Surendranagar News: सुरेंद्रनगर शहर में शिवालिक कॉम्प्लेक्स स्थित ‘क्लब 71’ जिम के संचालक अमीन यासीनभाई मुलतानी को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, जिम आने वाली युवतियों से छेड़छाड़ करने, व्हाट्सऐप के जरिए उनके न्यूड फोटो हासिल कर ब्लैकमेल करने और जबरन रुपये वसूलने की शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू की गई थी। छापे में पुलिस को पेन ड्राइव में करीब 100 से 150 आपत्तिजनक फोटो और वीडियो मिले हैं।
शिकायत के बाद जिम में छापा
पुलिस प्रेस नोट के अनुसार, शिकायत पर जांच शुरू हुई और तथ्य सामने आने पर जिम में कार्रवाई की गई। सुरेंद्रनगर के पुलिस अधीक्षक (SP) आईपीएस प्रेमसुख डेलू ने बताया कि पुलिस को एक गुप्त शिकायत पत्र मिला था, जिसे पढ़ने के बाद एएसपी वेदिका बिहाणी के नेतृत्व में जिम में छापा मारा गया।
आरोपी की गिरफ्तारी, दोनों जिम सील किए गए
इस मामले में सुरेंद्रनगर सिटी ए डिवीजन पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 308(5), 74, 75(2), 351(3) और 352 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस ने 3 अक्टूबर को दोपहर 12 बजे अमीन मुलतानी को गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस को छापे में कोरे चेक और हिसाब-किताब की चोपड़ियां भी मिली हैं।
प्रेस नोट के अनुसार, इनके आधार पर जांच में सामने आया है कि जिम की आड़ में कथित तौर पर गैरकानूनी गतिविधियां और ब्याज पर रुपये देने-लेने का काम चल रहा था। SP के अनुसार, यहां से 17 चेक और अन्य दस्तावेज बरामद हुए हैं। जांच में सामने आया कि दोनों जिम बिना लाइसेंस और जरूरी अनुमति के चल रहे थे। इसके बाद महानगरपालिका के कर्मचारियों की मौजूदगी में शिवालिक कॉम्प्लेक्स और 80 फीट रोड स्थित दोनों ‘क्लब 71’ जिम को सील कर दिया गया।
जब्त सामान की लिस्ट
- मोबाइल फोन: 5 (कीमत करीब ₹1.31 लाख)
- पेन ड्राइव: 4
- एडाप्टर: 1
- ब्लूटूथ डिवाइस: 1
- सिम कार्ड: 2
- कोरे चेक और हिसाब-किताब की चोपड़ियां
SP प्रेमसुख डेलू बताया ये
सुरेंद्रनगर के SP प्रेमसुख डेलू ने हमसे ने कहा कि, "सिटी ए डिवीजन पुलिस स्टेशन क्षेत्र में ‘क्लब 71’ नाम से एक जिम चलती है। उस जिम में लड़कियों के साथ छेड़छाड़ और उनसे अवैध मांग किए जाने की शिकायत का एक गुप्त पत्र हमारे पास आया था। उसे पढ़ने के बाद एएसपी वेदिका बिहाणी के द्वारा वहां छापा मारा गया। छापे में जिम से हमें कई पेन ड्राइव मिले, जिनमें लगभग 100 से 150 अवैध प्रकार के फोटो और वीडियो मिले हैं। उस पर आगे की कार्रवाई जारी है। सिटी ए डिवीजन पुलिस स्टेशन में एफआईआर दर्ज हुई है, जिसमें महिलाओं को डराने-धमकाने और उनसे विभिन्न प्रकार की मांग रखने का मामला दर्ज किया गया है। इसके अलावा वह वहां ब्याज का काम भी करता था, जिसमें 17 चेक और अन्य चीजें बरामद हुई हैं। इस पर भी पुलिस की कार्रवाई आगे चल रही है।"
