हेल्थ

World Stroke Day: स्ट्रोक के लक्षण क्या होते हैं, स्ट्रोक के लक्षण दिखें तो सबसे पहले क्या करें? ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी

World Stroke Day 2026, Stroke Symptoms: आज World Stroke Day है, यहां जानें ब्रेन स्ट्रोक के शुरुआती लक्षण, स्ट्रोक कैसे पहचाने और इमरजेंसी में उठाए जाने वाले जरूरी कदम कौन से। कौनसी गलतियां पड़ सकती हैं भारी।

Image

World Stroke day 2026, stroke symptoms

World Stroke Day 2026, Stroke Symptoms: ब्रेन स्ट्रोक एक ऐसी गंभीर स्थिति है, जिसमें दिमाग के किसी हिस्से तक खून पहुंचने में रुकावट आती है या मस्तिष्क की कोई रक्त वाहिका फट जाती है। ऐसी स्थिति में समय पर इलाज मिलना बेहद जरूरी होता है। परेशानी की बात यह है कि कई बार स्ट्रोक के शुरुआती संकेतों को लोग थकान, चक्कर या उम्र बढ़ने का असर समझकर नजरअंदाज कर देते हैं। ऐसे में स्ट्रोक के लक्षणों की पहचान होनी जरूरी है।

हर साल 29 अक्टूबर को मनाए जाने वाले World Stroke Day का उद्देश्य भी स्ट्रोक के प्रति जागरूकता बढ़ाना और लोगों को समय पर मदद लेने के लिए प्रेरित करना है। अगर आपके आसपास किसी व्यक्ति में अचानक ऐसे लक्षण दिखाई दें, तो घबराने के बजाय सही कदम उठाना जरूरी है। आइए जानते हैं स्ट्रोक के प्रमुख लक्षण क्या हैं, ऐसी स्थिति में सबसे पहले क्या करना चाहिए और कौन-सी गलतियां नुकसानदायक हो सकती हैं।

स्ट्रोक के लक्षण क्या होते हैं?

स्ट्रोक के लक्षण अक्सर अचानक दिखाई देते हैं। इन्हें पहचानने के लिए FAST तरीका याद रखना उपयोगी है।

  • F (Face): चेहरे का एक तरफ झुक जाना या मुस्कुराने में परेशानी होना।
  • A (Arms): एक हाथ में अचानक कमजोरी आना या दोनों हाथ ऊपर उठाने में परेशानी होना।
  • S (Speech): बोलने में लड़खड़ाहट, शब्द समझने में परेशानी या बात स्पष्ट न कर पाना।
  • T (Time): इनमें से कोई भी संकेत दिखे तो तुरंत इमरजेंसी चिकित्सा सहायता लें।
इसके अलावा अचानक नजर धुंधली होना, संतुलन बिगड़ना, चलने में परेशानी या बिना किसी स्पष्ट कारण के तेज सिरदर्द होना भी स्ट्रोक के संकेत हो सकते हैं।

स्ट्रोक के लक्षण दिखें तो सबसे पहले क्या करें?

अगर किसी व्यक्ति में स्ट्रोक के लक्षण दिखाई दें, तो तुरंत एंबुलेंस बुलाएं या स्थानीय इमरजेंसी सेवा से संपर्क करें। लक्षण शुरू होने का समय नोट कर लें, क्योंकि इससे डॉक्टर को इलाज तय करने में मदद मिलती है।

मरीज को सुरक्षित जगह पर आराम से रखें और उसके साथ रहें। अगर लक्षण कुछ देर बाद अपने आप ठीक हो जाएं, तब भी अस्पताल जरूर जाएं। यह मिनी स्ट्रोक यानी TIA का संकेत हो सकता है, जिसके बाद गंभीर स्ट्रोक का खतरा हो सकता है।

स्ट्रोक के दौरान ये गलतियां पड़ सकती हैं भारी

इलाज में देरी न करें: लक्षण अपने आप ठीक होने का इंतजार न करें।

खाना-पानी न दें: स्ट्रोक के दौरान निगलने में परेशानी हो सकती है।

खुद से दवा न दें: एस्पिरिन जैसी दवा बिना डॉक्टर की सलाह के न दें, क्योंकि स्ट्रोक रक्तस्राव के कारण भी हो सकता है।

घरेलू नुस्खों में समय न गंवाएं: तेल मालिश या अन्य उपायों के भरोसे अस्पताल जाने में देर न करें।

Avni Bagrola
अवनी बागरोलाauthor

अवनी बागरोला टाइम्स नाउ नवभारत डिजिटल के लाइफस्टाइल सेक्शन में कंटेंट राइटर के रूप में कार्यरत हैं। फैशन, ब्यूटी, ट्रेंड्स, पर्सनल स्टाइलिंग और मॉडर्न लाइफस्टाइल से जुड़े कंटेंट पर उनकी मजबूत पकड़ उन्हें जेन Z और स्टाइल-सेवी ऑडियंस के बीच खास पहचान दिलाती है। अवनी की लेखन शैली सरल, ट्रेंडी और यूज़र-फ्रेंडली है, जो पाठकों को तेजी से बदलते फैशन व लाइफस्टाइल ट्रेंड्स को समझने में मदद करती है। अब तक 3000 से अधिक आर्टिकल्स लिख चुकी अवनी क्रिएटिव अप्रोच, अपडेटेड नॉलेज और रियल-टाइम ट्रेंड सेंस के लिए जानी जाती हैं।

और पढ़ें
End of Article