Processed Foods In Excess Can Affect Male Fertility: आजकल भागदौड़ भरी जिंदगी में फास्ट फूड और पैकेज्ड स्नैक्स हमारी दिनचर्या का हिस्सा बन गए हैं। चिप्स, बर्गर, फ्रेंच फ्राइज या कोल्ड ड्रिंक खाने-पीने में आसान और टेस्ट में भी लाजवाब लगते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि इनका ज्यादा सेवन आपकी सेहत ही नहीं बल्कि पुरुषों की फर्टिलिटी पर भी बुरा असर डालता है? हाल ही में हुई एक स्टडी में सामने आया है कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड्स (UPF) पुरुषों के स्पर्म क्वालिटी को घटा सकते हैं और हार्मोनल बैलेंस को बिगाड़ देते हैं। आइए जानते हैं स्टडी में क्या खुलासा हुआ।
प्रोसेस्ड फूड और स्पर्म क्वालिटी का रिश्ता
स्टडी के मुताबिक जिन पुरुषों ने ज्यादा मात्रा में अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड खाए, उनमें स्पर्म क्वालिटी में गिरावट देखी गई। सिर्फ तीन हफ्तों में ही उनकी प्रजनन क्षमता पर असर पड़ा। यानी टेस्ट वही कैलोरी वाले खाने के साथ किया गया, लेकिन फर्क सिर्फ इतना था कि एक डाइट प्रोसेस्ड थी और दूसरी नेचुरल।
हार्मोनल लेवल पर पड़ा असर
जिन पुरुषों ने प्रोसेस्ड फूड खाया, उनके शरीर में टेस्टोस्टेरोन और FSH हार्मोन का स्तर घटा पाया गया। ये दोनों हार्मोन स्पर्म बनने और उनकी क्वालिटी को बनाए रखने के लिए बेहद जरूरी होते हैं। हार्मोनल गड़बड़ी से पुरुषों की फर्टिलिटी सीधे प्रभावित होती है।
वजन और फैट में बढ़ोतरी
स्टडी में यह भी पाया गया कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड खाने वाले पुरुषों का वजन तेजी से बढ़ा। तीन हफ्तों में ही उनका फैट मास लगभग 1 किलो तक बढ़ गया। मोटापा और ज्यादा फैट का सीधा असर प्रजनन क्षमता पर पड़ता है।
पैकेजिंग केमिकल्स का खतरा
प्रोसेस्ड फूड ज्यादातर प्लास्टिक पैकेजिंग में आते हैं। इनमें मौजूद हानिकारक केमिकल्स जैसे फ्थैलेट्स शरीर में जाकर हार्मोनल बैलेंस बिगाड़ देते हैं। इससे पुरुषों की रिप्रोडक्टिव हेल्थ को और नुकसान होता है।
नेचुरल डाइट है बेहतर विकल्प
स्टडी में ये भी बताया गया कि अगर पुरुष अनप्रोसेस्ड या कम प्रोसेस्ड डाइट अपनाएं जैसे फल, सब्जियां, अनाज और नट्स, तो स्पर्म क्वालिटी बेहतर हो सकती है। मेडिटेरेनियन जैसी डाइट प्रजनन क्षमता को मजबूत बनाने में मदद करती है।
यह स्टडी साफ करती है कि अल्ट्रा-प्रोसेस्ड फूड सिर्फ मोटापा या डायबिटीज की वजह नहीं बनते, बल्कि यह पुरुषों की फर्टिलिटी पर भी बुरा असर डालते हैं। स्पर्म क्वालिटी और हार्मोनल बैलेंस बिगड़ने से भविष्य में पिता बनने की संभावना भी घट सकती है। ऐसे में अगर आप अपनी हेल्थ और फर्टिलिटी को बेहतर रखना चाहते हैं, तो ज्यादा प्रोसेस्ड फूड्स से दूरी बनाकर नेचुरल और संतुलित डाइट अपनाना ही सबसे बेहतर विकल्प है।
