हेल्थ

क्या जामुन किडनी के मरीज के लिए अच्छा है, किडनी पेशेंट जामुन खा सकते हैं या नहीं, यहां डॉक्टर से लें पूरी जानकारी

Jamun for kidney patients: बरसात के मौसम में मीठे-मीठे जामुन खाना भला किसे पसंद नहीं होता है। लेकिन अक्सर जो लोग किडनी से जुड़ी बीमारी से पीड़ित वे जामुन के सेवन को लेकर कंफ्यूज रहते हैं, कि उन्हें इसे खाना चाहिए या नहीं। चलिए एक्सपर्ट से ही जानते हैं इसका जवाब।

Image

डॉक्टर ने बताया किडनी पेशेंट को जामुन खानी चाहिए या नहीं

Jamun for kidney patients: गर्मी और बरसात के मौसम में जामुन का इंतजार बहुत से लोग करते हैं। इसका स्वाद जितना अच्छा होता है, उतना ही इसे सेहत के लिए भी फायदेमंद माना जाता है। लेकिन जिन लोगों को किडनी की बीमारी है, उनके मन में अक्सर सवाल आता है कि क्या जामुन खाना उनके लिए सुरक्षित है? कहीं यह नुकसान तो नहीं पहुंचाएगा? इस बारे में यशोदा हॉस्पिटल्स, हैदराबाद के कंसल्टेंट नेफ्रोलॉजिस्ट डॉ. शशि किरण ए बताते हैं कि जामुन कई पोषक तत्वों से भरपूर फल है। हालांकि किडनी के मरीजों को इसे खाने से पहले अपनी बीमारी की स्थिति और डॉक्टर की सलाह का ध्यान जरूर रखना चाहिए।

जामुन क्यों माना जाता है सेहतमंद फल

जामुन में शरीर को फायदा पहुंचाने वाले कई जरूरी पोषक तत्व पाए जाते हैं। इसमें विटामिन C, फाइबर, आयरन और कई ऐसे प्राकृतिक तत्व होते हैं जो शरीर को स्वस्थ रखने में मदद करते हैं। यही वजह है कि इसे पोषण से भरपूर फल माना जाता है।

किडनी के लिए कैसे फायदेमंद हो सकता है जामुन- kidney disease and jamun

डॉ. शशि किरण ए के अनुसार, जामुन में ऐसे तत्व होते हैं जो शरीर की कोशिकाओं को नुकसान से बचाने में मदद कर सकते हैं। साथ ही यह शरीर में होने वाली सूजन को कम करने में भी सहायक माना जाता है। इससे किडनी को लंबे समय तक स्वस्थ रखने में मदद मिल सकती है।

डायबिटीज और ब्लड प्रेशर वाले लोगों के लिए भी अच्छा

किडनी खराब होने के सबसे बड़े कारणों में डायबिटीज और हाई ब्लड प्रेशर शामिल हैं। जामुन को लंबे समय से ब्लड शुगर कंट्रोल करने वाले फलों में गिना जाता है। कुछ अध्ययनों में भी यह बात सामने आई है कि जामुन रक्त शर्करा को संतुलित रखने में मदद कर सकता है। इससे किडनी पर पड़ने वाला दबाव कम हो सकता है।

क्या किडनी मरीजों को जामुन खाते समय सावधानी रखनी चाहिए

डॉक्टर की राय में इसका जवाब है- हां। जामुन में पोटैशियम नाम का एक खनिज पाया जाता है। सामान्य लोगों के लिए यह फायदेमंद होता है, लेकिन जिन लोगों की किडनी बहुत ज्यादा कमजोर हो चुकी है, उनके शरीर में इसकी मात्रा बढ़ सकती है। ऐसे मरीजों को जामुन सीमित मात्रा में ही खाना चाहिए।

हर किडनी मरीज के लिए एक जैसा नियम नहीं

डॉ. शशि किरण ए कहते हैं कि हल्की या शुरुआती किडनी बीमारी वाले कई लोग डॉक्टर की सलाह से जामुन खा सकते हैं। लेकिन जिनकी किडनी काफी कमजोर हो चुकी है या जिन्हें खानपान में खास परहेज बताया गया है, उन्हें बिना सलाह के जामुन ज्यादा मात्रा में नहीं खाना चाहिए।

डॉक्टर क्या देते हैं सलाह

जामुन किडनी के मरीजों के लिए दुश्मन नहीं है, लेकिन इसे कोई इलाज भी नहीं माना जा सकता। सही मात्रा में और डॉक्टर की सलाह के अनुसार खाया गया जामुन सेहत के लिए फायदेमंद हो सकता है। इसलिए अगर आपको किडनी की बीमारी है, तो जामुन खाने से पहले अपने डॉक्टर या डाइट एक्सपर्ट से सलाह जरूर लें। यही सबसे सुरक्षित और समझदारी भरा तरीका है।

Vineet
विनीतauthor

विनीत टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल में हेल्थ डेस्क के साथ बतौर चीफ कॉपी एडिटर जुड़े हैं। दिल्ली के रहने वाले विनीत को हेल्थ, फिटनेस और न्यूट्रिशन जैसे विषयों पर गहरी समझ है। इन्होंने हेल्थ, फिटनेस, न्यूट्रिशन और सप्लीमेंट के फील्ड में प्रोफेशनल सर्टिफिकेशन भी किए हैं। वे 6 साल से इस फील्ड से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर 7,000 से अधिक लेख लिख चुके हैं। विनीत की खासियत उनकी रिसर्च-बेस्ड लेखन शैली और जनहित को ध्यान में रखते हुए लिखी गई जानकारीपूर्ण स्टोरीज हैं।

और पढ़ें
End of Article