और कभी-कभी ब्लड प्रेशर कम आ रहा है, तो अपनी मर्जी से दवा बंद न करें और न ही उसकी मात्रा बदलें। इसके लिए डॉक्टर की सलाह लेना जरूरी है।
कब तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए
अगर लो ब्लड प्रेशर के साथ बार-बार बेहोशी आए, सीने में दर्द हो, सांस लेने में तकलीफ हो, बहुत ज्यादा कमजोरी महसूस हो या व्यक्ति भ्रमित नजर आए, तो बिना देर किए डॉक्टर से संपर्क करना चाहिए। डॉ. दिलीप गुडे कहते हैं कि बार-बार लो ब्लड प्रेशर होना केवल मौसम का असर मानकर नहीं छोड़ना चाहिए। कई बार इसके पीछे कोई दूसरी स्वास्थ्य समस्या भी हो सकती है, जिसकी समय पर जांच और इलाज जरूरी होता है।
