Men Health After 30 Hindi: जैसे-जैसे उम्र बढ़ती है जिंदगी की रफ्तार भी तेज हो जाती है। 30 की उम्र पार करते ही लोगों के शरीर में कई तरह के बदलाव शुरू हो जाते हैं, खासकर पुरुषों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ता है। उनके ऊपर नौकरी की जिम्मेदारी, परिवार की चिंता और काम का दबाव इतना बढ़ जाता है कि अपनी सेहत के लिए समय ही नहीं बचता। ज्यादातर पुरुष यही सोचते हैं कि जब तक कोई दर्द या परेशानी नहीं है, तब तक सब ठीक है। लेकिन सच यह है कि कई गंभीर बीमारियां बिना किसी बड़े लक्षण के शरीर के अंदर धीरे-धीरे बढ़ने लगती हैं। जब तक इनका पता चलता है, तब तक बीमारी काफी आगे बढ़ चुकी होती है।
सीके बिड़ला हॉस्पिटल, दिल्ली के डॉ. अमित प्रकाश सिंह (कंसल्टेंट- इंटरनल मेडिसिन) और डॉ. ऋषि राज वोहरा (कंसल्टेंट- यूरोलॉजी) का कहना है कि अगर 30-40 की उम्र में कुछ जरूरी जांच करवा ली जाए और रोजमर्रा की कुछ आदतों में बदलाव कर लिया जाए, तो कई गंभीर बीमारियों से बचा जा सकता है। आइए डॉक्टर से ही जानते हैं बढ़ती उम्र के साथ पुरुषों में किन साइलेंट बीमारियों का रिस्क बढ़ जाता है और इनसे बचने के लिए क्या किया जा सकता है।
पेट निकलना सिर्फ मोटापा नहीं कई बीमारियों की शुरुआत - hidden health risks men
आजकल घंटों ऑफिस में बैठकर काम करना, बाहर का खाना और कम शारीरिक मेहनत करना आम बात हो गई है। इसका असर सबसे पहले पेट पर दिखाई देता है। लेकिन बाहर निकला हुआ पेट सिर्फ देखने में खराब नहीं लगता, बल्कि यह कई बीमारियों की शुरुआत भी हो सकता है।
डॉ. अमित प्रकाश सिंह बताते हैं कि पेट के आसपास जमा चर्बी से हाई ब्लड प्रेशर, शुगर और दिल की बीमारी का खतरा बढ़ जाता है। कई बार पुरुषों में यौन कमजोरी या इरेक्शन में दिक्कत भी शरीर की नसों में आ रही समस्या का शुरुआती संकेत हो सकती है। इसलिए इसे शर्म की वजह से छिपाने के बजाय डॉक्टर से सलाह लेना बेहतर होता है।

निकला पेट बन रहा बड़ी परेशानी
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें: क्या होता है PTSD, क्या बार-बार बुरे सपने आना भी है इसका संकेत
हर समय थकान और खर्राटे भी खतरे का इशारा
अगर पूरी रात सोने के बाद भी सुबह उठते ही थकान महसूस होती है या रात में बहुत तेज खर्राटे आते हैं, तो इसे सामान्य बात मानकर नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। डॉक्टरों के मुताबिक कुछ लोगों की नींद के दौरान सांस बार-बार रुकती है, जिससे शरीर को पूरी ऑक्सीजन नहीं मिल पाती। इसका असर दिल, ब्लड प्रेशर और पूरे शरीर पर पड़ सकता है।
इसी तरह हर समय तनाव में रहना, छोटी-छोटी बातों पर गुस्सा आना या मन उदास रहना भी सिर्फ मानसिक परेशानी नहीं है। लंबे समय तक तनाव शरीर के कई अंगों पर असर डालता है। अगर लगातार कमजोरी, थकान या पहले जैसी ताकत महसूस न हो, तो इसकी जांच भी करानी चाहिए।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें: 100% आटा, नो एडेड शुगर और 'डाइजेस्टिव' दावे पर घिरी कंपनी, FSSAI ने भेजा नोटिस

कम पानी और गलत खानपान से बढ़ रहे किडनी स्टोन
कम पानी और गलत खानपान से बढ़ रहे किडनी स्टोन
डॉ. ऋषि राज वोहरा बताते हैं कि 30 से 40 साल के पुरुषों में किडनी स्टोन यानी पथरी के मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। इसकी सबसे बड़ी वजह है दिनभर कम पानी पीना, ज्यादा नमक और जंक फूड खाना, बढ़ता वजन और घंटों एक ही जगह बैठे रहना।
शुरुआत में पथरी का पता नहीं चलता, लेकिन बाद में कमर या पेट में तेज दर्द, बार-बार पेशाब का संक्रमण और किडनी को नुकसान जैसी परेशानी हो सकती है। अगर पेशाब करते समय जलन हो, बार-बार पेशाब आए, पेशाब की धार कमजोर लगे या पेशाब में खून दिखाई दे, तो बिना देरी किए डॉक्टर से जांच करानी चाहिए।
टाइम्स नाऊ नवभारत पर यह भी पढ़ें: PTSD और सामान्य तनाव में क्या अंतर है, डॉक्टर से जानिए कौन सी स्थिति है ज्यादा खतरनाक
लिवर और आंतों की बीमारी का खतरा भी बढ़ रहा है
डॉक्टरों के अनुसार आजकल कम उम्र में ही फैटी लिवर की समस्या बढ़ रही है। इसकी एक बड़ी वजह ज्यादा शराब पीना, तला-भुना खाना और बढ़ता वजन है। अगर समय रहते ध्यान न दिया जाए, तो यह आगे चलकर लिवर को नुकसान पहुंचा सकता है।
इसके अलावा 45 साल की उम्र के बाद बड़ी आंत से जुड़ी गंभीर बीमारियों की जांच भी समय पर करवा लेनी चाहिए। पुरुषों को अपने शरीर में होने वाले किसी भी असामान्य बदलाव को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और जरूरत पड़ने पर डॉक्टर से खुलकर बात करनी चाहिए।

पुरुष बचाव के लिए अपनाएं ये टिप्स
छोटी-सी सावधानी बड़ी बीमारी से बचा सकती है
डॉ. अमित प्रकाश सिंह सलाह देते हैं कि 30 साल की उम्र के बाद पुरुषों को हर साल ब्लड प्रेशर, ब्लड शुगर, कोलेस्ट्रॉल, थायरॉयड और वजन की जांच जरूर करानी चाहिए। अगर परिवार में किसी को दिल की बीमारी, डायबिटीज या हाई बीपी रहा है, तो जांच को बिल्कुल नहीं टालना चाहिए।
इसके साथ रोज कम से कम 30 मिनट तेज चाल से चलना या कोई भी एक्सरसाइज करना, हफ्ते में दो-तीन दिन हल्की स्ट्रेंथ ट्रेनिंग करना, घर का संतुलित खाना खाना, 7-8 घंटे की नींद लेना, धूम्रपान और वेपिंग से दूर रहना और शराब कम पीना लंबे समय तक स्वस्थ रहने का आसान तरीका है।
याद रखिए, 30-40 की उम्र में शरीर अक्सर छोटे-छोटे संकेत देता है। अगर इन्हें समय रहते समझ लिया जाए, तो भविष्य की कई बड़ी बीमारियों से बचा जा सकता है।
