हेल्थ

बजट में हेल्थ सेक्टर को क्या मिला? सस्ता हुआ इस जानलेवा बीमारी का इलाज, कम दाम में मिलेंगी 36 महंगी दवाएं

Health Budget 2025 Highlights in Hindi: कल यानी 1 फरवरी को देश की वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने बजट संसद के सामने पेश किया। जिसमें लोगों के लिए कई तरह की योजनाओं की घोषणा की गई। आज हम आपको इस बजट में हेल्थ सेक्टर को मिली सुविधाओं के बारे में बताने जा रहा हैं। साथ ही जानिए किस जानलेवा बीमारी का इलाज कराना होगा सस्ता?

Image

health budget 2025 Highlights in hindi

Health Budget 2025 Highlights in Hindi: इस साल के बजट से हेल्थ सेक्टर को बहुत उम्मीद थी। जिसमें बहुत सी उम्मीदों पर सरकार ने खरा उतरने का प्रयास भी किया है। हेल्थ सेक्टर में सरकारी खर्च को बढ़ाने की बात की गई है। जिससे स्वास्थ्य सेवाएं पहले से बेहतर हो सकेंगी। इसके अलावा कई जरूरी दवाओं में भी टैक्स रिफॉर्म किए गए हैं। जिसका सीधा फायदा मरीजों को होने वाला है। इसके अलावा सरकार ने मेडिकल क्षेत्र में पढ़ाई की सीटें बढ़ाने का भी फैसला लिया है। आइए जानते हैं इस बजट में हेल्थ सेक्टर को मिली सौगातों के बारे में...

सस्ती होंगी ये दवाएं?

कैंसर रोगियों के लिए इस बजट में काफी अहम घोषणाएं की गईं हैं। कैंसर के इलाज के प्रयोग की जा रही 36 लाइफ सेविंग दवाओं पर लगी बेसिक कस्टम ड्यूटी को पूरी तरह खत्म कर दिया गया है। इसके अलावा 13 पेशेंट असिस्टेंट प्रोग्राम को भी बेसिक कस्टम ड्यूटी से मुक्त कर दिया है। इसके अलावा और 6 जीवन रक्षक दवाओं को भी 5% वाली सीमा शुल्क की लिस्ट में जोड़ा गया है।

कैंसर का इलाज होगा आसान

भारत में कैंसर के मामले काफी तेजी से बढ़ते जा रहे हैं। लैंसेट की एक रिसर्च की मानें तो साल 2019 में भारत कैंसर के मामलों में दूसरा सबसे बड़ा देश है। साल 2019 में कैंसर से 9 लाख से ज्यादा लोगों ने अपनी जान गंवाई। वहीं साल 2020 में यह आंकड़ा बढ़कर 14 लाख और 2022 में लगभग 15 लाख हो गया। लेकिन इस बजट के बाद कैंसर के मरीजों को अपना इलाज करने में काफी सहूलियत महसूस होगी।

बढ़ेंगी मेडिकल सीटें

सरकार ने इस बजट में मेडिकल एजुकेशन पर भी फोकस किया है। सरकार ने बजट में ऐलान किया है कि इस साल मेडिकल की नई 10 हजार सीटों की बढ़ोतरी की जाएगी। जिन्हें अगले 5 साल में 75 हजार तक बढ़ाने की योजना है। इससे मेडिकल की तैयारी कर रहे छात्रों को काफी फायदा मिलने वाला है।

gulshan kumar
गुलशन कुमार author

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लो... और देखें

End of Article