हेल्थ

सेहत का खजाना है हिमालय की देन काला मसाला, स्वाद और सुगंध के साथ-साथ हेल्थ के लिए भी फायदेमंद

हमारी रसोई में मौजूद मसाले हमारी सेहत के लिए कई तरह से फायदेमंद होते हैं। यही कारण है कि रसोई को मिनी औषधालय कहा जाता है। आज हम आपको रसोई में मौजूद एक ऐसे ही मसाले के बारे में बताएंगे जिसकी उत्पत्ति हिमालय पर मानी जाती है। आइए जानते हैं कौन सा है ये मसाला और क्या हैं इसके फायदे?

Image

काली इलायची के फायदे

हमारी रसोई में ऐसे मसाले छिपे होते हैं, जिनको अक्सर पर हम कमतर आंकते हैं। इन्हीं में से एक है काली इलायची। यह अपने स्वाद और खुशबू से व्यंजनों को एक अलग ही पहचान देती है। साथ ही यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है। काली इलायची को नेपाली इलायची भी कहते हैं। यह मसाला नेपाल और भारत के हिमालयी क्षेत्रों में पाया जाता है और इसका उपयोग आमतौर पर नमकीन व्यंजनों में किया जाता है। यह जिंजिबरेसी फैमिली से संबंधित है। इसकी फलियां बड़ी, खुरदरी और गहरे भूरे या काले रंग की होती हैं, जिनके अंदर छोटे, चिपचिपे काले बीज होते हैं। आइए जानते हैं इसके हेल्थ बेनिफिट्स के बारे में...

आईएएनएस की खबर के मुताबिक, चरक संहिता में काली इलायची का उपयोग विभिन्न स्वास्थ्य समस्याओं के उपचार के लिए किया गया है, जिसमें दर्द, दुर्गंध, त्वचा रोग, मतली और पाचन संबंधी समस्याएं शामिल हैं। इसे 'अंगमर्द प्रशमन महाकषाय' के अंतर्गत भी सूचीबद्ध किया गया है, जो शरीर के दर्द से राहत दिलाने में उपयोगी है।

आयुर्वेद में काली इलायची को 'दीपन' और 'पाचन' गुणों से युक्त माना गया है। इससे पाचन क्रिया से जुड़ी समस्याएं दूर होती हैं। गर्मियों में काली इलायची का पानी पीने से गैस, कब्ज, पेट में दर्द की परेशानी भी कम होती है। इसी के साथ ही यह इम्यूनिटी मजबूत करने में भी मदद करता है।

आयुर्वेदाचार्य के अनुसार, काली इलायची में 'ओज वर्धक' गुण होते हैं, जो मौसमी संक्रमण और बीमारियों के खतरे को कम करते हैं। गर्मियों में काली इलायची का पानी पीने से शरीर से पर्याप्त मात्रा में विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालने में मदद मिलती है। ये किडनी को स्वस्थ रखता है, जिससे त्वचा और बालों से जुड़ी समस्याएं कम होती है। शरीर से विषाक्त पदार्थ बाहर निकलने से विभिन्न प्रकार की बीमारियां भी दूर रहती हैं।

इसमें एंटीमाइक्रोबियल गुण होते हैं, जो मुंह के बैक्टीरिया को खत्म करने में मदद करता है, साथ ही सांस की दुर्गंध और मसूड़ों की समस्याएं भी दूर करता है। इसकी तीखी सुगंध और औषधीय गुण सर्दी, खांसी और गले की खराश में राहत दे सकते हैं।

इनपुट - आईएएनएस

gulshan kumar
गुलशन कुमारauthor

गुलशन कुमार टाइम्स नाउ हिंदी डिजिटल के हेल्थ सेक्शन से जुड़े हैं। फिटनेस और योग के प्रति उनकी रुचि उन्हें हेल्थ जर्नलिज्म की ओर लेकर आई, जहां वे आम लोगों की जीवनशैली, सेहत और वेलनेस से जुड़े विषयों पर लगातार काम कर रहे हैं। गुलशन अबतक 2,000 से अधिक आर्टिकल लिख चुके हैं। उनके लेखों में आसान भाषा में दी गई जानकारी, रिसर्च-बेस्ड टिप्स और रोजमर्रा की सेहत से जुड़े विषयों की स्पष्ट समझ दिखाई देती है। हेल्थ अवेयरनेस को बढ़ावा देना, फिटनेस को सरल तरीके से समझाना और बेहतर लाइफस्टाइल के लिए उपयोगी सुझाव देना—गुलशन की लेखन शैली की खासियत है।

और पढ़ें
End of Article