बिजनेस

Anthropic ने रचा इतिहास! IPO से ₹10 लाख करोड़ जुटाए, तोड़ा SpaceX का रिकॉर्ड

AI चैटबोट क्लॉड को बनाने वाली कंपनी एंथ्रोपिक ने वित्तीय बाजार में इतिहास रच दिया है। कंपनी ने एलन मस्क की स्पेस एक्स का रिकॉर्ड तोड़ते हुए IPO के जरिये करीब 10 लाख करोड़ रुपये जुटाए हैं।

Image

एंथ्रोपिक की आज होगी लिस्टिंग

Anthropic IPO Valuation : AI सेक्टर में एक और इतिहास बन गया है। Claude AI चैटबॉट बनाने वाली अमेरिकी कंपनी Anthropic ने IPO और प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए कुल 107.3 अरब डॉलर (करीब ₹10.03 लाख करोड़) जुटाए हैं। इसके साथ ही कंपनी ने SpaceX के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस तरह एंथ्रोपिक का IPO दुनिया में सबसे बड़ा बन गया है।

Anthropic का केवल IPO 81.3 अरब डॉलर का है, जो SpaceX के 75 अरब डॉलर के पिछले रिकॉर्ड से बड़ा है। कंपनी की पूरी तरह डाइल्यूटेड वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर (लगभग ₹140 लाख करोड़) पहुंच गई है। निवेशकों की मांग इतनी ज्यादा थी कि कंपनी को शेयरों की कीमत अपने शुरुआती प्राइस बैंड से ऊपर तय करनी पड़ी। Anthropic की Nasdaq पर लिस्टिंग 19 नवंबर को होने वाली है।

किसने कितने शेयर बेचे?

IPO में Anthropic ने अपने 95.64 करोड़ शेयर बेचे, जबकि कंपनी के सात को-फाउंडर्स ने मिलकर 2.36 करोड़ शेयरों की बिक्री की। यानी कुल 98 करोड़ शेयरों की पेशकश की गई। इस तरह Anthropic और उसके सात को-फाउंडर्स ने मिलकर IPO और प्राइवेट प्लेसमेंट के जरिए कुल 107.3 अरब डॉलर जुटाए हैं। इसमें सबसे बड़ा हिस्सा IPO का है। कंपनी ने कुल 98 करोड़ शेयर 83 डॉलर प्रति शेयर की कीमत पर बेचे हैं।

SpaceX के रिकॉर्ड को पीछे छोड़ा

Anthropic ने IPO के जरिए 81.3 अरब डॉलर जुटाकर अब तक के सबसे बड़े IPO का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है। इससे पहले यह रिकॉर्ड SpaceX के पास था, जिसने जून में अपने IPO के जरिए करीब 75 अरब डॉलर जुटाए थे। इस तरह Anthropic ने अकेले IPO के आकार में ही SpaceX को पीछे छोड़ दिया। इसमें 26 अरब डॉलर के प्राइवेट प्लेसमेंट को शामिल करने पर कुल फंडरेजिंग 107.3 अरब डॉलर हो जाती है। कंपनी के शेयरों की कीमत 83 डॉलर तय की गई है। इससे पहले Anthropic ने 70 से 78 डॉलर प्रति शेयर का प्राइस बैंड रखा था। लेकिन निवेशकों की भारी मांग के चलते अंतिम कीमत शुरुआती दायरे के ऊपरी स्तर से भी 5 डॉलर ज्यादा तय हुई।

दुनिया की टॉप-15 कंपनियों में जगह

Anthropic IPO के तहत शेयर प्राइस 83 डॉलर तय होने के बाद कंपनी की पूरी तरह डाइल्यूटेड वैल्यूएशन करीब 1.5 ट्रिलियन डॉलर पहुंच गई है। भारतीय रुपये में यह रकम लगभग ₹140 लाख करोड़ बैठती है। इस वैल्यूएशन के साथ Anthropic दुनिया की 15 सबसे बड़ी सार्वजनिक रूप से लिस्टेड कंपनियों में शामिल होने वाली है। Bloomberg के आंकड़ों के मुताबिक, कंपनी की मार्केट वैल्यू Tesla के लगभग बराबर और Eli Lilly से ज्यादा हो सकती है।

उम्मीद से कम रहा वैल्यूएशन

भले ही एंथ्रोपिक ने इतिहास रचा है। लेकिन, वैल्यूएशन के मोर्चे पर बाजार की उम्मीदों पर खरी नहीं उतरी है। क्योंकि, 2 ट्रिलियन डॉलर के वैल्यूएशन का अनुमान लगाा जा रहा था। लेकिन, पिछले दिनों AI और टेक शेयरों में आई गिरावट की वजह से एंथ्रोपिक के वैल्यूएशन को झटका लगा है।

Google, Microsoft और Nvidia जैसी कंपनियों ने लगाए पैसे

Anthropic के प्राइवेट प्लेसमेंट में दुनिया की कई बड़ी टेक कंपनियों ने हिस्सा लिया है। इनमें Alphabet की Google, Advanced Micro Devices (AMD) और Microsoft शामिल हैं। सबसे खास नाम Nvidia का है। फाइलिंग के मुताबिक, दुनिया की सबसे बड़ी AI चिप कंपनियों में शामिल Nvidia प्राइवेट प्लेसमेंट के तहत Anthropic के 10 अरब डॉलर के शेयर खरीदने वाली है।

आज Nasdaq पर होगी लिस्टिंग, ANT होगा स्टॉक सिंबल

Anthropic के शेयर 19 नवंबर को Nasdaq Global Select Market पर ट्रेडिंग शुरू करने वाले हैं। कंपनी ने अपने शेयर के लिए ANT स्टॉक सिंबल चुना है। इस IPO की अगुवाई Goldman Sachs और Morgan Stanley ने की है। इनके अलावा 20 अन्य बैंक भी इस इश्यू में शामिल हैं। यह लिस्टिंग ऐसे समय हो रही है, जब अमेरिकी टेक शेयरों पर दबाव है। बुधवार तक पिछले एक सप्ताह में Nasdaq 100 इंडेक्स 4.4% गिर चुका था। Nvidia के शेयर भी लगातार पांचवें कारोबारी सत्र में गिरावट के साथ बंद हुए थे।

Yateendra Lawaniya
यतींद्र लवानियाauthor

प्रिंट और डिजिटल मीडिया में बिजनेस एवं इकोनॉमी कैटेगरी में 10 वर्षों से अधिक का अनुभव। पिछले 7 वर्षों से शेयर बाजार, कॉरपोरेट सेक्टर और आर्थिक नीतियों से जुड़ी खबरों पर विशेष पकड़। लेखन में केवल हेडलाइन तक सीमित न रहकर आंकड़ों, नीतिगत फैसलों और कॉरपोरेट दावों के पीछे की वास्तविक तस्वीर को बैलेंस्ड और आसान शब्दों में पाठकों तक पहुंचाने का प्रयास। वर्तमान में Times Now Hindi के लिए बाजार की हर हलचल और आर्थिक घटनाक्रम पर नजर बनाए हुए हैं।

और पढ़ें
End of Article