फिटनेस और हेल्दी लाइफस्टाइल की बात हो, तो मलाइका अरोड़ा का नाम अक्सर चर्चा में रहता है। उनकी डाइट और एक्सरसाइज रूटीन को लेकर भी लोग काफी उत्सुक रहते हैं। अब उनके वीगन से वेजिटेरियन डाइट की ओर आने की चर्चा ने एक नया सवाल खड़ा कर दिया है। क्या लंबे समय तक वीगन खाना शरीर में प्रोटीन की कमी पैदा कर सकता है? क्या दूध, दही और पनीर जैसे खाद्य पदार्थों को डाइट से हटाने से शरीर कमजोर होने लगता है?
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें - क्या सच में रोज सोया चंक खाने से मर्दों में टेस्टोस्टेरोन कम हो जाता है?
दरअसल, वीगन और वेजिटेरियन डाइट के बीच सिर्फ खान-पान का अंतर नहीं है, बल्कि पोषक तत्वों की जरूरतों को पूरा करने का तरीका भी अलग हो सकता है। अच्छी बात यह है कि सही प्लानिंग के साथ वीगन डाइट से भी पर्याप्त प्रोटीन लिया जा सकता है। जानिए डायटीशियन क्या कहते हैं और प्रोटीन को लेकर किन बातों का ध्यान रखना जरूरी है।
क्या वीगन डाइट में सचमुच कम मिलता है प्रोटीन?
सबसे पहले यह समझना जरूरी है कि वीगन डाइट लेने का मतलब प्रोटीन से दूरी बनाना नहीं है। इसमें मीट, मछली, अंडे और दूध से बनी चीजें शामिल नहीं होतीं। इसके बावजूद कई ऐसी शाकाहारी खाने पीने की चीजें हैं, जिनसे शरीर को अच्छी मात्रा में प्रोटीन मिल सकता है।
सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली की डायटीशियन दीपाली शर्मा के अनुसार, अगर वीगन डाइट सही तरीके से प्लान की गई है और उसमें प्रोटीन से भरपूर चीजें शामिल हैं, तो शरीर की जरूरत पूरी हो सकती है। दाल, छोले, राजमा, सोयाबीन, टोफू, क्विनोआ, मेवे और बीज इसके अच्छे विकल्प हो सकते हैं।
प्रोटीन के साथ इन पोषक तत्वों का भी रखें ध्यान
वीगन डाइट में केवल प्रोटीन पर ध्यान देना पर्याप्त नहीं होता है। इसी के साथ साथ डाइट में विटामिन B12, आयरन, कैल्शियम और ओमेगा-3 की मात्रा भी देखनी चाहिए। सही प्लानिंग नहीं होने पर इन पोषक तत्वों की कमी हो सकती है। कैलाश हॉस्पिटल एंड न्यूरो इंस्टीट्यूट के डायटेटिक्स की कंसल्टेंट वंदना राजपूत के अनुसार वीगन या वेजिटेरियन डाइट चुनते समय अपनी पोषण संबंधी जरूरतों का आकलन किसी अच्छे डायटीशियन से कराना जरूरी है।
वीगन और वेजिटेरियन डाइट में क्या है अंतर?
वीगन डाइट में दूध, दही, पनीर, घी, शहद और अंडे जैसे पशु-आधारित खाद्य पदार्थ शामिल नहीं होते। वहीं, वेजिटेरियन डाइट में आमतौर पर दूध, दही, पनीर और दूसरे डेयरी उत्पाद खाए जा सकते हैं। इसलिए वेजिटेरियन लोगों के पास प्रोटीन के कुछ अतिरिक्त विकल्प होते हैं।
रोज कितने प्रोटीन की जरूरत होती है?
डायटीशियन दीपाली शर्मा के मुताबिक, एक स्वस्थ वयस्क को सामान्यतः रोजाना शरीर के हर किलो वजन के हिसाब से करीब 0.8 से 0.83 ग्राम प्रोटीन की जरूरत होती है। उदाहरण के लिए, 60 किलो वजन वाले व्यक्ति को लगभग 48 से 50 ग्राम प्रोटीन रोजाना चाहिए। लंबे समय तक प्रोटीन की कमी रहने पर मांसपेशियों की ताकत, शरीर की रिकवरी और संपूर्ण शारीरिक क्षमता प्रभावित हो सकती है।
इसलिए वीगन डाइट अपनाना सेहत के लिए अच्छा हो सकता है, लेकिन इसके लिए खाने में सही चीजों को शामिल करना और सभी जरूरी पोषक तत्वों का ध्यान रखना बेहद जरूरी है।
