हेल्थ

Hug Day: क्या गले लगाने से मजबूत होती है इम्यूनिटी? जानें क्या कहता है हग थेरेपी का विज्ञान

वैलेंटाइन वीक के सभी दिन किसी न किसी तरह से स्पेशल हैं। इसी कड़ी में 12 फरवरी को हग डे मनाया जाता है। आज हम आपको बताएंगे कि कैसे गले लगाना हमारी बॉडी इम्यूनिटी को बूस्ट करने में मदद करता है। आइए जानते हैं हग थेरेपी के बारे में...

Image

क्या गले लगाने से इम्यूनिटी मजबूत होती है?

Hug Therapy Benefits: वैलेंटाइन वीक का हर दिन किसी खास भावना को समर्पित होता है, लेकिन 12 फरवरी का हग डे उन भावनाओं को शब्दों से आगे ले जाकर स्पर्श में बदल देता है। एक सच्चा आलिंगन जिसमें अपनापन हो, भरोसा हो और दिल से जुड़ाव हो कई बार हजार शब्दों से ज्यादा असरदार होता है। मगर क्या आप जानते हैं कि यह छोटा-सा हग आपकी सेहत के लिए भी बड़ा तोहफा साबित हो सकता है? जी हां विज्ञान मानता है कि गले लगना सिर्फ रिश्तों को नहीं, बल्कि आपकी बॉडी इम्यूनिटी और मेंटल हेल्थ को भी मजबूत बना सकता है। आइए हग डे के खास मौके पर जानते हैं हग थेरेपी के पीछे छिपा साइंस।

हग थेरेपी क्या है? What is Hug Therapy

हग थेरेपी या आलिंगन चिकित्सा किसी चमत्कार का नाम नहीं, बल्कि मानवीय स्पर्श की शक्ति पर आधारित वैज्ञानिक अवधारणा है। जब हम किसी अपने को गले लगाते हैं, तो हमारे शरीर में कई सकारात्मक बदलाव शुरू हो जाते हैं। इस दौरान शरीर में ऑक्सीटोसिन नामक हार्मोन रिलीज होता है, जिसे ‘लव हार्मोन’ कहा जाता है। यह हार्मोन तनाव को कम करता है, रिश्तों में भरोसा बढ़ाता है और मन को गहरी शांति देता है। यही कारण है कि किसी करीबी को गले लगाने के बाद मन हल्का और सुकूनभरा महसूस होता है।

हग और इम्यूनिटी का क्या संबंध है? Hugging And Immunity Relation

हमारी रोग प्रतिरोधक क्षमता को कमजोर करने के पीछे सबसे बड़ा कारण तनाव है। जब हम काफी लंबे समय तक तनाव में रहते हैं, तो शरीर में कोर्टिसोल नाम का हार्मोन बढ़ने लगता है, जो हमारे इम्यून सिस्टम को प्रभावित कर सकता है। वहीं गले लगने से कोर्टिसोल का लेवल कम होता है और शरीर रिलैक्स मोड में चला जाता है। इससे हमारा इम्यून सिस्टम बेहतर तरीके से काम कर पाता है।

कुछ रिसर्च में पाया गया है कि जो लोग नियमित रूप से अपने प्रियजनों के संपर्क में रहते हैं और इमोशनल अटैचमेंट पाते हैं, उन्हें सर्दी-जुकाम जैसी बीमारियों का खतरा काफी कम देखने को मिलता है। यानी एक गर्मजोशी भरा हग आपके शरीर को बीमारियों से लड़ने के लिए मजबूत बना सकता है।

दिल और दिमाग भी रहेगा फिट

हेल्थ एक्सपर्ट्स का मानना है कि गले लगने से हमारा ब्लड प्रेशर भी नियंत्रण में रहता है। जब हम किसी को गले लगाते हैं, तो हार्ट बीट स्थिर होती है और शरीर में एक सकारात्मक ऊर्जा का संचार होता है। यह चिंता, अकेलापन और डिप्रेशन की भावनाओं को भी कम करने में सहायक है।

इसके साथ ही मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञों के अनुसार, एक सच्चा आलिंगन व्यक्ति को अकेलेपन के एहसास से दूर करता है। यह भावनात्मक सुरक्षा का सच्चा अनुभव देता है, जो मानसिक मजबूती के लिए बेहद जरूरी है।

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article