लाइफस्टाइल

भूख नहीं फिर भी खाने का करता है मन, बोर होते ही कुछ न कुछ खाने की इच्छा क्यों होती है, एक्सपर्ट से समझें इसकी वजह

Boredom Eating Without Hunger: बहुत से लोग शिकायत करते हैं कि पेट भरा होने के बाद भी उनका कुछ खाने का मन करता है। वह बोरियत महसूस होने पर भी खाने की इच्छा महसूस करते हैं। आइए एक्सपर्ट से समझते हैं इसकी वजह।

Image

बोर होने पर भी क्यों खाते हैं लोग?

Boredom Eating Without Hunger: क्या आपके साथ भी ऐसा होता है कि पेट भरा होने के बाद भी कुछ नमकीन या मीठा खाने का मन करने लगता है? ऑफिस में काम करते-करते या घर पर खाली बैठे-बैठे अचानक कुछ खाने की इच्छा होने लगती है। ज्यादातर लोग इसे सिर्फ आदत समझकर नजरअंदाज कर देते हैं, लेकिन हर बार ऐसा होना सिर्फ भूख की वजह से नहीं होता। कई बार इसकी वजह बोरियत, तनाव या मन का खालीपन भी हो सकता है। एक्सपर्ट्स का कहना है कि जब हम असली भूख और सिर्फ खाने की इच्छा के बीच का फर्क नहीं समझ पाते, तब जरूरत से ज्यादा खाना शुरू कर देते हैं। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि ऐसा क्यों होता है और इससे कैसे बचा जा सकता है।

हर बार खाने की इच्छा का मतलब भूख नहीं होती

डाइट और न्यूट्रिशन एक्सपर्ट गरिमा गोयल के अनुसार, शरीर जब सच में भूखा होता है तो धीरे-धीरे संकेत देता है। जैसे पेट खाली लगना या कमजोरी महसूस होना। लेकिन अगर खाना खाने के थोड़ी देर बाद ही अचानक चिप्स, बिस्किट, चॉकलेट या कोई पसंदीदा चीज खाने का मन करने लगे, तो यह अक्सर भूख नहीं बल्कि सिर्फ मन की इच्छा होती है। यानी शरीर को नहीं, दिमाग को कुछ नया चाहिए होता है।

बोरियत में दिमाग खाने की तरफ क्यों भागता है

जब हम लंबे समय तक एक ही काम करते हैं या खाली बैठे रहते हैं, तो दिमाग को कुछ अलग करने का मन होता है। ऐसे समय में खाना सबसे आसान विकल्प बन जाता है। कुछ स्वादिष्ट खाने से कुछ देर के लिए अच्छा महसूस होता है, इसलिए बार-बार स्नैकिंग की आदत बन जाती है। यही कारण है कि कई लोग टीवी देखते हुए, मोबाइल चलाते हुए या ऑफिस में काम के बीच बिना भूख के भी कुछ न कुछ खाते रहते हैं।

तनाव और चिंता भी बढ़ा सकते हैं यह आदत

अगर किसी बात की टेंशन हो, मूड खराब हो या मन उदास हो, तब भी कई लोगों का खाने का मन करने लगता है। एक्सपर्ट्स बताते हैं कि ऐसे समय में लोग मीठी या तली-भुनी चीजें ज्यादा पसंद करते हैं, क्योंकि इन्हें खाने से थोड़ी देर के लिए अच्छा महसूस होता है। लेकिन यह राहत ज्यादा देर नहीं रहती और धीरे-धीरे जरूरत से ज्यादा खाने की आदत बन सकती है।

बार-बार स्नैकिंग से क्या नुकसान हो सकता है

अगर बिना भूख के बार-बार खाते रहेंगे, तो शरीर जरूरत से ज्यादा कैलोरी लेने लगेगा। इससे धीरे-धीरे वजन बढ़ सकता है और आगे चलकर ब्लड शुगर या दिल की सेहत पर भी असर पड़ सकता है। इसलिए जब भी कुछ खाने का मन करे, पहले एक बार खुद से पूछें कि क्या सच में भूख लगी है या सिर्फ आदत या बोरियत की वजह से खाने की इच्छा हो रही है।

इस आदत से बचने के आसान तरीके

डायटीशियन सलाह देती हैं कि जब बिना भूख के खाने का मन हो, तो पहले एक गिलास पानी पी लें और 10-15 मिनट रुकें। अगर फिर भी भूख लगे, तभी कुछ खाएं। इसके अलावा थोड़ा टहलना, किसी दोस्त से बात करना, किताब पढ़ना या छोटा-सा ब्रेक लेना भी मदद कर सकता है। समय पर खाना खाना, भरपेट और संतुलित भोजन लेना और अच्छी नींद लेना भी इस आदत को कम करने में काफी मददगार साबित होता है। अगर लंबे समय तक बिना भूख के खाने की आदत बनी रहे, तो डॉक्टर या डाइट एक्सपर्ट से सलाह लेना बेहतर रहेगा।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article