Rainy Season Exercises Hindi: बरसात के मौसम में हम में से ज्यादातर लोग घरों में कैद होकर रह जाते हैं। इस दौरान गंदगी और संक्रमण के खतरे से बचने के लिए घर से बाहर जाने से बहुत बचते हैं। इसका असर उनकी सेहत पर भी देखने को मिलता है। इस दौरान लोग न तो वॉक कर पाते हैं और न ही जॉगिंग। वह एक्सरसाइज के लिए भी पार्क आदि जाने से बचते हैं। ऐसे में लोगों में एनर्जी की कमी, पाचन संबंधी समस्याएं और मोटापा बढ़ने जैसी समस्याओं का खतरा धीरे-धीरे बढ़ने लगता है। वहीं जो लोग पहले से मोटापा, डायबिटीज, बीपी या हृदय संबंधी समस्याओं से जूझ रहे हैं, बरसाती मौसम में कम फिजिकल एक्टिविटी की वजह से उनकी परेशानियां भी बढ़ सकती हैं।
ऐसे में लोग इस बात को लेकर काफी परेशान रहते हैं कि अगर बरसात में बाहर जाकर वॉक या एक्सरसाइज नहीं कर सकते हैं, तो फिट रहने के लिए क्या करना चाहिए? आपको बता दें कि कुछ ऐसी सरल एक्सरसाइज हैं, जिन्हें घर में करके आप आसानी से बरसात के मौसम में हेल्दी और एनर्जेटिक रह सकते हैं। चलिए इनके बारे में विस्तार से जानते हैं.....
बारिश में सेहतमंद रहने के लिए घर में रहकर करें ये सिंपल एक्सरासइज - Simple Indoor Exercises For rainy Season To Stay healthy In hindi
एक ही जगह चलना
अगर बारिश की वजह से आप घर से बाहर नहीं जा पा रहे हैं तो ऐसे में एक ही जगह खड़े होकर चलने जैसा मूवमेंट करना आपके लिए लाभकारी हो सकता है। इसे ‘स्पॉट मार्चिंग’ कहते हैं। इससे पैरों में हरकत बनी रहती है और शरीर में ब्लड सर्कुलेशन बढ़ता है, जैसे वाकिंग से होता है।
सीढ़ियां चढ़ना
घर में रहकर अपनी फिटनेस और सेहत को बनाए रखने के लिए यह एक सरल और प्रभावी व्यायाम है। घर में अगर सीढ़ियां हैं, तो आपको किसी मशीन की जरूरत नहीं। रोज 10-15 मिनट सीढ़ियां चढ़ना आपके दिल को भी हेल्दी रखेगा और मोटापा कंट्रोल।
रस्सी कूदना
रस्सी कूदना बच्चों का खेल नहीं, बल्कि एक जबरदस्त कार्डियो वर्कआउट है। इससे वजन भी कंट्रोल में रहता है और पूरे शरीर में हरकत होती है। बस ध्यान रखें कि फर्श समतल हो।
जंपिंग जैक्स
बरसात के मौसम में लोग काफी थकान और आलस्य महसूस करते हैं। ऐसे में जंपिग जैक्स जैसी एक्सरसाइज का अभ्यास आपके शरीर की एनर्जी वापस लाने में मदद करेगा। इससे शरीर गर्म होता है, एनर्जी आती है और मूड भी अच्छा होता है।
हल्की स्ट्रेचिंग
सुबह-सुबह या वर्क फ्रॉम होम के दौरान हल्की स्ट्रेचिंग करने से शरीर एक्टिव रहता है और जोड़ों की जकड़न भी दूर होती है। इससे थकान भी कम लगती है।
बारिश के मौसम में बाहर निकलकर वॉक करना भले ही मुश्किल हो, लेकिन इसका मतलब ये नहीं कि आप फिट नहीं रह सकते। ऊपर बताए गए ये आसान घरेलू एक्सरसाइज, बिल्कुल वॉक के बराबर फायदा देते हैं।
डिस्क्लेमर: प्रस्तुत लेख में सुझाए गए टिप्स और सलाह केवल आम जानकारी के लिए हैं और इसे पेशेवर चिकित्सा सलाह के रूप में नहीं लिया जा सकता। किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी तरह का बदलाव करने से पहले अपने डॉक्टर से परामर्श जरूर लें।
