तनाव और थकान का रामबाण इलाज, जानें रोज सुबह त्रिकोणासन करने के कमाल के फायदे
- Edited by: गुलशन कुमार
- Updated Dec 10, 2025, 06:03 AM IST
Health Benefits of Trikonasana : त्रिकोणासन शरीर को लचीला बनाने के साथ-साथ तनाव और चिंता को कम करने में बेहद प्रभावी योगासन है। यह आसन रक्त संचार को बेहतर बनाकर मन को शांत रखता है और मानसिक एकाग्रता में सुधार लाता है। इसके नियमित अभ्यास से लाइफस्टाइल बेहतर होती है और व्यक्ति ज्यादा ऊर्जावान महसूस करता है।
त्रिकोणासन के फायदे
Health Benefits of Trikonasana : आज के समय में सेहतमंद और अच्छे शरीर की चाह हर कोई रखता है, लेकिन व्यस्त दिनचर्या के चलते ऐसा होना लोगों के लिए थोड़ा मुश्किल होता है। 'त्रिकोणासन' एक ऐसा योगासन है जिसे कम समय में किया जा सकता है और जिसको करने से कई सारे लाभ भी मिलते हैं। आज हम आपको बताएंगे कि कैसे त्रिकोणासन आपको चिंता और तनाव से मुक्ति दिलाकर फिट रहने में मदद करता है।
बेहतर रक्त संचार
इस योगासन को नियमित करने से मांसपेशियां लचीली होती हैं और रक्त संचार बेहतर होता है। रोजाना अभ्यास करने से शरीर को दाएं और बाएं तरफ स्ट्रेच मिलता है, जिससे पीठ, हाथों और पैरों की मांसपेशियों की सक्रियता बढ़ती है।
बेहतर पाचन
आयुष मंत्रालय के अनुसार, त्रिकोणासन एक ऐसा योगासन है जो शरीर को लचीला, संतुलित और शक्तिशाली बनाता है। साथ ही, यह पाचन को बेहतर बनाता है और कमर व जांघों की मांसपेशियों को मजबूत बनाता है।
वेट लॉस में मदद
त्रिकोणासन एक ऐसी अभ्यास क्रिया है जिसके नियमित अभ्यास से वजन नियंत्रित होता है। साथ ही, तनाव और चिंता भी कम होती है, यह साथ ही संतुलन और एकाग्रता में भी वृद्धि करता है।
कैसे करें त्रिकोणासन
इसको करने के लिए योगा मैट पर दोनों पैरों को 3 से 4 फीट की दूरी पर फैलाएं। दाएं पैर को 90 डिग्री बाहर की ओर घुमाएं और बाएं पैर को थोड़ा अंदर की ओर मोड़ें। अब दोनों हाथों के कंधों को सीधे फैलाएं और अपनी हथेलियों को नीचे की ओर रखें। धीरे-धीरे दाईं ओर झुकें और दाहिने हाथ से दाएं पैर या टखने को छूने का प्रयास करें। बायां हाथ सीधा ऊपर की ओर रखें। इस स्थिति में 20 से 30 सेकंड तक रहें। सांस सामान्य रखें। फिर धीरे से ताड़ासन में वापस आएं। इसी प्रक्रिया को बाईं ओर दोहराएं।
इसे करते समय हाथ, पैर और रीढ़ एक त्रिकोण बनाते हैं, और यह तनाव कम करने में भी मददगार है, लेकिन स्लिप डिस्क या साइटिका जैसी स्थितियों में सावधानी बरतनी चाहिए।
त्रिकोणासन के नियमित अभ्यास से शरीर की एनर्जी बढ़ती है। हालांकि, इसके अभ्यास में कई सावधानी भी बरतने की सलाह दी जाती है।
इनपुट - आईएएनएस